फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Coronavirus in World Live: Covid 19 cases in France Italy Iran China Wuhan US Pakistan Spain Germany UK Norway Korea

दुनिया में कोरोना LIVE: इटली में 24 घंटे में गई 793 लोगों की जान, संक्रमितों की संख्या 3 लाख के पार

Mon, 23 Mar 2020 06:46 AM IST
आसिम खान वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: आसिम खान Updated Mon, 23 Mar 2020 06:46 AM IST
सार

दुनियाभर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तीन लाख के पार हो गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक, रविवार तक 169 देशों में 3 लाख 97 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं, जबकि मृतकों की संख्या 13 हजार से ज्यादा हो चुकी है। अकेले यूरोप में कोरोना मरीजों की संख्या 152,117 हो गई। इसमें 53 हजार मामले इटली के हैं। हालात इतने भयावह हैं कि लगातार दूसरे दिन 35 से ज्यादा देशों में करीब 100 लोग अपने घरों में कैद रहे। बाजार, दुकानें, मॉल, पब, पार्लर, रेस्तरां, ट्रेनें और सड़कें सुनी रहीं। परिवहन सेवाएं पूरी तरह रोक दी गई है। यहां पढ़ें दुनियाभर में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट...

विज्ञापन
Coronavirus in World Live: Covid 19 cases in France Italy Iran China Wuhan US Pakistan Spain Germany UK Norway Korea
कोरोनावायरस - फोटो : पीटीआई

विस्तार

क्यूबा ने इटली भेजी डॉक्टरों व नर्सों की टीम

विज्ञापन

इस महामारी से इटली सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां शनिवार को करीब 793 लोगों की मौत के साथ यह आंकड़ा 4825 पहुंच गया। इटली के प्रधानमंत्री ग्यूसेप कोंटे ने रविवार को और कड़े प्रतिबंधों की घोषणा करते हुए गैर जरूरी फैक्टरी और कारखानों को बंद करने का आदेश दिया है।   

लैटिन अमेरिकी देश क्यूबा ने विशेषज्ञ डॉक्टरों और नर्सों की एक टीम को इटली भेजा है। रूस ने भी इटली के लिए चिकित्सा सहायता मुहैया कराई है। कोलंबिया के बाद अब मध्य अमेरिकी देश अल सल्वाडोर और ग्वाटेमाला ने कर्फ्यू का एलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया भी कड़े प्रतिबंध लागू करने पर विचार कर रहा है।
विज्ञापन


मलयेशिया में लॉक डाउन, सेना ने संभाला मोर्चा
मलयेशिया ने कोरोना के खतरे को देखते हुए दो सप्ताह के लिए लॉक डाउन की घोषणा कर दी। प्रतिबंधों को लागू करने के लिए रविवार को राजधानी समेत तमाम शहरों में सेना उतार दी गई। दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में मलयेशिया कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कोरोना मरीजों की संख्या 3200 पहुंच गई है। जबकि पड़ोसी देश सिंगापुर ने वायरस को फैलने से रोकने के लिए पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


चीन ने कोरोना की जानकारी रहस्य की तरह छुपाई : ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोरोना पर जानकारी साझा करने के बजाए उसे रहस्य की तरफ छुपाकर रखने के लिए चीन आलोचना की है। उन्होंने कहा कि अगर चीन ने इस आसन्न खतरे के बारे में पहले ही चेतावनी दे दी होती तो अमेरिका और पूरा विश्व इसके लिए ज्यादा बेहतर तरीके से तैयार होता। 
ट्रंप ने उन खबरों से इनकार किया कि जनवरी और फरवरी में अमेरिकी खुफिया रिपोर्टों में आगामी महामारी के बारे में आगाह किया गया था। उन्होंने कहा कि अमेरिका को तब तक इस प्रकोप की जानकारी नहीं थी जब तक यह सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया। चीन यहां फायदे में नहीं रहा है। चीन में करोड़ों लोग हैं। उसे इसका बहुत बुरा परिणाम भुगतना पड़ा है।

चीन में तीन दिन बाद सामने आया नया मामला
चीन में लगातार तीन दिन तक कोरोना संक्रमण का एक भी स्थानीय मामला सामने नहीं आने के बाद शनिवार को एक घरेलू मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा बाहर से आए संक्रमित लोगों के 46 नए मामले सामने आए हैं। चीन ने कोविड-19 को देश में फिर से बढ़ने से रोकने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। दक्षिण कोरिया में रविवार को कोरोना के 98 नए मामले दर्ज किए। यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 8897 पहुंच गई।

ईरान में 129 और लोगों की मौत
ईरान में 129 और लोगों की मौत के साथ यहां मृतकों की संख्या बढ़कर 1685 हो गई है। जबकि संक्रमित लोगों की संख्या 21,638 पहुंच गई। इससे पहले ईरानी के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामनेई ने कोरोना से लड़ने में अमेरिकी मदद की पेशकश को ठुकरा दिया।  

श्रीलंका की जेल में हिंसा, दो की मौत
श्रीलंका में कोरोना को लेकर लागू देशव्यापी कर्फ्यू के विरोध में जेल में बंद कैदियों और गार्डों के साथ हिंसक झड़प में दो लोगों की मौत हो गई। इसमें कम से कम छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि कैदी जेल से भागने की कोशिश कर रहे थे, जिसके बाद गार्डों की ओर से की गई फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई। हिंसा की यह घटना शनिवार की है।

85 करोड़ छात्र स्कूल और कालेजों से दूर
दुनिया में पढ़ने लिखने वाले बच्चों और युवाओं की आधी आबादी कोरोना वायरस की वजह से स्कूल और कालेज नहीं जा पा रही है। 100 से ज्यादा देशों ने अपने यहां स्कूल, कालेजों और विश्वविद्यालयों को बंद कर दिया है। संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूनेस्को के मुताबिक, करीब 85 करोड़ छात्र घरों पर रहने को मजबूर हैं।

19 छात्रों ने ली भारतीय उच्चायोग में शरण
भारत में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक लगने की वजह से ब्रिटेन में बड़ी संख्या में भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। इसी के चलते 19 भारतीय छात्रों को एक समूह को लंदन स्थित भारत के उच्चायोग में रातभर के लिए शरण लेनी पड़ी। इनमें अधिकतर तेलंगाना के रहने वाले हैं। भारत ने 22 मार्च से विदेश से आने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर एक सप्ताह के लिए रोक लगा दी है।

टीका लगाने वाला डॉक्टर पॉजिटिव, जर्मन चांसलर मर्केल एकांत में गईं
कोरोना वायरस के खौफ के चलते जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल को एकांतवास में जाना पड़ा है। हालांकि, अभी उनकी जांच नहीं हुई है। दरअसल, उन्होंने हाल ही में किसी डॉक्टर से टीका लगवाया था। बाद में इस डॉक्टर में कोरोना का संक्त्रस्मण मिला। इसकी जानकारी मिलते ही मर्केल एकांतवास में चली गईं। रविवार को कोरोना से बचाव के लिए उठाए जरूरी कदमों की जानकारी देने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहीं मर्केल को उसके ठीक बाद डॉक्टर के पॉजिटिव आने की जानकारी दी गई।

कोरोना अपडेट्स

  • सक्रिय मामलों में अमेरिका दूसरे नंबर पर : कुल 26382 सक्रिय मामलों के साथ अमेरिका विश्व में दूसरा सर्वाधिक संक्रमितों देश बन चुका है। उसने केवल 178 रोगियों का इलाज किया है( वहीं चीन में 5353 सक्रिय मामले ही बचे हैं, वह 72440 का इलाज कर चुका है और 3261 की मौत हुई।
  • स्पेन में सर्वाधिक नए मामले : स्पेन में 3076 नए मामले मिले जो विश्व में सर्वाधिक है। यहां 1753 की मौत और 2125 के इलाज के बाद 24694 सक्रिय मामले हैं जो तीसरे सर्वाधिक हैं। इटली में अभी विश्व के सर्वाधिक 42681 सक्रिय मामले हैं।
  • ट्रंप ने ऑटोमोबाइल कंपनियों से कहा, वेंटीलेटर बनाकर दिखाओ : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फोर्ड, जनरल मोटर्स व टेस्ला ऑटोमोबाइल कंपनियों को वेंटीलेटर व अन्य उपकरण बनाने की अनुमति दी है। उन्हें प्रेरित करते हुए ट्वीट किया, ‘दिखा दो आप कितना अच्छा काम कर सकते हो।’
  • ब्रिटेन के शाही महल का एक कर्मचारी का टेस्ट पॉजिटिव मिला।
  • हॉलीवुड अभिनेत्री सोफिया माइल्स के पिता की कोरोना से मौत।
  • अमेरिकी उपराष्ट्रपति और उनकी पत्नी का टेस्ट निगेटिव।
  • जापान ने विदेश की गैर जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी।
  • फिलीपींस में 6 और लोगों की मौत, मृतकों की संख्या 25 हुई।

यहां पढ़ें 22 मार्च का अपडेट

Coronavirus in World Live: Covid 19 cases in France Italy Iran China Wuhan US Pakistan Spain Germany UK Norway Korea
Coronavirus in World - फोटो : PTI

फ्रांस में मृतकों की संख्या हुई 674
फ्रांस में भी कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। समाचार एजेंसी एएफपी से मिली जानकारी के मुताबिक यहां कोरोना संक्रमण से मरने वाले लोगों की संख्या 112 से बढ़कर 674 पहुंच गई है।

दो लोग भी नहीं मिल सकेंगे
जर्मनी में घर और कार्यालय के अलावा किसी अन्य स्थान पर दो लोगों के जुटने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस नियम का उल्लंघन करने पर 27 हजार डॉलर का जुर्माना लगाने का प्रावधान किया गया है। अगर यहां लोग 2 मीटर का फासला नहीं रखेंगे तो भी उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। 

स्कॉटलैंड में तीन और मौत
स्कॉटलैंड में तीन और कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की मौत हो गई है। रोगियों की मृत्यु कोरोनो वायरस के टेस्ट के बाद हुई है। इसके साथ ही स्कॉटलैंड में कुल मौतों की संख्या 10 हो गई है। इस बात की पुष्टि स्कॉटिश सरकार ने की है। स्कॉटलैंड में कोरोना वायरस से संक्रमित मामलों की संख्या 416 हो गई है। स्कॉटिश प्रथम मंत्री निकोला स्टर्जन ने कोरोनो वायरस प्रकोप के बढ़ते मामलों को देखते हुए एडिनबर्ग में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि इस समय जिंदगी को आसान महसूस नहीं करना चाहिए। उन्होंने अपने भाषण में पब और बार को बंद करने के लिए कहा। इसके अलावा होटल मालिकों से कहा कि वह गेस्ट का बुकिंग बंद करें। साथ ही सरकार द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

मैड्रिड के कॉन्फ्रेंस सेंटर में अस्पताल की स्थापना
स्पेन में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के चलते राजधानी मैड्रिड के कॉन्फ्रेंस सेंटर में अस्पताल की स्थापना की गई है। देश में वायरस के चलते मरने वालों की संख्या में अचानक हुई वृद्धि के बाद यह फैसला लिया गया। यूरोप में इटली के बाद सबसे ज्यादा प्रभावित स्पेन ही है जहां 1300 से ज्यादा लोगों की जाने जा चुकी है। फिलहाल, राजधानी मैड्रिड देश का सबसे प्रभावित क्षेत्र बना हुआ है। अस्पताल में 5500 बेड का इंतजाम किया गया है।

लंदन के इस शहर के सभी पार्क अगले आदेश तक बंद
कोरोनो वायरस महामारी की वजह से लंदन स्थित हैमरस्मिथ और फुलहम नगर काउंसिल ने सभी पार्क को बंद करने का एलान किया है। नगर काउंसिल का कहना है कि पार्क वहां के समय के मुताबिक शाम सात बजे तक अपने गेट बंद कर देंगे, जब तक कि अगली सूचना नहीं मिल जाती।

करीब एक अरब लोग घरों में बंद
भारत सहित दुनिया के कई देशों में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने लिए रविवार को करीब एक अरब लोग घरों में बंद रहे। वहीं घातक संक्रमण से मरन वालों की तादाद बढ़कर 13, 000 के पार पहुंच गई है। सबसे बुरी तरह से प्रभावित इटली में कारखाने बंद कर दिए गए हैं।

इस महामारी के कारण दुनिया के करीब 35 मुल्कों ने बंद (लॉकडाउन) किया है, जिससे जनजीवन, यात्रा और कारोबार प्रभावित हुए है। वहीं सरकारें सीमाएं बंद करने को लेकर जद्दोजहद कर रही हैं और वायरस की वजह से आर्थिक मंदी से बचने के लिए आपातकालीन उपायों में अरब डॉलर लगा रही हैं। दुनिया में तीन लाख से ज्यादा लोगों के संक्रमित में होने की पुष्टि हुई है।

इटली में 4,800 से ज्यादा लोगों की मौत
इटली में स्थिति गंभीर है जहां 4,800 से ज्यादा लोगों की जान गई है, जो दुनिया में भर में इस संक्रमण से मरने वालों का एक तिहाई है। प्रधानमंत्री जिएसेपे कॉन्टे ने शनिवार देर रात टीवी के जरिए अपने संबोधन में गैर जरूरी कारखानों को बंद करने का ऐलान किया।

छह करोड़ की आबादी वाला इटली पिछले साल चीन में सामने आई बीमारी का नया केंद्र बन गया है। इटली में कोरोना वायरस से हुई मौतों का आंकड़ा चीन और ईरान में हुई मौतें को जोड़ने के बाद भी कहीं ज्यादा है। इटली में कोविड-19 के पुष्ट मामलों में मृत्यु दर 8.6 प्रतिशत है जो कई देशों की तुलना में खासी अधिक है।

अमेरिका के कई शहर चरणबद्ध तरीके से लॉकडाउन का सामना कर रहे
अमेरिका के न्यूयॉर्क, शिकागो और लॉस एंजिलिस के लोग अलग अलग चरणों में बंद का सामना कर रहे हैं। अमेरिका के अन्य राज्यों के भी प्रतिबंध लगाने की उम्मीद है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह साझा राष्ट्रीय बलिदान का समय है, लेकिन यह अपने प्रियजनों को सुरक्षित रखने का भी वक्त है। उन्होंने कहा कि हमारी बड़ी जीत होगी।

स्पेन में 32 और लोगों की मौत
स्पेन में शनिवार को 32 और लोगों की मौत हुई। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने टीवी के जरिए किए गए संबोधन में चेताया कि देश को और मुश्किल दिनों के लिए तैयार रहने की जरूरत है।

फ्रांस में मरने वालों की संख्या बढ़कर 562 हुई
फ्रांस में घातक संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 562 हो गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लोगों को घर से नहीं निकलने देने की सरकार की कोशिश को अमल में लाने के लिए हेलीकॉप्टर और ड्रोन तैनात किए जा रहे हैं।

चीन में तीन दिन बाद एक स्थानीय मामला दर्ज किया गया, बाहर से आए मामलों में बढ़ोतरी
चीन में लगातार तीन दिन तक कोरोना वायरस संक्रमण का एक भी स्थानीय मामला सामने नहीं आने के बाद शनिवार को एक घरेलू मामला दर्ज किया गया और इसके अलावा बाहर से आए संक्रमित लोगों के 45 नए मामले सामने आए। चीन ने कोविड-19 को देश में फिर से बढ़ने से रोकने के लिए कड़े कदम उठाए हैं।

चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने बताया कि चीन में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 46 नए मामले सामने आए। इनमें एक मामला ग्वांगझू में बाहर से आए संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से घरेलू संक्रमण का है। चीन में इस वायरस से शनिवार को हुबेई प्रांत में पांच लोगों समेत कुल छह और लोगों की मौत हो गई और इसके साथ ही देश में इस संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,261 हो गई।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि कोरोना वायरस के केंद्र वुहान में लगातार चौथे दिन संक्रमण का कोई नया मामला दर्ज नहीं किया गया। देश में शनिवार रात तक कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 81,054 हो गए जिनमें इस बीमारी से मारे गए 3,261 लोग भी शामिल हैं। इनमें से 5,549 मरीजों का उपचार किया जा रहा है और 72,244 मरीजों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।

आयोग ने बताया कि देश में शनिवार को 504 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई जबकि गंभीर मामलों की संख्या 1,845 से कम हो कर 118 रह गई। उसने बताया कि बाहर से आए संक्रमित लोगों की संख्या 314 हो गई है।

अमेरिका के उपराष्ट्रपति और उनकी पत्नी कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं पाए गए
अमेरिका के उपराष्ट्रपति माइक पेंस और उनकी पत्नी कारेन पेंस कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं पाए गए हैं। व्हाइट हाउस के एक शीर्ष अधिकारी ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। पेंस और उनकी पत्नी ने कोरोना वायरस की जांच तब कराई जब उपराष्ट्रपति की टीम का एक सदस्य संक्रमित पाया गया। 

हालांकि संक्रमित व्यक्ति पेंस या अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीधे संपर्क में कभी नहीं आया।पेंस की प्रेस सचिव कैटी मिलर ने शनिवार को ट्वीट किया कि यह बताते हुए खुशी हो रही है कि उपराष्ट्रपति माइक पेंस और उनकी पत्नी कारेन पेंस जांच में संक्रमित नहीं पाए गए हैं। 

रीयाल मैड्रिड के पूर्व अध्यक्ष सैंज डियाज की मौत
रीयाल मैड्रिड के पूर्व अध्यक्ष लोरेंजो सैंज का कोरोना वायरस से पीड़ित होने के बाद निधन हो गया। वह 76 साल के थे। सैंज 1995-2000 तक इस स्पेनिश लीग के प्रमुख थे। इस दौरान रीयाल ने दो बार चैंपियन्स लीग का खिताब जीता।

उनके बेटे लोरेंजो सैंज जूनियर ने ट्वीट किया कि मेरे पिता का अभी निधन हो गया। वह इस तरह से दुनिया को अलविदा कहने के हकदार नहीं थे। तीन दिन पहले पेशेवर बास्केटबाल खिलाड़ी सैंज जूनियर ने कहा था कि उनके पिता कोरोना वायरस से पीड़ित हैं और उन्हें मैड्रिड हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। स्पेन में अब तक कोरोना वायरस के कारण 1320 लोगों की मौत हो चुकी है।

दक्षिण कोरिया में 98 नए मामले सामने आए
दक्षिण कोरिया में रविवार को कोरोना वायरस के 98 नए मामले सामने आए हैं, कोरिया सेंटर फॉर डिजीज कन्ट्रोल एंड प्रिवेंशन (केसीडीसी) ने इस बात की जानकारी दी है। दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस से अब तक 8,897 लोग संक्रमित हो चुके हैं और इस जानलेवा वायरस से 104 लोगों की मौत हो चुकी है। 

अमेरिका के उपराष्ट्रपति भी कराएंगे कोरोना की जांच
कोरोना वायरस के आम लोगों के साथ-साथ दुनिया के तमाम खास लोगों को भी अपनी चपेट में लेने का सिलसिला रुक नहीं रहा है और अब अमेरिका के उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने शनिवार को कहा कि वह तथा उनकी पत्नी कैरेन पेंस कोविड-19 की जांच कराएंगे।

पेंस की इस टिप्पणी से एक दिन पहले उनकी प्रवक्ता ने बताया कि उपराष्ट्रपति की टीम का एक सदस्य संक्रमित पाया गया है। हालांकि, संक्रमित व्यक्ति का पेंस या अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से कोई सीधा संपर्क नहीं रहा।

पेंस ने व्हाइट हाउस में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि व्हाइट हाउस के डॉक्टर का कहना है कि उन्हें नहीं लगता कि मैं संक्रमण की चपेट में आया होऊंगा और मुझे जांच की जरूरत नहीं है लेकिन उपराष्ट्रपति और व्हाइट हाउस कोरोना वायरस कार्य बल के नेता के तौर पर मैं और मेरी पत्नी दोनों आज दोपहर को कोरोना वायरस की जांच कराएंगे। 

बहरहाल, संक्रमित व्यक्ति के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। पेंस ने कहा कि वह अब ठीक है। ट्रंप ने भी पिछले हफ्ते कोरोना वायरस की जांच कराई थी और वह संक्रमित नहीं पाए गए थे। कोरोना वायरस के मद्देनजर व्हाइट हाउस ने परिसर में प्रवेश करने वालों के लिए सख्त नियम बनाए हैं।

न्यूयॉर्क की जेलों में 38 लोग संक्रमित
न्यूयॉर्क शहर की जेलों में कम से कम 38 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। शेरमन ने आगाह किया कि ऐसी आशंका है कि हाल के हफ्तों में ये लोग जेल में कई लोगों तथा कर्मचारियों के करीबी संपर्क में रहे होंगे। उन्होंने संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई।

जांच के नतीजों 45 मिनट में मिलने वाली रिपोर्ट को मंजूरी
अमेरिका के खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने शनिवार को कोरोना वायरस की उस जांच को मंजूरी दी जिसके नतीजे 45 मिनट में ही मिल सकते हैं। ऐसी जांच को मंजूरी देने से संक्रमित व्यक्ति की तेजी से पहचान होगी और उसका फौरन इलाज शुरू किया जा सकेगा तथा उसे पृथक किया जा सकेगा। कैलिफोर्निया स्थित सेफिड ने इस जांच पद्धति को विकसित किया है।

ब्रिटेन में 15 लाख संवेदनशील लोगों की पहचान 
ब्रिटेन ने करीब 15 लाख लोगों की कोरोना वायरस महामारी के लिहाज से अधिक संवेदनशील होने की पहचान की है और उन्हें कम से कम 12 हफ्तों के लिए घरों में रहने को कहा है। ब्रिटेन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने हडि्डयों या खून के कैंसर के मरीजों, फेफड़ों और पाचन तंत्र को नुकसान पहुंचाने वाले सिस्टिक फाइब्रोसिस या अंग प्रतिरोपण कराने वाले मरीजों को घरों में रहने की सलाह दी है।

ब्रिटेन के सामुदायिक मंत्री रॉबर्ट जेनरिक ने एक बयान में कहा कि लोगों को घरों में रहना चाहिए। ब्रिटेन में कोरोना वायरस से 177 लोगों की मौत हो चुकी है।

चिली में वायरस से पहली मौत
चिली में 83 वर्षीय महिला की कोरोना वायरस से मौत हो गई है। यह देश में मौत का पहला मामला है। चिली के स्वास्थ्य मंत्री जैम मनालिच ने बताया कि पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 103 नए मामले सामने आए हैं जिससे संक्रमित लोगों की कुल संख्या 500 पर पहुंच गई है। सरकार ने लोगों को घरों के भीतर रहने की सलाह दी है हालांकि पृथक करने संबंधी कोई कदम नहीं उठाए गए हैं।

गाजा पट्टी में दो लोग संक्रमित
गाजा में अधिकारियों ने संक्रमण के दो मामलों की रविवार को पुष्टि की। फलस्तीन के इन लोगों ने पाकिस्तान की यात्रा की थी और वापसी पर उन्हें पृथक कर दिया गया। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दो नागरिकों में पाकिस्तान से लौटने के बाद कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है। 

ऑस्ट्रेलिया में नागरिकों को देश के भीतर यात्रा रद्द करने को कहा गया
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए अपने नागरिकों को रविवार को देश के भीतर किसी भी यात्रा को रद्द करने के लिए कहा। मॉरिसन ने कहा कि सरकार गैर आवश्यक यात्रा से बचने की सलाह देती है। उन्होंने यह बात तब कही जब देश में कोरोना वायरस के मामले 1,000 तक पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि और सख्त कदम उठाए जाएंगे। 

रवांडा में अनावश्यक आवाजाही और सीमा पार यात्रा पर रोक लगी
रवांडा ने भी घर से बाहर अनावश्यक आवाजाही और सीमा पार यात्रा पर रोक लगा दी है। सरकार ने शनिवार देर रात एक बयान में कहा कि अनावश्यक आवाजाही और घर से बाहर निकलने को अनुमति नहीं दी जाएगी। 

बयान में कहा गया है कि सभी सीमाएं बंद हैं। केवल मालवाहक वाहनों और विदेशों से लौटने वाले रवांडा के नागरिकों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। रवांडा में शनिवार को कोरोना वायरस के 17 मामले दर्ज किए गए जो पूर्वी अफ्रीकी क्षेत्र में सबसे अधिक संख्या है।

बोलिविया में चुनाव अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
बोलिविया के उच्च चुनाव अधिकरण ने शनिवार को घोषणा की कि वह कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण मई में होने वाले आम चुनाव अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर रहा है। बोलिविया में कोरोना वायरस के 19 मामले सामने आए हैं।

पाकिस्तान में 733 हुई संक्रमितों की संख्या
पाकिस्तान में कोरोना मामलों की संख्या बढ़कर 733 हो गई, जिसमें सिंध में 396 और पंजाब में 137 शामिल हैं। पाकिस्तान सरकार की तरफ से यह जानकारी दी गई है।

इटली में एक दिन में 793 लोगों की मौत
इटली में शनिवार को कोरोना वायरस से 793 लोगों की मौत हो गई जो एक दिन में हुई सर्वाधिक मौत है। इससे देश में इस घातक विषाणु से मृतकों की कुल संख्या 4825 हो गई है जो पूरी दुनिया में इस बीमारी से हुई मौत का 38.3 फीसदी है। कोविड-19 संक्रमण की संख्या 53578 हो गई है जो एक और रिकॉर्ड है।




यहां पढ़ें 21 मार्च (शनिवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 20 मार्च (शुक्रवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 19 मार्च (गुरुवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 18 मार्च (बुधवार) के सभी अपडेट
यहां पढ़ें 11 से 17 मार्च तक के सभी अपडेट

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed