Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   'Indian Ocean must connect, not divide nations': NSA Ajit Doval at Colombo Security Conclave in Maldives

'समुद्र देशों को जोड़े, बांटे नहीं': मालदीव में कोलंबो सुरक्षा संवाद, शामिल हुए एनएसए डोभाल; क्या संदेश दिया?

Wed, 25 Nov 2026 01:24 PM IST
निर्मल कांत एएनआई, माले (मालदीव)।
एएनआई, माले (मालदीव)। Published by: निर्मल कांत Updated Wed, 25 Nov 2026 01:24 PM IST
सार

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने मालदीव में हिंद महासागर के देशों से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि समुद्र देशों को जोड़ने का माध्यम बने, बांटने का नहीं। डोभाल ने क्षेत्रीय सुरक्षा, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि के लिए क्या संदेश दिया? पढ़िए इस रिपोर्ट में। 

विज्ञापन
'Indian Ocean must connect, not divide nations': NSA Ajit Doval at Colombo Security Conclave in Maldives
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, अजीत डोभाल - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक/एएनआई

विस्तार

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने बुधवार को हिंद महासागर के आसपास के देशों के साझा समुद्री और सभ्यतागत संबंधों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समुद्र देशों को जोड़ने का माध्यम बने रहने चाहिए। उन्हें देशों के बीच बंटवारे का कारण नहीं बनना चाहिए।
विज्ञापन


माले में कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की आठवीं बैठक हुई। इसमें अजीत डोभाल ने कहा कि क्षेत्र के देशों के बीच लगातार सहयोग की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इससे समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता और आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित की जा सकेगी।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: इस्राइल का दावा: ईरान बना रहा रासायनिक हथियार; अमेरिका को तेहरान की चेतावनी, क्या बढ़ेगा तनाव?
विज्ञापन
विज्ञापन


अजीत डोभाल ने कहा, 'हिंद महासागर क्षेत्र के हम सभी तटीय देश एक साझा समुद्री क्षेत्र रखते हैं। हम सभ्यता विरासत से भी जुड़े हैं। यह विरासत लंबे समय के इतिहास से बनी है'।  

पुरानी पीढ़ियों की विरासत को कैसे बचाएं?
डोभाल ने कहा कि इतिहास में समुद्र ने समुदायों और देशों को जोड़ा है। उन्होंने भाग लेने वाले देशों से इस विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए बचाए रखने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, 'जैसा कि मालदीव के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने बताया कि हमसे पहले की पीढ़ियों ने हमें यह विरासत दी कि समुद्र हमें जोड़ते हैं। आइए, हम भी अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए ऐसी विरासत और परंपरा छोड़ें, जो उन्हें एक साथ बांधे। समुद्र के जरिये उन्हें अलग न करे'।

कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन की शुरुआत कैसे हुई थी?
डोभाल ने कहा कि नवंबर 2020 में कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन की स्थापना एक साझा विचार के आधार पर हुई थी। इसका मकसद हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा, संरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करना था। 

उन्होंने कहा, 'नवंबर 2020 में कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन की स्थापना हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा, संरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करने के हमारे साझा दृष्टिकोण पर आधारित थी'। उन्होंने कहा कि इस समूह ने काफी प्रगति की है। लेकिन अभी उसे लंबा सफर तय करना है।

भारत इस क्षेत्रीय समूह को कैसे मजबूत करेगा?
डोभाल ने क्षेत्रीय समूह को मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता भी जताई। उन्होंने कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन को भारत की पड़ोसी पहले नीति और व्यापक महासागर दृष्टिकोण से जोड़ा। 

ये भी पढ़ें: संयुक्त राष्ट्र: आतंकियों के हाथ में एआई से दुनिया को खतरा, भारत ने उठाए चार अहम मुद्दे; क्या कहा?

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने कहा, 'भारत के लिए कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन हमारी पड़ोसी प्रथम और महासागर दृष्टिकोण का संगम है। यह सुरक्षा और विकास के क्षेत्रों में आपसी और समग्र प्रगति का प्रतीक है। हम बदलती और गंभीर सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए अपनी सामूहिक क्षमताओं को बढ़ाने के वास्ते सम्मेलन के देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं'।

भारत ने सहयोगी देशों को क्या भरोसा दिया?
डोभाल ने भाग लेने वाले देशों को भारत के लगातार समर्थन का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि साझा उद्देश्यों को पूरा करने के लिए भारत जरूरी सहायता देगा।

उन्होंने कहा, 'मैं यहां मौजूद आप सभी को भरोसा दिलाता हूं कि भारत यहां के साझेदार देशों में से एक के रूप में और कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन की पहल करने वाले देशों में से एक के रूप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेगा। हम हर जरूरी मदद और सहायता देने की कोशिश करेंगे। हम अपने साझा उद्देश्यों को हासिल करने के लिए अपनी पूरी प्रतिबद्धता का भरोसा दिलाते हैं'।

मालदीव की मेजबानी पर क्या कहा?
डोभाल ने बैठक की मेजबानी के लिए मालदीव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हिंद महासागर की रणनीतिक अहमियत को लेकर शुरू हुआ विचार अब एक व्यवस्थित क्षेत्रीय मंच बन गया है।

उन्होंने कहा, 'यह मेरे लिए गर्व का क्षण है कि मैं यहां मौजूद हूं और मालदीव सरकार के शानदार आतिथ्य का आनंद ले रहा हूं। मैं विशेष रूप से मालदीव के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार का आभारी हूं। उन्होंने इस सम्मेलन के लिए बेहतरीन व्यवस्था की है। साथ ही हमें अपने विचार और राय साझा करने का अवसर दिया है'।

हिंद महासागर क्यों है इतना अहम?
डोभाल ने कहा कि हिंद महासागर केवल क्षेत्र के देशों की राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक समृद्धि के लिए ही अहम नहीं है। यह वहां के लोगों के हितों और कल्याण की रक्षा के लिए भी जरूरी है।

उन्होंने कहा, 'हमने एक बहुत ही शुरुआती विचार के साथ शुरुआत की थी कि हिंद महासागर हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अहम है। यह हमारी आर्थिक समृद्धि के लिए भी जरूरी है। यह मानवीय पहलू के लिए भी अहम है। इसका मतलब है कि इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों के हितों का ध्यान रखना'। 

डोभाल ने अगस्त 2024 में कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन के घोषणापत्र और सचिवालय की स्थापना से जुड़े समझौता ज्ञापन को अपनाए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने समूह को संस्थागत रूप देने की दिशा में हुई प्रगति का स्वागत किया।

उन्होंने सम्मेलन के सचिवालय के नेतृत्व से जुड़े एडमिरल घोरमडे की भी सराहना की। डोभाल ने उन्हें अपने करियर के दौरान जानने वाले सबसे बेहतरीन पेशेवरों में से एक बताया।

सचिवालय की स्थापना से जुड़े दस्तावेजों पर कब हुए हस्ताक्षर?
कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन के सदस्य देशों ने 30 अगस्त 2024 को घोषणापत्र और सचिवालय की स्थापना से जुड़े समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे। यह समारोह श्रीलंका सरकार की मेजबानी में कोलंबो में हुआ था।


डोभाल ने भारत की ओर से इन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए थे। मालदीव के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार इब्राहिम लतीफ, श्रीलंका में मॉरीशस के उच्चायुक्त हेमंडोयाल डिल्लम और श्रीलंका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सगला रत्नायके ने भी अपने-अपने देशों की ओर से हस्ताक्षर किए थे।

कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन के पांच प्रमुख क्षेत्र कौन से हैं?
कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन का उद्देश्य सदस्य देशों के साझा हितों से जुड़ी सीमापार चुनौतियों और खतरों से निपटकर क्षेत्रीय सुरक्षा को बढ़ावा देना है।

इसमें सहयोग के पांच प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं-
  1. समुद्री सुरक्षा और संरक्षा।
  2. आतंकवाद और कट्टरपंथ का मुकाबला।
  3. तस्करी और सीमापार संगठित अपराध से निपटना।
  4. साइबर सुरक्षा और अहम बुनियादी ढांचे तथा तकनीक की रक्षा।
  5. मानवीय सहायता और आपदा राहत।

मालदीव के रक्षा मंत्री से कब हुई मुलाकात?
इससे पहले मंगलवार को डोभाल ने बैठक से इतर मालदीव के रक्षा और राष्ट्रीय सेवा मंत्री हसन रशीद से मुलाकात की थी। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय रक्षा और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने आपसी हित के मुद्दों पर भी विचार साझा किए।

बैठक में कौन-कौन से देश शामिल हुए?
कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की परिषद की आठवीं बैठक मालदीव में 24 से 26 नवंबर तक हो रही है। इसमें शामिल देश हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा सहयोग पर चर्चा कर रहे हैं। बैठक में भारत, बांग्लादेश, मालदीव, मॉरीशस, श्रीलंका और सेशेल्स शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed