Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   India stresses human oversight in AI use during conflicts, flags risks of misuse at UN

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद: एआई से युद्ध का तरीका बदल रहा; भारत ने गिनाए चार बड़े खतरे, क्या हैं चिंताएं?

Wed, 25 Nov 2026 08:05 AM IST
निर्मल कांत एएनआई, न्यूयॉर्क।
एएनआई, न्यूयॉर्क। Published by: निर्मल कांत Updated Wed, 25 Nov 2026 08:05 AM IST
सार

संयुक्त राष्ट्र में एआई के गलत इस्तेमाल पर गंभीर चिंता जताई। तकनीक के फायदे गिनाने के साथ इसके खतरों को लेकर भी आगाह किया। भारत ने एआई को लेकर दुनिया को क्या चेतावनी दी और मानवीय निगरानी पर इतना जोर क्यों दिया? पढ़िए इस रिपोर्ट में। 

विज्ञापन
India stresses human oversight in AI use during conflicts, flags risks of misuse at UN
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी - फोटो : ANI

विस्तार

भारत ने संघर्ष के दौरान नई तकनीकों के सकारात्मक इस्तेमाल पर जोर दिया है। भारत ने खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर अपनी बात रखी। उसने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल करते समय मानव-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है। तकनीक के इस्तेमाल में मानवीय समझ और निगरानी सबसे अहम रहनी चाहिए।
विज्ञापन

  
मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में उच्च स्तरीय खुली बहस हुई। यह बहस लातविया ने आयोजित की थी। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने कहा, तकनीक में तेजी से प्रगति हो रही है। इसका असर संघर्षों की प्रकृति पर पड़ रहा है। इससे अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा का माहौल भी बदल रहा है।
विज्ञापन

 
तकनीक से संघर्षों का स्वरूप कैसे बदल रहा है?
'तेजी से बदलते तकनीकी दौर में संघर्ष समाधान' विषय पर पर्वतनेनी ने चार अहम बातें रखीं। उन्होंने बताया कि संघर्षों में नई तकनीकों की बढ़ती भूमिका को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय को किन बातों पर ध्यान देना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने कहा, 'तकनीक में तेजी से हो रही प्रगति संघर्षों की प्रकृति और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के माहौल को बुनियादी रूप से बदल रही है। एआई, स्वायत्त प्रणालियां और नई डिजिटल तकनीकें अभूतपूर्व अवसर पेश करती हैं। लेकिन इनके साथ नई कमजोरियां और जोखिम भी पैदा होते हैं। ये जोखिम संघर्ष के हर चरण में सामने आ सकते हैं। सैन्य, खुफिया और नागरिक क्षेत्रों में एआई का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। इसने अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के परिदृश्य को बुनियादी रूप से बदल दिया है'।

ये भी पढ़ें: चीन ने रचा इतिहास: तियांगोंग स्टेशन के लिए रवाना हुआ शेनझोउ-24, तीन अंतरिक्ष यात्रियों में पाकिस्तानी भी शामिल

तकनीक का मकसद क्या होना चाहिए?
भारतीय राजदूत ने कहा, तकनीक इंसानों पर केंद्रित होनी चाहिए। इसे शांति का साधन बनना चाहिए। इसका इस्तेमाल इंसानों के तय किए गए लक्ष्यों को पूरा करने के लिए होना चाहिए। तकनीक खुद में लक्ष्य नहीं होनी चाहिए।

पर्वतनेनी ने कहा, 'तकनीक इंसानों के तय किए गए उद्देश्यों और लक्ष्यों को हासिल करने का साधन है। यह अपने आप में लक्ष्य नहीं है'।

उन्होंने कहा, 'संघर्ष की स्थिति में नई तकनीकें सकारात्मक भूमिका निभा सकती हैं। इनसे शुरुआती चेतावनी देने वाली व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा सकता है। हालात की बेहतर जानकारी मिल सकती है। मध्यस्थता में मदद मिल सकती है। शांति अभियानों को ज्यादा सुरक्षित और असरदार भी बनाया जा सकता है।'

उन्होंने आगे कहा कि एआई से चलने वाले विश्लेषण के उपकरण मददगार हो सकते हैं। उपग्रहों से मिलने वाली तस्वीरें भी उपयोगी हैं। डिजिटल मंच भी मदद कर सकते हैं। इनसे संयुक्त राष्ट्र संकटों का पहले से अनुमान लगा सकता है। वह संकटों से अधिक प्रभावी ढंग से निपट सकता है।

तकनीक का इस्तेमाल जिम्मेदारी से हो
पर्वतनेनी ने दूसरी अहम बात बताई। उन्होंने कहा, 'संघर्ष के दौरान नई तकनीकों का इस्तेमाल जिम्मेदारी से होना चाहिए। यह मानव-केंद्रित होना चाहिए। देशों की संप्रभुता का सम्मान करना चाहिए। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप होना चाहिए'।

उन्होंने कहा, 'सुरक्षा के लिए तकनीक का इस्तेमाल हर क्षेत्र और हर स्तर पर किया जाना चाहिए। इसका इस्तेमाल नागरिकों, शांति सैनिकों और मानवीय सहायता कर्मियों की सुरक्षा के लिए होना चाहिए'।

घातक स्वचालित हथियारों पर क्या कहा?
भारतीय राजदूत ने घातक स्वचालित हथियार प्रणालियों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इनके इस्तेमाल से कानूनी और नैतिक सवाल पैदा होते हैं। भारत इन सवालों पर चर्चा के लिए प्रतिबद्ध है। इस सम्मेलन का मकसद सैन्य जरूरतों और मानवीय विचारों के बीच संतुलन बनाने का प्रयास करना है। 

उन्होंने कहा, 'हथियार प्रणाली के संचालन के संदर्भ और उसकी विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए मानवीय फैसले और निगरानी जरूरी बनी रहती है। ऐसी प्रणालियों के इस्तेमाल की जिम्मेदारी हमेशा इंसानों की ही होनी चाहिए'।
  
आतंकियों और गैर-सरकारी समूहों से क्या खतरा?
तीसरी अहम बात में परवथनेनी ने नई तकनीकों के दुरुपयोग का मुद्दा उठाया। उन्होंने खास तौर पर आतंकवादी समूहों और गैर-सरकारी तत्वों की ओर से एआई के गलत इस्तेमाल पर चिंता जताई।

उन्होंने कहा, 'एआई से जुड़े जोखिम वास्तविक हैं। हमें बिना किसी हिचकिचाहट के इनसे निपटना चाहिए। आतंकवादियों और गैर-राज्य तत्वों की ओर से इन नई तकनीकों के दुरुपयोग की आशंका गंभीर चिंता का विषय है। एआई के जरिये अधूरे, गलत या जानबूझकर बदले गए आंकड़े निर्णय लेने की प्रक्रिया को कमजोर कर सकते हैं'।

भारत ने डिजिटल सुरक्षा के लिए क्या किया?
भारतीय राजदूत ने भारत के डिजिटल बुनियादी ढांचे और साइबर सुरक्षा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत ने नई तकनीकों के क्षेत्र में काफी प्रगति की है। देश में जरूरी सूचना ढांचे की सुरक्षा पर ध्यान दिया गया है। आवश्यक नागरिक सेवाएं लगातार जारी रहें, इसके लिए भी प्रयास किए गए हैं।

उन्होंने कहा, 'देश के भीतर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और उससे जुड़े नियम मजबूत सुरक्षा देते हैं। ये अनधिकृत पहुंच को रोकते हैं। आंकड़ों से छेड़छाड़ के खिलाफ सुरक्षा देते हैं। कंप्यूटर प्रणालियों में बाधा डालने से भी बचाते हैं। सशस्त्र संघर्ष के दौरान भी ये सुरक्षा उपाय प्रासंगिक बने रहते हैं'।

क्या तकनीक से देशों के बीच असमानता बढ़ सकती है?
चौथी अहम बात में पर्वतनेनी ने देशों के बीच बढ़ती तकनीकी असमानता का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि तकनीकी बदलाव से पहले से मौजूद असमानताएं और गहरी नहीं होनी चाहिए। खासकर विकसित देशों और वैश्विक दक्षिण के देशों के बीच अंतर नहीं बढ़ना चाहिए।

ये भी पढ़ें: 'पत्नी से बात करना था सबसे मुश्किल': एनवीडिया सीईओ जेनसन ने कर्मचारियों के सामने मानी गलतियां, और क्या कहा?

उन्होंने कहा, 'हम तकनीक से वंचित रखने की उभरती प्रवृत्तियों को लेकर चिंतित हैं। तकनीक का इस्तेमाल रणनीतिक बढ़त हासिल करने के लिए भी किया जा रहा है। इसके लिए निर्यात नियंत्रण और लाइसेंस व्यवस्था का सहारा लिया जा रहा है। एक प्रवृत्ति यह भी है कि वैश्विक दक्षिण के देशों को केवल उपभोक्ता माना जाता है। उन्हें इस बात में कोई भूमिका या हिस्सेदारी नहीं दी जाती कि एआई जैसी नई तकनीकें कैसे विकसित होंगी, उनका नियमन कैसे होगा और उनका इस्तेमाल कैसे किया जाएगा'।

एआई से सामाजिक भेदभाव बढ़ने का खतरा
परवथनेनी ने एआई प्रणालियों से जुड़ी एक और चिंता बताई। उन्होंने कहा कि ये प्रणालियां समाज में पहले से मौजूद भेदभाव को आगे बढ़ा सकती हैं। उन्होंने जोर दिया कि तकनीकी विकास से इंसानी गरिमा को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए।


उन्होंने कहा, 'एआई प्रणालियां अनजाने में लिंग, भाषा और सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से जुड़े भेदभाव को आगे बढ़ा सकती हैं। एआई को इंसानों को केवल आंकड़ों या कच्चे माल तक सीमित नहीं करना चाहिए'।

तकनीक के नियमन में सभी देशों की भागीदारी जरूरी
उन्होंने कहा कि भारत तकनीक के नियमन को लेकर अंतरराष्ट्रीय सहयोग का समर्थन करता है। यह सहयोग सभी देशों को साथ लेकर होना चाहिए। इसमें संयुक्त राष्ट्र की भूमिका भी अहम है। हालांकि, देशों की अपनी प्राथमिकताओं का ध्यान रखना जरूरी है। उनकी विकास संबंधी जरूरतों को भी समझना चाहिए।

उन्होंने कहा, बहुपक्षीय व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। खासकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार जरूरी है। उन्होंने कहा कि परिषद में स्थायी और अस्थायी, दोनों तरह के सदस्यों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। इससे आज की वास्तविकताओं को बेहतर तरीके से दिखाया जा सकेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed