दुनियाभर में 10 हजार से ज्यादा लोगों की मौत, स्पेन में बिगड़े हालात
कोरोनावायरस के चलते पूरी दुनिया में 10,041 लोगों की मौत हो चुकी है। चीन और इटली में कहर बरपाने के बाद कोरोना की वजह से अब स्पेन में हालात बिगड़ गए हैं। यहां की राजधानी मैड्रिड में हर दस में आठ लोग इस बीमारी की चपेट में हैं। वहीं, अमेरिका के दो सांसद भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। नेपाल ने विदेशियों के आने पर रोक लगा दी है तो पाकिस्तान ने वाघा बॉर्डर बंद कर दिया है। वहीं, ब्रिटेन ने आखिरकार स्कूल बंद करने का एलान किया है। जानिया ताजा हालात...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्पेन में हालात हुए मुश्किल, मैड्रिड में हर दस में आठ लोग पीड़ित
यूरोपीय देश स्पेन में हालात जटिल होते जा रहे हैं। यहां की राजधानी मैड्रिड में हर दस में आठ लोग इस बीमारी की चपेट में हैं। रीजन ऑफ मैड्रिड की अध्यक्ष इसाबेल डियाज आयसो ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि हालांकि इनके लक्षण हल्के किस्म के हैं लेकिन यह देश की जनसंख्या के एक हिस्से के लिए खासी समस्या हो सकती है। यह संख्या देश की आबादी की 15 प्रतिशत है।
उन्होंने स्पेनिश रेडियो को दिये साक्षात्कार में कहा कि यह हो सकता है कि व्यावहारिक तौर पर पूरी आबादी इससे संक्रमित हो जाए लेकिन हमारी बड़ी समस्या उन लोगों की है जो इस बीमारी का आसानी से शिकार बन जाते हैं। उन्होंने इस बीमारी को उम्रदराज लोगों और ऐसे लोग जो पहले से दूसरी बीमारियों का सामना कर रहे हैं, उनके लिए जानलेवा करार दिया।
मैड्रिड को इस समय निजी व सरकारी चिकित्सा सेवाओं के एकीकरण व अस्पताल के आम बिस्तर को आईसीयू में बदल देने की जरुरत है। गौरतलब है कि देश में इस समय 17 हजार से अधिक लोग कोरोना से पीड़ित हैं और यहां एक ही दिन में 2,378 मामले मिलने से घबराहट फैल गई है। बुधवार को यहां 129 लोगों ने दम तोड़ दिया जिससे यहां कुल मरने वालों की संख्या बढ़कर 767 हो गई है।
ईरान में दस मिनट में एक की मौत
ईरान में हालात इस कदर मुश्किल में हैं कि देश में हर दस मिनट में एक शख्स कोरोना की वजह से दम तोड़ देता है। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता कियानुश जहांपुर ने बृहस्पतिवार को एक ट्वीट में यह जानकारी देते हुए कहा कि एक घंटे के भीतर 50 लोग संक्रमण के शिकार हो जाते हैं। ईरान में बीते एक दिन में 149 लोगों की मौत हो गई और एक हजार से अधिक संक्रमण के ताजे मामले सामने आए।
जापान में हालात काबू में
जापान में भी हालात नियंत्रण में आने लगे हैं। इसे देखते हुए देश के उत्तरी प्रांत होक्काइदो में बृहस्पतिवार को इमरजेंसी हटा ली गई। यहां बीते महीने आपातकाल घोषित कर दिया गया था। सूबे के गवर्नर ने नाओमिची सुजकी ने यह एलान किया। उन्होंने कहा कि प्रांत में 19 मार्च से इमरजेंसी हटाई जा रही है। हालांकि कहा गया है कि लोगों को सावधानी बरतनी होगी और उन्हें गैर जरूरी काम से बाहर जाने को टालना होगा।
अमेरिका में दो सांसद संक्रमित
अमेरिका के दो सांसद भी को रोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। अमेरिका के सांसद डियाज बलार्ट और बेन मैकएडम्स कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सांसद डियाज बलार्ट ने ट्विटर पर यह जानकारी दी। बलार्ट ने लिखा कि, मैं बहुत बेहतर महसूस कर रहा हूं। हालांकि यह महत्वपूर्ण है कि हर कोई कोरोना वायरस को गंभीरता से ले और सरकारी दिशानिर्देशों का पालन करें। वहीं मैकएडम्स ने कहा कि, मुझ में कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए हैं। मुझे बुखार, सूखी खांसी और सांस लेने में तकलीफ हो रही है। उनकी जांच मंगलवार हुई थी। वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। मैकएडम्स का कहना है कि जब तक वह ठीक नहीं हो जाते तब तक वह घर से काम करेंगे।
जर्जिया के सभी विधायक अलग थलग
अमेरिकी सूबे जार्जिया में एक विधायक के संक्रमित होने की जानकारी सामने आने के बाद सभी विधायक और उनके स्टॉफ को अलग थलग रहने को कहा गया है। ये लोग 14 दिन एकांतवास में रहेंगे। जार्जिया सदन ने एक बयान में कहा कि विधायक ब्रैंडन बीच, जांच में पीड़ित पाए गए हैं।
रूस में पहली मौत
रूस में कोरोना वायरस के संक्रमण से एक बुजुर्ग महिला की मौत होने के साथ बृहस्पतिवार को पहली मौत दर्ज की गई। वह मास्को के एक अस्पताल में भर्ती थी। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि 79 वर्षीय महिला के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। उसे 13 मार्च को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उसे मधुमेह तथा हृदय संबंधी रोग भी था।
जिन लोगों के वह संपर्क में आई थी उन्हें पृथक कर दिया गया है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक रूस में कोरोना वायरस के अब तक 147 मामले सामने आये हैं। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस हफ्ते कहा था कि कोरोना वायरस से खतरे की स्थिति देश में आमतौर पर नियंत्रण में है।
नेपाल ने विदेशियों के आने पर रोक लगाई
नेपाल ने यूरोप, जापान और पश्चिम एशिया से आने वाले यात्रियों पर रोक लगा दी है। इन देशों से होकर आने वाले यात्री भी देश में प्रवेश नहीं पा सकेंगे। यह प्रतिबंध 15 अप्रैल तक लगा रहेगा। नेपाल में अभी तक केवल एक ही व्यक्ति ही कोरोना की चपेट में आया है।
पाक ने वाघा सीमा बंद की, कुल मामले 341 हुए
पाकिस्तान ने भारत से लगी अपनी सीमा वाघा वार्डर को दो सप्ताह के लिए बंद कर दिया है। देश में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 341 हो गई है। देश के आंतरिक सुरक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह आदेश तुरंत प्रभाव में आ गया है। यह कदम कोरोना के प्रसार के फैलने को रोकने के मकसद से उठाया गया है। यहां सबसे अधिक 45 मामले बलूचिस्तान में मिले हैं। इसके बाद खैबर पख्तूनवा में 34 संक्रमित लोगों की पहचान हो चुकी है। पाक के कब्जे वाले कश्मीर में भी एक संक्रमित मरीज मिल चुका है।
झुका यूके, स्कूल बंद किए
स्कूल बंद नहीं करने को लेकर अड़ियल रूख अपनाए हुये यूके ने आखिरकार अपने हथियार डाल दिये हैं। सरकार ने एलान किया है कि आगामी शुक्रवार से देश के स्कूल अब बंद रहेंगे। उत्तरी आयरलैंड में सोमवार से स्कूल बंद रहेंगे। इसके अलावा राजधानी लंदन के भूमिगत स्टेशनों को बंद किया जा रहा है। इसके अलावा दस हजार सैन्य कर्मी को सतर्क रहने को कहा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक सेवाओं में उन्हें लगाया जा सके।
झूठी जानकारी दी तो छह महीने की जेल
नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका सरकार ने कोरोना को लेकर गलत जानकारी फैलाना अब अपराध घोषित कर दिया है। इसके दोषी लोगों को अब छह महीने के कारावास या जुर्माना या दोनों सजाएं सुनाई जा सकती हैं। यह कदम कोरोना संबंधित अफवाहों को रोकने के लिए उठाया गया है। इसके अलावा बीमारी की जांच को वैधानिक बनाया गया है। इससे पहले गत सप्ताह एक परिवार ने जांच में पॉजिटिव पाए जाने पर खुद को एकांतवास में रहने से इंकार कर दिया था। उन्हें अदालत के आदेश के बाद फिर पुलिस उठा कर लाई थी। यहां संक्रमण के 116 मामले सामने आ चुके हैं। ।
सिंगापुर में फंसे 97 भारतीय यात्री
भारत के यात्रा प्रतिबंधों के कारण 100 भारतीय सिंगापुर के चांगी हवाईअड्डे पर फंसे हैं। सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त जावेद अशरफ ने कहा कि भारतीयों को स्वदेश भेजने का प्रबंध किया जा रहा है। इन भारतीय यात्रियों में अधिकतर फिलीपींस और मलयेशिया के हैं।
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने चेताया
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने गुरुवार को वैश्विक महामारी कोरोना वायरस को लेकर चेतावनी दी है। उनका कहना है कि अगर कोरोना के विषाणु के फैलने पर रोक नहीं लगाई जाती है तो लाखों लोग मर सकते हैं।
दुनियाभर में नौ हजार से ज्यादा मौतें
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के कारण दुनियाभर में मौतों की संख्या नौ हजार से ज्यादा हो गई है। आधिकारिक सूत्रों के हवाले से खबर है कि गुरुवार तक कोरोना से कुल 9020 लोगों की मौत हुई। इनमें से यूरोप में मरने वाले लोगों की संख्या 4,134 जबकि एशिया में 3,416 है। वहीं बीते 24 घंटे में और 712 लोगों की मौत हुई और संक्रमित लोगों की संख्या 90,293 है। यूरोप में कोविड-19 तेजी से फैल रहा है।
ईरान में एक भारतीय समेत 149 लोगों की गई जान
केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को ईरान में कोरोना वायरस से संक्रमित एक भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि की। विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ईरान से करीब 590 भारतीयों को वापस लाया गया है। वहां शेष बचे भारतीयों में से एक संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई। अन्य संक्रमित भारतीयों का इलाज चल रहा है।
वहीं, इटली में फंसे भारतीय नागरिकों का दूसरा समूह इसी सप्ताह एयरलिफ्ट किया जाएगा। विदेश मंत्रालय के अपर सचिव डी. रवि ने कहा, 380 भारतीयों के सैंपल लाए गए थे। इनमें केवल 4 पॉजिटिव हैं। बाकी को वापस लाने की तैयारी की जा रही है।
ईरान सरकार ने गुरुवार को जानकारी दी कि कोरोना वायरस से उसके देश में 149 और लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य उपमंत्री अलीरेजा रिआसी ने बताया कि देश में संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,284 हो गई है। उन्होंने कहा कि अभी तक कुल 18,407 लोग इस वायरस से संक्रमित हुए हैं।
स्पेन में कोरोना की वजह से 767 मौतें
कोरोना वायरस के कारण स्पेन में अब तक 767 लोगों की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि इनमें से 30 फीसदी मौतें बीते 24 घंटे के दौरान हुई हैं।
ब्रिटेन में बुजुर्ग सिख को धक्का देकर सुपरमार्केट से बाहर निकाला
कोरोना वायरस माहामारी को लेकर ब्रिटेन में मची अफरा तफरी के बीच एक बुजुर्ग सिख से अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। घटना पूर्वी लंदन के एक सुपरमार्केट की है। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो सोशल काफी देखा जा रहा है। इसमें एक अज्ञात व्यक्ति को इल्फोर्ड स्थित आइसलैंड स्टोर में कमर्चारी बहस होने पर धक्का देते दिख रहा है। वीडियो में व्यक्ति लगातार कहता दिखाई दे रहा है कि कर्मचारी ने उसे धक्का दिया और दुकान से बाहर निकलने को कहा। बदसलूकी वाले इस वीडियो पर एक यूजर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह समय आइसलैंड कर्मी द्वारा बुजुर्ग ग्राहक पर हमला करने का नहीं है। हम राष्ट्रीय आपदा का सामना कर रहे और बुजुर्ग लोग सबसे अधिक प्रभावित हैं। बता दें कि ब्रिटेन में कोरोना से अब तक 104 लोगों की मौत हो चुकी है।
ब्रेग्जिट के वार्ताकार बार्नियर भी संक्रमित
यूरोपीय संघ के ब्रेग्जिट के वार्ताकार मिशेल बार्नियर भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने खुद अपने संक्रमित होने की जानकारी दी है।
पाकिस्तान में दो मौतें, संक्रमितों की संख्या 381 के पार
पाकिस्तान में कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। देश में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमण के 381 मामले आए हैं। साथ ही 2 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। कोरोना के संक्रमण के सबसे ज्यादा 208 मामले सिंध प्रांत से आए हैं। सेना ने बताया कि 'अति आपात स्थिति' में सशस्त्र बलों की मेडिकल सुविधा को आमजनों को मुहैया कराने पर विचार किया जा रहा है।
इसके बाद पंजाब से 33 और बलूचिस्तान से 23 मामले सामने आए हैं। पाकिस्तान में गंभीर होते हालात के बीच प्रधानमंत्री इमरान खान ने वर्ल्ड बैंक से कर्ज की गुहार लगाई है। कोरोना से मौत के आंकड़े को छिपाने के आरोपों का सामना कर रहे पाकिस्तान ने आखिरकार मान लिया है कि उसके यहां दो लोगों की मौत इस खतरनाक वायरस से हुई है।
बताया जा रहा है कि पहला मरीज पाकिस्तान के मरदान इलाके का रहने वाला था जबकि दूसरा खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत का रहने वाला था। पाकिस्तान में खराब होते हालात के बीच वहां पर्यटक स्थलों पर जाने से रोक लगा दी गई है। कोरोना की यह चुनौती ऐसे समय पर आई जब पाकिस्तान की इकोनॉमी चरमराई हुई है।
ईरान में भारतीयों को दी जा रही मदद
ईरान में भारतीय दूतावास ने कहा है कि स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के सहयोग से यहां मौजूद संक्रमित भारतीय यात्रियों की चौबीस घंटे देखभाल की जा रही है। यात्रियों को स्वच्छ और हरित सुविधा वाली जगह पर अलग रखा गया है। यहां उनके घूमने के लिए पर्याप्त जगह है। दो पूर्णकालिक और 8 अंशकालिक भारतीय स्वयंसेवक ईरानी चिकित्सा कर्मियों की मदद से उनकी देखरेख में जुटे हुए हैं।
जापान के सम्राट की ब्रिटेन यात्रा स्थगित: बकिंघम पैलेस
जापान के सम्राट की ब्रिटेन की इस साल वसंत में निर्धारित यात्रा को कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर स्थगित कर दिया गया है। बकिंघम पैलेस ने गुरुवार को एक बयान में कहा, ब्रिटेन में महामहिम की सरकार और जापान सरकार के बीच विचार विमर्श के बाद महारानी ने इस बात पर सहमति जताई है कि मौजूदा परिस्थिति में जापान के सम्राट और साम्राज्ञी की 2020 में वसंत में होने वाली यात्रा स्थगित की जानी चाहिए। इसमें कहा गया है, राजकीय यात्रा के लिए बाद की कोई तारीख तय की जाएगी।
न्यूयार्क में संक्रमित लोगों की संख्या जल्द ही 10000 पार कर सकती है
न्यूयार्क के गवर्नर बिल डे ब्लासियो ने आगाह किया है कि न्यूयार्क शहर में कोविड-19 के मामले में बहुत जल्द खासा इजाफा होगा और वह 10,000 का आंकड़ा पार कर सकता है। उन्होंने संघीय सरकार से कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार धीमी करने के लिए ‘तत्काल हस्तक्षेप’ का आह्वान किया। अमेरिका में कोरोना वायरस के कम से कम 8,736 मामले दर्ज किए गए हैं और अब तक इससे 149 लोगों की मौत हो चुकी है। न्यूयार्क इस महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां कोविड-19 के 2900 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं जबकि 21 लोगों की मौत हो चुकी है। शहर में महज एक दिन में 1000 लोग संक्रमित हुए हैं।
अमेरिका ने नियमित वीजा सेवाएं निलंबित कीं
अमेरिका ने वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर नियमित वीजा सेवाएं निलंबित कर दी हैं। विदेश मंत्रालय ने बुधवार देर रात कहा कि दुनियाभर के अधिकांश देशों में दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में 18 मार्च, 2020 से प्रवासी और गैर-प्रवासी नियमित वीजा अपॉइंटमेंट रद्द कर दी जाएगी। इस बात की कोई जानकारी नहीं दी गई कि इस निलंबन से किन देशों को छूट दी जाएगी।
चीन में पहली बार कोरोना वायरस का कोई घरेलू मामला नहीं
चीन में कोरोना वायरस के मामले जनवरी में दर्ज करना शुरू किए जाने के बाद से पहली बार बृहस्पतिवार को ऐसा हुआ कि देश में संक्रमण का एक भी घरेलू मामला सामने नहीं आया लेकिन विदेशों से ‘आयातित’ संक्रमण के मामलों में तेजी दर्ज की गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि विदशों से संक्रमण के 34 मामले सामने आए हैं और यह आंकड़ा पिछले दो सप्ताह में सर्वाधिक है।
अमेरिका के दो सांसद कोरोना पॉजिटिव
अमेरिकी कांग्रेस के दो सांसद मारियो डियाज-बलार्ट और बेन मैकएडम्स कोराना वायरस की चपेट में आने वाले पहले कांग्रेसी हैं। दोनों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डियाज-बलार्ट के कार्यालय ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा, 'शनिवार शाम को कांग्रेसी बलार्ट में बुखार और सिरदर्द जैसे लक्षण दिखाई देने लगे। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के लिए कराया गया उनका परीक्षण पॉजिटिव आया है।'
इटली में एक दिन में 475 लोगों की मौत
कोरोना वायरस का कहर दुनियाभर बढ़ता ही जा रहा है। फिलहाल इसका सबसे ज्यादा कहर इटली में है, जहां एक ही दिन में 475 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही वहां मृतकों की संख्या 2,978 हो गई। वहीं, 24 घंटे के दौरान 4,207 नए मरीज सामने आने से कुल मरीजों की संख्या 35,713 पहुंच गई है।
यहां पढ़ें 18 मार्च (बुधवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 11 से 17 मार्च तक के सभी अपडेट