Russia-Ukraine: उत्तर कोरिया के रूस के साथ आने पर अमेरिका की चेतावनी, कहा- यूक्रेन इस्तेमाल करेगा हमारे हथियार
Ukraine-Russia war: अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन ने चेतावनी दी है कि यूक्रेन युद्ध में उत्तर कोरिया अगर रूस की तरफ से शामिल होता है, तो कीव पर अमेरिकी हथियारों के इस्तेमाल की रोक नहीं लगाई जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पिछले कई दिनों से लगातार खबरें आ रही है कि, रूस-यूक्रेन युद्ध में उत्तर कोरियाई सैनिकों को उतारा जा सकता है। हालांकि रूस इन आरोपों का खंडन करता रहा है। नाटो का कहना है कि रूस की ओर से 10000 उत्तर कोरियाई सैनिक युद्ध में शामिल होने के लिए जा रहे हैं। अब इस मामले में अमेरिका की ओर से भी चेतावनी जारी की गई है।
अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन ने चेतावनी दी है कि यूक्रेन युद्ध में उत्तर कोरिया अगर रूस की तरफ से शामिल होता है, तो कीव पर अमेरिकी हथियारों के इस्तेमाल की रोक नहीं लगाई जाएगी। पेंटागन ने सोमवार को यह चेतावनी नाटो के उस बयान के बाद जारी की है, जिसमें उसने रूस में उत्तर कोरिया के सैनिकों की मौजूदगी की पुष्टि की थी। उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) महासचिव मार्क रूट ने दक्षिण कोरियाई प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद यह बयान दिया था।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि यह घटनाक्रम बहुत खतरनाक है। पेंटागन ने अनुमान लगाया है कि पूर्वी रूस में प्रशिक्षण के लिए 10 हजार उत्तर कोरियाई सैनिकों को तैनात किया गया है। पेंटागन की प्रवक्ता सबरीना सिंह ने कहा, इन सैनिकों का एक हिस्सा पहले ही यूक्रेन के करीब पहुंच चुका है। हमारी चिंता बढ़ती जा रही है कि रूस इन सैनिकों का उपयोग युद्ध में या यूक्रेन की सीमा के निकट रूस के कुर्स्क ओब्लास्ट में यूक्रेनी सेना के विरुद्ध अभियानों में सहायता के लिए करना चाहता है।
उधर, उत्तर कोरिया की आधिकारिक कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने कहा कि विदेश मंत्री चोई सोन हुई के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को रूस के लिए रवाना हुआ है। हालांकि, उसने इस यात्रा के उद्देश्य के बारे में कुछ भी नहीं बताया।
रूस ने दो यूक्रेनी शहरों सेलीडोव व हिरनिक पर किया कब्जा
रूस ने पूर्वी यूक्रेन के दो शहरों पर कब्जे का दावा किया है। इसके साथ ही संकेत मिल रहे हैं कि रूसी सेनाएं कम से कम एक साल में सबसे तेज गति से आगे बढ़ रही हैं। रूस ने मंगलवार को कहा कि उसकी सेनाओं ने सेलीडोव शहर पर कब्जा कर लिया है। युद्ध से पहले इस शहर की आबादी 20 हजार थी। रूस इस शहर पर कब्जे के लिए पिछले हफ्ते से हमले तेज कर दिए थे। रूसी रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलौसोव ने बताया कि उनके देश की सेना ने हिरनिक शहर पर कब्जा कर लिया है। सेलीडोव से 12 किलोमीटर दूर इस शहर की आबादी युद्ध से पहले 10 हजार थी। यूक्रेनी सेना ने रूसी दावों पर सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की। हालांकि, उसने पिछले 24 घंटों के दौरान पोक्रोवस्क मोर्चे पर 31 झड़पों की सूचना दी, जिसमें सेलीडोव के पास संघर्ष भी शामिल है।
खार्कीव पर हमले में क्षतिग्रस्त हुआ ऐतिहासिक भवन
इस बीच, रूस की ओर से यूक्रेन के दो बड़े शहर कीव व खार्कीव पर मिसाइल, ड्रोन व बम से हमले किए गए, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई तथा 15 लोग घायल हो गए। हमले में आसपास के लगभग 20 घरों को भी नुकसान हुआ है। इनमें ऐतिहासिक इमारत डेरजप्रोम भी शामिल है, जिसका अधिकांश हिस्सा नष्ट हो गया। 1920 में निर्मित यह भवन खार्कीव के सर्वाधिक प्रसिद्ध स्थलों में शुमार है, यूक्रेन के दूसरे शहर में सबसे प्रसिद्ध स्थलों में से एक है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.