नवाज को पाकिस्तान भेजने से इनकार, प्रवक्ता ने कहा- हृदय बीमारी की ब्रिटेन में होनी है सर्जरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की ब्रिटेन में सर्जरी होनी है, जिसके चलते उन्हें यात्रा करने की इजाजत नहीं है। यह जानकारी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के एक प्रवक्ता ने दी है। डॉक्टर का कहना है कि नवाज शरीफ हृदय संबंधी कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं और उन्हें मायोकार्डियम का खतरा है जिसके लिए उनकी सर्जरी होनी है।
ब्रिटेन में पीएमएल-एन के प्रवक्ता ने सोमवार को कहा कि मियां साहिब इलाज कराने के लिए यहां हैं और यहां उनकी सर्जरी होनी है। नवाज शरीफ की देश वापसी के लिए पाकिस्तान की तरफ से किए जा रहे दावों के संबंध में उन्होंने कहा कि वह यहां इलाज के लिए यात्रा वीजा पर आए हैं। उन्हें ब्रिटेन सरकार को नहीं सौंपा गया है।
तीन बार प्रधानमंत्री रहे 70 साल के नवाज शरीफ को पिछले साल लाहौर हाईकोर्ट ने चिकित्सीय आधार पर चार हफ्तों के लिए विदेश जाने की अनुमति दी थी। जिसके बाद वह पिछले साल नवंबर में इलाज के लिए लंदन गए थे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी रेस्तरां में खाना खाने वाली तस्वीर
लेकिन हाल ही में उनकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसमें वह एक रेस्तंरा में खाना खाते दिख रहे थे। इसके बाद विपक्षी पार्टियों ने इस मुद्दे पर इमरान सरकार की जमकर आलोचना की थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि पाकिस्तान नवाज शरीफ के निर्वासन के लिए ब्रिटेन की सरकार से अनुरोध करेगा। साथ ही अधिकारी ने आरोप लगाया कि देश से फरार पूर्व प्रधानमंत्री लंदन में रहकर अपनी बीमारी का बहाना बना रहे हैं।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के विशेष सलाहकार फिरदौस आशिक अवान ने 70 वर्षीय पूर्व प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य पर संदेह जताते हुए कहा कि पिछले तीन महीनों में शरीफ की ना तो दिल की सर्जरी हुई ना ही वह किसी आपात स्थिति में अस्पताल में भर्ती हुए हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की तबीयत पिछले साल बिगड़ी तो उपचार के लिए उन्हें आगा खान यूनिवर्सिटी ले जाया गया। उस दौरान नवाज शरीफ की पुत्री मरियम ने ट्वीट कर बताया था कि आगा खान यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञों ने मियां नवाज शरीफ की जांच की। रिपोर्ट का अध्ययन किया जा रहा है। उनकी समस्याएं गंभीर हैं और डॉक्टर चिंतित हैं। शरीफ परिवार ने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री इमरान खान की सरकार उन्हें ठीक से चिकित्सा सेवा मुहैया नहीं करवा रही है।