इटली में एक दिन में रिकॉर्ड 627 मौत, घबराए ब्रिटेन में लॉकडाउन
दुनियाभर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 245000 के करीब हो गई है, वहीं लगभग 10000 लोगों की मौत हो चुकी है। अभी तक 86000 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। सबसे ज्यादा जानें इटली में गई हैं। जर्मनी में 24 घंटे में कोरोना के 3000 नए मामले सामने आए हैं।वहीं, ईरान में शुक्रवार को 149 और लोगों की मौत हुई हैं। यहां पढ़ें दुनियाभर में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इटली में कोरोना वायरस के कारण मरने वालों की संख्या रॉकेट की गति से बढ़ रही है। शुक्रवार को इटली में एक ही दिन में रिकॉर्ड 627 मौत इस महामारी के चलते दर्ज की गई। इसके चलते देश में कई नए तरह के प्रतिबंध घोषित कर दिए गए हैं। उधर, ब्रिटेन में भी एक ही दिन में 33 लोगों की मौत के बाद ‘लॉकडाउन’ घोषित करते हुए सभी को घरों में बंद रहने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
इटली में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,032 हो गई है, जबकि संक्रमित लोगों की संख्या भी 41,035 से बढ़कर 47,021 पर पहुंच गई है। लोम्बार्डी का उत्तरी क्षेत्र इस वायरस से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। इस क्षेत्र में 2,549 मौतें हुई हैं, जबकि 22,264 लोग संक्रमित हुए हैं।
शुक्रवार को 627 मौत के बाद इटली ने पार्कों में टहने और जॉगिंग या बाइक व साइकिल से घूमने पर भी प्रतिबंध घोषित कर दिया है। इटली में मरने वाले लोगों की औसत उम्र 79.5 है। इसके चलते बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा जा रहा है।
सिविल प्रोटेक्शन चीफ एंजेलो बोरेली ने रोम में स्थानीय मीडिया से कहा कि अगले एक सप्ताह तक मरने वालों की संख्या में कमी के आसार नहीं दिख रहे हैं। उसके बाद ही लॉकडाउन का असर दिखाई देने की संभावना है।
फ्रांस में 78 और लोगों की मौत
फ्रांस में कोरोना वायरस के चलते 78 और लोगों की मौत हो गई है। अब फ्रांस में इस खतरनाक वायरस की वजह से मरने वालों की संख्या 450 हो गई है।
ब्राजील ने जताई शून्य फीसदी विकास की आशंका
कोरोना वायरस की वजह से ब्राजील ने साल 2020 में विकास की दर शून्य रहने की आशंका जताई है। बता दें कि कोरोना इंसानों के साथ-साथ दुनिया की अर्थव्यवस्था पर भी असर डाल रहा है।
इटली में 13 डॉक्टरों की मौत, 2,500 से अधिक चिकित्साकर्मी चपेट में
इटली में कोरोना संक्रमण ने अबतक 13 डॉक्टरों को अपना निशाना बना लिया है। डेलीमेल ने खबर दी है कि हाल ही में पांच डॉक्टरों ने एक ही दिन में दम तोड़ दिया। इसके अलावा देश के 2,629 चिकित्सा कर्मी भी इससे पीड़ित हैं। इटालियन नेशनल फेडरेशन ऑफ डॉक्टर्स गिल्ड के हवाले से कहा गया है कि देश के आठ फीसदी से अधिक मामले इन चिकित्साकर्मियों के ही हैं। कोरोना के गहराते संकट को देखते हुए सरकार ने मार्च के बाकी बचे दिनों तक देश की नाकेबंदी को बढ़ा दिया है। मरने वाले डॉक्टरों में वह डॉक्टर भी शामिल है जिसने कुछ समय पहले आशंका जाहिर की थी कि देश में कोरोना संक्रमण बढ़ा तो संकट गहरा सकता है। मार्सेलो नाताली नाम के इस चिकित्सक ने मिलान में कुछ समय पहले एक टीवी इंटरव्यू में कहा था कि देश में पर्याप्त मात्रा में दस्ताने नहीं हैं और देश इस आपदा का सामना करने के लिए तैयार नहीं है।
कैलिफोर्निया सूबा पूरी तरह बंद, चार करोड़ लोग घरों में कैद
अमेरिका के सबसे अधिक आबादी वाले प्रांत कैलिफोर्निया को पूरी तरह से बंद करने का आदेश दे दिए गए हैं। इससे अब राज्य की चार करोड़ की आबादी घरों में बंद हो जाएगी। राज्य के गवर्नर गेविन न्यूसोम ने यह आदेश जारी करते हुए कहा कि इससे अमेरिका को कोरोना से लड़ने में मदद मिलेगी। यहां अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है और 900 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर सावधानी नहीं बरती गई तो अगले दो महीने में प्रांत की आधी से अधिक आबादी इसके चपेट में आ सकती है। आदेश में कहा गया है कि गैस स्टेशन, दवा,खाने पीने की दुकानें खुली रहेंगी और सरकारी सेवाएं जैसे बैंक, स्थानीय सरकारी कार्यालय खुले रहेंगे। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि अगले आठ सप्ताह के भीतर राज्य की 56 प्रतिशत या दो करोड़ 55 लाख से अधिक की आबादी इसकी चपेट में आ सकती है।
अर्जेंटीना पूरी तरह बंद रहेगा
अर्जेंटीना में सरकार ने राष्ट्रव्यापी बंदी के आदेश को लागू कर दिया है। दक्षिण अमेरिका में ऐसा करना वाला वह पहला देश है। अब लोग केवल जरूरी काम के लिए बाहर जा सकेंगे। राष्ट्रपति अल्बेर्तो फर्नांदेज ने यह एलान करते हुए कहा कि देश 31 मार्च तक नाकाबंदी में रहेगा और सरकार इसमें किसी तरह की छूट नहीं देगी। कोरोना की वजह से आए मुश्किल समय को देखते हुए, मुश्किल आदेश देना पड़ा है। पर यह लोकतंत्र के दायरे में ही होगा। उन्होंने बताया कि सरकार पहले ही सीमाएं, स्कूल और उड़ानें बंद कर चुकी है।
मलयेशिया में फौज उतारी जाएगी
मलयेशिया के सशस्त्र बलों को पुलिस की मदद करने के वास्ते सड़कों पर उतारा जाएगा। रक्षा सेनाओं के प्रमुख जनरल तेन सिरी अफेंडी बुनाग ने कहा कि सेना, नौसेना और वायुसेना एक कमेटी के तहत काम करेंगी। देश में सभी नागरिकों के बाहर जाने और सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेने पर पहले से ही रोक लगी हुई है।
यूके में 65 हजार रिटायर डॉक्टरों, नर्सों से काम पर लौटने की अपील
ब्रिटेन में गहराते संकट का सामना करने के लिए सरकार ने 65, 000 डॉक्टरों, नर्सों को खत लिख कर अनुरोध किया है कि वे इस कठिन घड़ी में काम पर वापस आ जाएं। इतना ही नहीं, मेडिकल और नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे अंतिम वर्ष के छात्रों को काम पर लगाने का फैसला किया गया है।
ब्रिटेन में शुक्रवार रात से ही सबकुछ बंद
ब्रिटेन में शुक्रवार को कोरोना वायरस से पीड़ित लोगों की संख्या 3269 से बढ़कर 3983 पर पहुंच गई। वायरस के चलते मरने वालों की संख्या 177 पर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने शुक्रवार रात से देश में सबकुछ बंद करने की घोषणा कर दी। शनिवार से ब्रिटेन में केवल आवश्यक सेवाएं ही चालू रहेंगी। जनता को घरों से निकलने से मना कर दिया गया है। प्रिंस विलियम ने भी आम जनता से सरकार की सलाह सुनने की अपील की है। अपनी पत्नी केट के साथ दक्षिण लंदन के क्रायोडॉन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा के कॉल सेंटर को संभाल रहे एंबुलेंस स्टाफ से मिलने पहुंचे विलियम ने स्वास्थ्य कर्मियों की इस महामारी से लड़ने के लिए तारीफ की।
श्रीलंका में कर्फ्यू लागू
कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए श्रीलंका में शुक्रवार को राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने सोमवार तक के लिए कर्फ्यू लगाने की घोषणा की। संसदीय चुनाव स्थगित करने के बाद लिया गया यह निर्णय पूरे देश में लागू होगा।
स्पेन में एक हजार के पार पहुंचा मौत का आंकड़ा
स्पेन में भी अपने पड़ोसी देश इटली की तरह कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को 213 नई मौत के साथ ही देश में मरने वालों का आंकड़ा 1044 पर पहुंच गया। इसके अलावा वहां संक्रमण के 2335 नए मरीजों की पुष्टि के बाद कुल मरीज भी 20 हजार के पार पहुंच गए हैं।
जर्मनी में 24 घंटे में कोरोना के 3000 नए मामले
जर्मनी में 24 घंटे के भीतर कोरोना वायरस के 2,958 नए मामले सामने आए, इस तरह इस यूरोपीय देश में 13,957 लोग इस वायरस से संक्रमित हुए हैं। जर्मनी के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस बात की जानकारी दी है। वहीं, इस जानलेवा वायरस से अब तक 31 लोगों की मौत हुई है। इसमें 11 लोगों की मौत 24 घंटे के भीतर हुई है।
ईरान में 149 लोगों की मौत
ईरान में शुक्रवार को 149 और लोगों की मौत हो गई है। ईरान में अब तक 1,433 लोगों की मौत हो गई है। उप स्वास्थ्य मंत्री अलीरेजा रैसी ने इस बात की जानकारी दी है। वहीं, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1,237 नए मामले सामने आए है, इस प्रकार ईरान में कोरोना वायरस से 19,644 मामले सामने आ चुके हैं।
ताईवान में कोरोना के मामले में फिर तेजी
ताईवान में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 27 नए मामले सामने आए हैं, यह एक दिन सबसे ज्यादा मामला है। ताइवान के सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल के अनुसार, नए मामलों में से चौबीस मामले यूके, यूएस, जर्मनी, फ्रांस, स्पेन, बेल्जियम और फिलीपींस सहित देशों से आने वाले लोग हैं। ताईवान में अब तक 135 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं और एक व्यक्ति की मौत हुई है।
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता ने दो सप्ताह के आपातकाल की घोषणा की
कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता ने दो सप्ताह के आपातकाल की घोषणा की है। सोमवार से सार्वजनिक मनोरंजन के साधनों पर रोक लगा दिया गया है, साथ ही सार्वजनिक परिवहन सीमित कर दिया है।
हांग कांग में फिर कोरोना के मामलों में तेजी, एक ही दिन में बढ़े 48 नए मरीज
हांग कांग ने शुक्रवार को कोरोना वायरस के 48 नए मामलों की पुष्टि की। यह वायरस के प्रकोप के बाद एक दिन में सबसे ज्यादा वृद्धि है। इन 48 लोगों में शामिल 36 लोगों के यात्रा के इतिहास देखने से पता चलता है कि इन लोगों ने सिंगापुर, यूके, यूएस, कनाडा, थाईलैंड और स्विटजरलैंड की यात्रा की थीं। हांग कांग में अब तक 257 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें से 106 मरीजों की हालत स्थिर है और एक मरीज की हालत नाजुक है।
कोरोना दुनिया भर में...
- 06 नए देशों के साथ अब 183 देशों में महामारी
- 2,67,871 मरीज हो गए हैं दुनिया भर में शिकार
- 11,194 लोगों की मौत इस महामारी के कारण
- 90,603 मरीज दुनियाभर में इलाज के बाद ठीक
यहां पढ़ें 19 मार्च (गुरुवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 18 मार्च (बुधवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 11 से 17 मार्च तक के सभी अपडेट