फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Coronavirus in World Live Update Covid 19 cases in Italy Iran China Wuhan US France Pakistan Spain Germany UK Norway South Korea

Corona World LIVE: दुनियाभर में साढ़े तीन लाख से ज्यादा संक्रमित, 16 हजार से ज्यादा की मौत

Tue, 24 Mar 2020 05:22 AM IST
देव कश्यप वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: देव कश्यप Updated Tue, 24 Mar 2020 05:22 AM IST
सार

कोरोना वायरस की चपेट में पृथ्वी के साढ़े तीन लाख से ज्यादा नागरिक आ चुके हैं। इनमें से 16491 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 1 लाख 337 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 11204 की हालत बेहद गंभीर है। भारत सहित विश्व के कई देशों ने बड़े हिस्सों में लॉकडाउन कर दिया है, इस वजह से करीब 100 करोड़ लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल रहे। अकेले यूरोप में कोरोना मरीजों की संख्या डेढ़ लाख के पार हो गई है। वहीं, म्यांमार में भी कोरोना के पहले मामले की पुष्टि हो गई है। यहां पढ़ें दुनियाभर में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट...

विज्ञापन
Coronavirus in World Live Update Covid 19 cases in Italy Iran China Wuhan US France Pakistan Spain Germany UK Norway South Korea
- फोटो : पीटीआई

विस्तार

पूरी दुनिया में कोरोना संक्रमित मामलों की संख्या साढ़े तीन लाख से अधिक

विज्ञापन

पूरी दुनिया में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या तीन लाख 50 हजार से अधिक हो गई है। एएफपी के आंकड़ों के मुताबिक पिछले वर्ष के अंत में महामारी के फैलने के बाद से सोमवार तक इतने मामले सामने आए हैं। पूरी दुनिया में कम से कम तीन लाख 50 हजार 142 संक्रमण और 15,873 मौतें हुई हैं। 

इनमें से अधिकतर मामले चीन (81,093) और इटली (63,927) में सामने आए। हालांकि, आधिकारिक आंकड़े वास्तविक संख्या का कुछ प्रतिशत ही हो सकते हैं क्योंकि कई देश ऐसे मामलों की ही जांच कर रहे हैं जिनमें अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत है।
विज्ञापन


म्यांमार में सामने आया पहला मामला
दुनियाभर में खौफ बरपा रहे कोरोना वायरस ने म्यांमार में भी दस्तक दे दी है। यहां इसके संक्रमण के पहले मामले की पुष्टि हो गई है।

सार्क राष्ट्रों के स्वास्थ्य विशेषज्ञ बृहस्पतिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस करेंगे
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के मद्देनजर अपने अनुभवों को साझा करने के लिए दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी बृहस्पतिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस करेंगे। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन
विज्ञापन


वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रवेश बिंदुओं पर स्क्रीनिंग के तहत विशिष्ट प्रोटोकॉल से निपटने, संपर्क का पता लगाने और पृथक रखे जाने की सुविधाओं आदि पर चर्चा होगी। कोरोना वायरस से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल के बाद 15 मार्च को दक्षेस नेताओं के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंस हुई थी।

इटली में पुलिस ने मृतकों के ऑक्सीजन सिलेंडर रिसाइकिल कर वितरित किए
इटली के  शहर बर्गामो की पुलिस ने कोरोनोवायरस से पीड़ित लोगों के लिए बहुत जरूरी मदद पहुंचाई है। दरअसल, पुलिस ने उन लोगों द्वारा इस्तेमाल किए गए ऑक्सीजन सिलेंडरों को रिसाइकिल कर दोबारा वितरण किया है, जो इस महामारी से बच नहीं पाए। 

उत्तरी लोंबार्डी क्षेत्र में, बर्गामो, अब 6,000 से अधिक संक्रमणों के साथ इटली का कोरोना वायरस संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित प्रांत है। अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ के बीच कई मरीज घर पर ही रखे जा रहे हैं, लेकिन उन्हें ऑक्सीजन की सख्त जरूरत होती है। 

बर्गामो पुलिस ने बताया कि रविवार और सोमवार को उन्होंने लोगों के घरों से जिनकी हाल ही में मृत्यु हुई थी या फार्मेसियों से  250 से ज्यादा खाली ऑक्सीजन सिलेंडर बरामद किए थे। इन्हें तुरंत रिफिलिंग के लिए ले जाया गया और 250 बीमार लोगों के पास पहुंचाया गया।

यूरोपीय देशों में मृतकों की संख्या 10 हजार के पार
समातार एजेंसी एएफपी के मुताबिक यूरोप में कोरोना वायरस की वजह से होने वाली मौतों की संख्या 10 हजार से ऊपर चली गई है। 

फ्रांस में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 860 हुई 
फ्रांस में कोरोना वायरस से 186 और लोगों की मौत हो गई है। विदेश मंत्री ने सोमवार को बताया कि इन मौतों के साथ ही देश में इस महामारी से मरने वालों की कुल संख्या 860 हो गई है। फ्रांस के स्वास्थ्य मंत्री आलिवियर वेरान ने कहा कि फ्रांस में 19 हजार 856 लोग पॉजिटिव पाए गए। इनमें से 8675 लोग अस्पताल में भर्ती हैं जिनमें से 2082 की गहन चिकित्सा की जा रही है।

भारत जैसे देशों पर निर्भर है कोरोना का भविष्य : डब्ल्यूएचओ
डब्ल्यूएचओ को निदेशक डॉ. माइकल जे रायन ने कहा है कि कोरोना वायरस का भविष्य में कैसा असर रहेगा यह बड़ी जनसंख्या वाले देशों की कार्रवाई पर तय होगा। उन्होंने कहा, 'चीन की तरह भारत बहुत बड़ी जनसंख्या वाला देश है और इसके दूरगामी परिणाम इस बात पर निर्भर करेंगे कि बड़ी जनसंख्या वाले देश इसे लेकर क्या कदम उठाते हैं। यह बहुत जरूरी है कि भारत जन स्वास्थ्य के स्तर पर आक्रामक फैसले लेना जारी रखे।'

उन्होंने कहा, भारत ने स्मॉल पॉक्स और पोलियो के उन्मूलन में दुनिया का नेतृत्व किया। भारत में जबरदस्त क्षमता है, सभी देशों में जबरदस्त क्षमता है जब समुदायों और नागरिक समाजों को जुटाया जाता है।

यह समय एकजुट होने का : .यूएन महासचिव
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा, 'मैं दुनिया के हर कोने से एक तत्काल वैश्विक सीजफायर का आह्वान करता हूं। यह समय बाकी विवादों को परे रखकर असली जीवन की लड़ाई पर ध्यान देने और लड़ाई व अविश्वास को खत्म करने का है।'

छह भारतीय दुबई हवाईअड्डे पर पांच दिन से फंसे
दुबई हवाईअड्डे पर छह भारतीय बीते पांच दिनों से फंसे हुए हैं। उन्हें भारत द्वारा वायरस संक्रमण रोकने के लिए यात्रा रोक की वजह से कनेक्टिंग उड़ान नहीं मिल रही है। ये लोग 18 मार्च को यूरोप के अलग अलग देशों से दुबई पहुंचे थे। उन्हें दिल्ली के लिए निकलना था, लेकिन उसी दिन यूरोप से सभी यात्रियों के भारत आने पर रोक लगा दी गई। तभी से वे टर्मिनल 3 में फंसे हैं। इनमें से तीन पंजाब और एक राजस्थान से हैं। 

वहीं, दिल्ली से दीपक गुप्ता और हिमाचल से अजमेर सिंह भी इनमें शामिल हैं। दुबई में भारत के राजदूत नीरज अग्रवाल ने बताया कि वे हालात से वाकिफ हैं, लेकिन फिलहाल वे उन्हें भारत नहीं भेज सकते। हवाईअड्डे के होटल भरे हैं, जिससे ठहरने की व्यवस्था भी संभव नहीं है। क्षेत्रीय प्रशासन से लगातार संपर्क कर उनकी दिक्कतें दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।

नेपाल में दूसरा मामला मिला
नेपाल में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण का दूसरा मामला मिला। 19 साल की यह छात्रा 17 मार्च को फ्रांस से वाया कतर लौटी थी। उसे काठमांडू के अस्पताल में पृथक रखा गया है। उसके परिजनों को एकांतवास में रखा गया है। इससे पहले 24 जनवरी को नेपाल में पहला मामला मिला था जब उसका नागरिक  चीन के वुहान से लौटा था। उसका इलाज हो चुका है।

नेपाल ने भारत और चीन सीमाएं सील की
नेपाल सरकार ने सोमवार से एक हफ्ते के लिए भारत व चीन सीमाएं सील कर दी हैं। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई जारी रखी जाएगी। वित्त मंत्री युबा राज खातीवाड़ा ने बताया कि संक्रमण के नेपाल में फैलने का भारी अंदेशा है, इसलिए यह कदम उठाया गया। नेपाल की भारत के साथ 1800 किमी लंबी सीमा है, जिस पर वाहनों के 37 प्रवेश बिंदु हैं। चीन सीमा पर उसके चार ऐसे बिंदु हैं जहां से वाहन आते-जाते हैं।

नेपाल के कैबिनेट मंत्री देंगे एक महीने का वेतन
नेपाल के सभी कैबिनेट मंत्री एक महीने का वेतन राहत कोष में देंगे। कुछ उद्यमियों ने भी सहयोग की घोषणा की है।

संक्रमितों का इलाज कर रहे 26 साल के पाकिस्तानी डॉक्टर की मौत
पाकिस्तान कब्जे वाले कश्मीर के गिलगित क्षेत्र में कोरोना वायरस से 26 साल के पाकिस्तानी डॉ. उस्मा रियाज की मौत हो गई है। वे ईराक व ईरान से लौटे मरीजों का इलाज कर रहे थे। शुक्रवार को काम से लौटने के बाद उन्होंने अगले दिन उठने की कोशिश की, लेकिन उठ नहीं पाए। उन्हें तुरंत सेना के अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। वे वेंटीलेटर पर थे और रविवार को दम तोड़ दिया। 

यहां के अधिकारियों ने उनकी मौत को लोगों की सेवा करते हुए दी गई कुर्बानी बताया। यह पाकिस्तान में पहले डॉक्टर की मौत है। लेकिन डॉक्टरों के संगठनों ने इसे सरकार व स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से हुई मौत बताया। इस क्षेत्र में अब तक 55 मामले मिल चुके हैं। पाकिस्तान में कुल 804 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से सात की मौत हुई है। 225 संक्रमित पंजाब, 104 बलूचिस्तान, 71 गिलगित बाल्टिस्तान, 31 खैबर-पख्तूनख्वा और 15 इस्लामाबाद के हैं।

पाकिस्तान दिवस पर सादा आयोजन
23 मार्च 1940 को मुस्लिग लीग ने अलग देश की मांग की थी, इस दिन को पाकिस्तान दिवस के रूप में मनाया जाता है। वायरस की वजह से यहां सादा आयोजन हुआ। सभी रंगारंग  कार्यक्रम रद कर दिए गए। रविवार को इमरान खान ने देश को लॉकडाउन करने की मांग यह कहते हुए खारिज की थी कि इससे हंगामा मच जाएगा। हालांकि कुछ राज्य सरकारों ने लॉकडाउन कर दिया।

सऊदी अरब में शाम से सुबह तक 21 दिन का कर्फ्यू
संक्रमण रोकने के लिए सऊदी अरब के राजा सलमान ने देश भर में सोमवार से कर्फ्यू का ऐलान किया है, जो शाम सात बजे से सुबह छह बजे तक लागू रहेगा। इसे 21 दिन तक लागू रखा जाएगा। यहां 511 मामले मिले हैं, जो खाड़ी क्षेत्र में मिले 1300 मामलों में सर्वाधिक हैं। स्वास्थ्य कर्मियों को र्फ्यू से राहत दी गई है। इससे पहले इस्लाम की सबसे पवित्र जगहों मक्का और मदीना को छोड़कर पूरे देश की मस्जिदों में नमाज पर रोक लगा दी गई थी।

फेसबुक मैसेंजर के जरिये सवालों के जवाब देने का प्रयास
फेसबुक ने सोमवार को ऐसे डेवलपर्स की सूची बनानी शुरू की जो उसकी मैसेंजर सेवा को कोरोना वायरस से लड़ने में मददगार बना सकें। इसके लिए ऑनलाइन हैकाथॉन आयोजन भी किया जा रहा है। इसमें सामुदायिक-दूरी, सवालों के जवाब देने और सही सूचना के प्रसार को बेहतर बनाने पर सुझाव लिए जा रहे हैं। मैसेंजर के उपाध्यक्ष स्टेन चुडनोवस्की ने सरकारों और संयुक्त राष्ट्र को इस माध्यम पर जोड़ने का कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।

दुष्कर्म में जेल भोग रहा हार्वे भी संक्रमित
मी-टू अभियान की वजह से सामने आए दुष्कर्म व यौन शोषण मामलों में दोषी पाया गया हॉलीवुड का फिल्म प्रोड्यूसर हार्वे विन्स्टीन कोरोना वायरस संक्रमित हो गया है। उसे पिछले महीने ही 23 साल कारावास की सजा मिली थी। उसे वेंड करेक्शनल फेसिलिटी में रखा गया है, जहां दो मामले मिले हैं। हालांकि हार्वे से जुड़े लोगों ने संक्रमण की पुष्टि करने से इनकार किया है।

टॉम हैंक्स और उनकी पत्नी की हालत सुधरी
कोरोना वायरस की चपेट में आए हॉलीवुड के लोकप्रिय कलाकार टॉम हैंक्स ने सोमवार को बताया कि संक्रमण के दो हफ्ते बाद अब उनकी हालत में सुधार आया है। उनकी पत्नी व गीतकार रीटा विल्सन भी बेहतर हैं। 63 साल के हैंक्स ने सामुदायिक-दूरी और विशेषज्ञों के सुझावों का सख्ती से पालन करने का सभी से निवेदन किया।

ऑपरा सिंगर डोमिंगो आए चपेट में
स्पेन के 79 साल के लोकप्रिय ओपरा सिंगर प्लेसिडो डोमिंगो ने फेसबुक पर बताया कि वे कोरोना वायरस संक्रमित हो गए हैं। वे और उनका परिवार एकांतवास में रखा गया है। उन्हें बुखार व खांसी के लक्षण मिले थे। उन्होंने कहा कि उनकी सेहत फिलहाल ठीक है, साथ ही सभी को सचेत रहने के लिए कहा। इससे पहले इदरिस अल्बा, केविन डूरंट, बॉन्ड गर्ल ओल्गा कुरिलेंको, रेचल मैथ्यु, डेनियन डे किम, क्रिस्टोफर हिवजू, एंडी कोहन जैसे सेलिब्रिटी भी वायरस की चपेट में आ चुके हैं। 
 

पाकिस्तान और बांग्लादेश सेना के हवाले

कोरोना वायरस से निपटने के लिए पाकिस्तान सरकार ने सेना के जवानों को इस्लामाबाद, पंजाब, सिंध, खैबर पखतूनख्वा, ब्लोचिस्तान, गिलगिट बाल्टिस्तान और पीओके में तैनात किया है। पाकिस्तान में कोरोना वायरस के 824 मामले सामने आए है, और इससे छह लोगों की मौत हुई है। 

वहीं, बांग्लादेश ने भी कोरोना से निपटने के लिए सख्त कदम उठाने का फैसला कर लिया है। देश में लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए सभी जिलेों में सेना तैनात कर दी गई है। सीमा पर चौकसी भी बढ़ा दी गई है। प्रधानमंत्री शेख हसीना मंगलवार को हालात की समीक्षा करेंगी। देश में 26 मार्च से 4 अप्रैल तक सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है।

पाक कब्जे वाले कश्मीर में क्वारंटीन सेंटर, क्षेत्रीय लोगों का प्रदर्शन
पाकिस्तान अपने वायरस संक्रमित बीमार नागरिकों के लिए अपने कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में क्वारंटीन सेंटर बनाने जा रहा है। इससे नाराज स्थानीय नागरिकों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने यहां के मुख्य सचिव के खिलाफ नारे लगाए। उनका कहना है कि पाकिस्तानी सरकार इस क्षेत्र में वायरस संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ा रही है। इसकी अनुमति नहीं दी जाएगी।

चीन वायरस फैलाने के लिए बना रहा ओबीओआर 
क्षेत्रीय नेताओं ने चीन के वन बेल्ट वन रोड मिशन का भी विरोध शुरू कर दिया है। चीन इस मिशन के तहत यहां चीन-पाकिस्तान आर्थिक कोरिडोर (सीपैक) बना रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने कहा कि चीन यह रोड न केवल गिलगित, बल्कि पूरी दुनिया में कोरोना वायरस फैलाने के लिए बना रहा है। इस निर्माण कार्य में बड़ी संख्या में चीनी मजदूर लगाए गए हैं।

न्यूयॉर्क में एक दिन में 58 की मौत
अमेरिका के न्यूयॉर्क में 114 लोगों की मौत अब तक वायरस संक्रमण से हुई है, इनमें 58 एक ही दिन में मारे गए। यहां के मेयर बिल डे ब्लासियो के अनुसार न्यूयॉर्क अगले 10 दिन में जरूरी चिकित्सा सप्लाई की गंभीर कमी से गुजर सकता है। वहीं उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने बताया कि कुल 2.50 लाख नागरिकों की जांच अब तक हुई है। न्यूयॉर्क के लिए एक हजार बिस्तर, कैलिफोर्निया के लिए दो हजार और वाशिंगटन के लिए एक हजार बिस्तर के बड़े मेडिकल स्टेशन मुहैया करवाने के लिए देश की संघीय आपात प्रबंधन एजेंसी से कहा गया है।

कोरोना से लड़ाई में तकनीकी कंपनियां करेंगी सहयोग
अमेरिका में बनी प्रमुख वैश्विक तकनीकी कंपनियां आईबीएम, अमेजन, गूगल और माइक्रोसॉफ्ट ने व्हाइट हाउस के साथ मिलकर वायरस से लड़ाई के लिए कमर कसी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के सुपर कंप्यूटिंग संसाधनों को इस जंग में खोल दिया जाएगा। यहां के निजी क्षेत्र ने मास्क, वेंटीलेटर व अन्य उपकरणों के उत्पादन व सप्लाई का काम भी शुरू किया है। ट्रंप ने इस सहयोग को असाधारण बताया। निजी संस्थान व कंपनियां देश के राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान के साथ काम करेंगे।

यूएई में अगले 48 घंटे में रद होंगी यात्री उड़ानें
संयुक्त अरब अमीरात ने सोमवार को घोषणा में बताया कि वह सभी यात्री उड़ानों को अस्थायी रूप से रद करने जा रहा है। अगले 48 घंटे में यह रद्दीकरण लागू होगा। इसेदो हफ्ते के लिए बंद किया जाएगा, जिसके बाद समीक्षा होगी। केवल कार्गो और आपात बचाव के लिए उड़ानों की अनुमति होगी। यूएई में शुक्रवार को पहली बार दो लोगों की वायरस संक्रमण से मौत हुई थी। यहां अब तक 150 से अधिक मामले आ चुके हैं।

अफगानिस्तान-तालिबान में स्काइप पर वार्ता
वायरस के डर से अफगानिस्तान व तालिबान के बीच वार्ता वीडियो कॉन्फ्रेंस से हुई। इस दौरान कैदियों की अदला-बदली पर बात हुई। देश में अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि खलीजाद ने बताया कि इसके लिए स्काइब एप का उपयोग किया गया। इस दौरान हिंसा खत्म करने और वार्ता को अफगानियों के बीच ही रखने पर चर्चा हुई।

यूके व आयरलैंड में मैकडोनाल्ड ने बंद किए रेस्त्रां
वायरस के चलते मैकडोनाल्ड ने यूनाटेड किंगडम और आयरलैंड में अपने रेस्त्रां बंद कर दिए हैं। साथ ही जरूरतमंद लोगों को खाना पहुंचाने के लिए भी काम शुरू करने का ऐलान किया है। यूके में अब तक 5683 मामले सामने आ चुके हैं और 281 की मौत हुई है।

कोविड-19 महामारी तेज हो रही : विश्व स्वास्थ्य संगठन
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने सोमवार को आगाह किया कि कोविड-19 महामारी स्पष्ट तौर पर तेज गति से फैल रही है। हालांकि, संगठन ने कहा कि प्रकोप के इस रुख को बदलना संभव है। संगठन के प्रमुख टेड्रॉस गेब्रयासस ने पत्रकारों से कहा, महामारी तेज हो रही है।

उन्होंने कहा, पहले मामले से 100,000 मामले तक पहुंचने में 11 दिन लगे, दूसरे 100,000 मामले पहुंचने में भी 11 दिन लगे और तीसरे 100,000 मामले सिर्फ चार दिनों में सामने आए। लेकिन उन्होंने कहा, हम असहाय नहीं हैं। हम इस महामारी पर जीत हासिल कर सकते हैं।
 

यहां पढ़ें 23 मार्च का अपडेट

Coronavirus in World Live Update Covid 19 cases in Italy Iran China Wuhan US France Pakistan Spain Germany UK Norway South Korea
पाकिस्तान में कोरोना को रोकने के लिए सेना तैनात - फोटो : पीटीआई

कोरोना वायरस का कहर दुनियाभर में बढ़ता ही जा रहा है। इस वायरस की वजह से दुनियाभर में 14 हजार 600 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। दुनियाभर के 180 से ज्यादा देश इस वायरस की चपेट में हैं। इटली, स्पेन, फ्रांस और श्रीलंका के अलावा कई अमेरिकी राज्यों में पूरी तरह लॉकडाउन है। 35 देशों में करीब 90 करोड़ लोग अपने घरों में कैद हैं।



कोरोना अपडेट्स:-

यूएई मे में 25 मार्च से यातायात सेवाओं पर पाबंदी
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सरकार ने कोरोना वायरस के संक्रमण रोकने के लिए सभी यातायात सेवाओं को 25 मार्च से अस्थायी रूप से प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया है। बता दें कि यूएई में फिलहाल 543 कोरोना संक्रमित मरीज हैं।  

सेना के हवाले बांग्लादेश 
भारत से सटे पड़ोसी देश बांग्लादेश ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए सख्त कदम उठाने का फैसला कर लिया है। देश में लॉकडाउन को कामयाब बनाने के लिए हर जिले में सेना तैनात कर दी गई है। सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। प्रधानमंत्री शेख मंगलवार को हालात की समीक्षा करेंगी। देश में 26 मार्च से 4 अप्रैल तक सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है।

नेपाल में 31 मार्च से लॉकडाउन
कोरोना वायरस के संक्रमण से निपटने के लिए नेपाल सरकार ने सोमवार को उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण फैसला लॉकडाउन को लेकर लिया गया। 31 मार्च से पूरे देश में लॉकडाउन लागू होगा। इस दौरान सिर्फ आवश्यक सेवाओं को अलग रखा जाएगा। 

कोरोना से निपटने के लिए पाकिस्तान के प्रमुख क्षेत्रों में सेना तैनात

कोरोना वायरस से निपटने के लिए पाकिस्तान सरकार ने सेना के जवानों को इस्लामाबाद, पंजाब, सिंध, खैबर पखतूनख्वा, ब्लोचिस्तान, गिलगिट बाल्टिस्तान और पीओके में तैनात किया है। पाकिस्तान में कोरोना वायरस के 824 मामले सामने आए है, और इससे छह लोगों की मौत हुई है। 
 

  • स्पेन में मरने वालों की संख्या 2000 के पार
कोरोना वायरस महामारी की वजह से स्पेन में मौत का आंकड़ा 2,182 तक पहुंच गया है। सरकार ने घोषणा की है कि पिछले 24 घंटों में 462 लोगों की जाने जा चुकी है। 
  • आने वाले समय में वैश्विक अर्थव्यवस्था को होगा नुकसान- ओईसीडी
आर्थिक सहयोग और विकास संगठन (ओईसीडी) ने चेतावनी दी है कि कोरोनो वायरस महामारी से उबरने में दुनिया को कई साल लगेंगे। ओईसीडी के महासचिव एंजेल गुरिया ने कहा कि आर्थिक झटका पहले से ही वित्तीय संकट से बड़ा था। यह बात उन्होंने बीसीसी से बातचीत में कहा।
  •  पूरे ब्रिटेन में सोमवार को हजारों फास्ट फूड रेस्तरां बंद 
  • ईरान में महामारी से 127 लोगों की और मौत
एएफपी समाचार एजेंसी के मुताबिक ईरान में कोरोना वायरस से 127 और लोगों की मौत हो गई है, जिसके बाद इस महामारी से मरने वालों लोगों का आंकड़ा 1812 पर पहुंच गया है।
  • ताइवान में क्वारंटीन तोड़ने पर लगा भारी जुर्माना

कोरोन वायरस से संक्रमित मरीजों को क्वारंटीन में रहने के लिए कहा गया है। मगर कई लोग इसका सख्ती से पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे में ताइवान में एक शख्स को क्वारंटीन तोड़ने पर भारी जुर्माना का सामना करना पड़ा है। उस पर 33,000 डॉलर (लगभग 26 लाख) का जुर्माना लगाया गया है। उस पर रात में क्वारंटीन तोड़कर क्ल्ब जाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि वह आदमी दक्षिण पूर्व एशिया से लौटने के बाद दो सप्ताह के लिए क्वारंटीन में था।

टीका लगाने वाला डॉक्टर पॉजिटिव, जर्मन चांसलर मर्केल क्वारंटीन
कोरोना वायरस के खौफ के चलते जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल को क्वारंटीन होना पड़ा है। हालांकि, अभी उनकी जांच नहीं हुई है। दरअसल, उन्होंने हाल ही में किसी डॉक्टर से टीका लगवाया था। बाद में पता चला कि वह डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव था। इसकी जानकारी मिलते ही मर्केल एकांतवास में चली गईं। रविवार को कोरोना से बचाव के लिए उठाए जरूरी कदमों की जानकारी देने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहीं मर्केल को उसके ठीक बाद डॉक्टर के पॉजिटिव होने की जानकारी दी गई।

 
  • जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा है कि कोरोनो वायरस की महामारी के कारण टोक्यो ओलंपिक को स्थगित करना अनिवार्य हो सकता है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति पर बढ़ते दबाव के बाद उन्होंने सोमवार को माना कि कोविड-19 से खतरे को देखते हुए ओलंपिक को स्थगित करने पर फैसला किया जा सकता है।

  • कोरोना वायरस महामारी के कारण दुनियाभर में 14,616 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, चीन में सोमवार तक 89 फीसदी मरीज ठीक हो चुके हैं। चीन में पहला मामला दिसंबर में सामने आया था। तब से अब तक देश में संक्रमण के 81,093 केस सामने आ चुके हैं। अब तक 72,703 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। इस समय 5,129 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। चीन में अब तक 3,270 लोगों की जान जा चुकी है। चीन के हेल्थ कमीशन ने सोमवार को यह जानकारी दी।
  • न्यूजीलैंड में पिछले 48 घंटे में कोरोना के मामलों में दोगुनी वृद्धि हुई है। सरकार बुधवार से लॉकडाउन की तैयारियों में जुट गई है। स्कूल, व्यवसायों और सामुदायिक सेवाओं में लगे लोगों को तैयारियों के लिए दो दिन का समय दिया गया है। देश में कोरोना के मामलों की संख्या 102 से ज्यादा हो गई है।

  • अमेरिका में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 34,000 तक पहुंच गई है और 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हर तीन अमेरिकी लोगों में से एक को घर के भीतर रहने को कहा गया है। 
  • कोविड-19 के नए मामलों के आंकड़े रखने वाली वेबसाइट वर्ल्डोमीटर ने बताया कि रविवार शाम तक केंटुकी से रिपब्लिकन सांसद रेंड पॉल समेत 33,546 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित थे। वहीं मृतकों की संख्या बढ़कर 419 हो गई है।
  • इसी बीच व्हाइट हाउस में एक संवाददाता सम्मेलन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क, कैलिफोर्निया और वाशिंगटन की कोरोना वायरस से बेहद प्रभावित स्थलों के रूप में पहचान की। राष्ट्रपति ने न्यूयॉर्क में नेशनल गार्ड की तैनाती को भी मंजूरी दे दी।   
  • चीन में सोमवार को स्थानीय स्तर पर जानलेवा कोरोना वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया, लेकिन विदेशों से संक्रमित होकर आने वाले लोगों की संख्या 39 और बढ़ गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि वायरस से नौ और लोगों की मौत हुई है और ये सभी मौत सर्वाधिक प्रभावित वुहान में हुई।
  • हॉलीवुड फिल्म निर्माता हार्वे वीनस्टीन को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। अमेरिकी मीडिया ने यह खबर दी है। दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न के दोष में वीनस्टीन को 23 साल कैद की सजा सुनाई गई है और वह फिलहाल उत्तरी न्यूयॉर्क प्रांत की जेल में है। वीनस्टीन के प्रवक्ता ने इस विषय पर मीडिया की खबर पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। 
  • रेंड पॉल कोरोना वायरस से संक्रमित पहले अमेरिकी सांसद: अमेरिका में केंटकी के सांसद रेंड पॉल ने कहा है कि जांच में वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। रिपब्लिकन सांसद पॉल कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले अमेरिकी सीनेट के पहले सदस्य हैं। उन्होंने रविवार को ट्वीट किया कि वह अच्छा महसूस कर रहे हैं और पृथक हैं।
  • अमेरिका में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के कारण 100 से अधिक लोगों की मौत
  • सक्रिय मामलों में अमेरिका दूसरे नंबर पर : कुल 26382 सक्रिय मामलों के साथ अमेरिका विश्व में दूसरा सर्वाधिक संक्रमितों देश बन चुका है। उसने केवल 178 रोगियों का इलाज किया है। वहीं चीन में 5353 सक्रिय मामले ही बचे हैं, वह 72440 का इलाज कर चुका है और 3261 की मौत हुई।
  • स्पेन में सर्वाधिक नए मामले : स्पेन में 3076 नए मामले मिले जो विश्व में सर्वाधिक है। यहां 1753 की मौत और 2125 के इलाज के बाद 24694 सक्रिय मामले हैं जो तीसरे सर्वाधिक हैं। इटली में अभी विश्व के सर्वाधिक 42681 सक्रिय मामले हैं।
  • ट्रंप ने ऑटोमोबाइल कंपनियों से कहा, वेंटीलेटर बनाकर दिखाओ : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फोर्ड, जनरल मोटर्स व टेस्ला ऑटोमोबाइल कंपनियों को वेंटीलेटर व अन्य उपकरण बनाने की अनुमति दी है। उन्हें प्रेरित करते हुए ट्वीट किया, ‘दिखा दो आप कितना अच्छा काम कर सकते हो।’
  • ब्रिटेन के शाही महल का एक कर्मचारी का टेस्ट पॉजिटिव मिला।
  • हॉलीवुड अभिनेत्री सोफिया माइल्स के पिता की कोरोना से मौत।
  • अमेरिकी उपराष्ट्रपति और उनकी पत्नी का टेस्ट निगेटिव।
  • जापान ने विदेश की गैर जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी।
  • फिलीपींस में छह और लोगों की मौत, मृतकों की संख्या 25 हुई।
  • क्यूबा ने इटली भेजी डॉक्टरों व नर्सों की टीम। इस महामारी से इटली सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां शनिवार को करीब 793 लोगों की मौत के साथ यह आंकड़ा 4825 पहुंच गया।
  • मलयेशिया में लॉक डाउन, सेना ने संभाला मोर्चा। प्रतिबंधों को लागू करने के लिए रविवार को राजधानी समेत तमाम शहरों में सेना उतार दी गई। दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में मलयेशिया कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है। 
  • चीन में लगातार तीन दिन तक कोरोना संक्रमण का एक भी स्थानीय मामला सामने नहीं आने के बाद शनिवार को एक घरेलू मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा बाहर से आए संक्रमित लोगों के 46 नए मामले सामने आए हैं। 

 


यहां पढ़ें 22 मार्च (रविवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 21 मार्च (शनिवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 20 मार्च (शुक्रवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 19 मार्च (गुरुवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 18 मार्च (बुधवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 11 से 17 मार्च तक के सभी अपडेट
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed