Big News : ब्रिटेन के किसान ने एक ही बेल पर उगा डाले 5,891 टमाटर, पढ़ें देश-दुनिया की कुछ प्रमुख खबरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ब्रिटेन के एक शोकिया किसान ने दावा किया है कि उसने टमाटर उगाने का अनोखा रिकॉर्ड बनाया है। हर्टफोर्डशायर में उसने एक ही बेल पर 5,891 टमाटर उगाए हैं। डगलस स्मिथ (44) ने लाल और हरे टमाटरों की गिनती की है। सभी टमाटरों का वजन कुल मिलाकर 20 किग्रा से ज्यादा था। इससे पहले एक ही बेल में सबसे ज्यादा टमाटर उगाने का रिकॉर्ड मिडलैंड्स के कोवेंट्री के सुरजीत सिंह कैंथ के नाम था।
सुरजीत ने एक ही बेल पर 1,344 टमाटर उगाए थे। स्मिथ पेशे से आईटी मैनेजर हैं। वह हर्टफोर्डशायर के स्टैनस्टेड एबॉट्स में अपने बेटे स्टेलन और पत्नी पाइपर के साथ रहते हैं। वह शौकिया किसान हैं। 2020 में स्मिथ 20 फुट लंबा सूरजमुखी का पौधा उगाकर चर्चा में आए थे। यह उनके घर से भी ऊंचा था। यह ब्रिटेन का सबसे बड़ा सूरजमुखी का पौधा था। स्मिथ ने कहा कि उन्होंने रिकॉर्ड बनाने के लिए ही टमाटर उगाना शुरू किया था।
जिनपिंग के तीसरे कार्यकाल पर 18 अक्तूबर को लगेगी मुहर
चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की पंचवर्षीय कांग्रेस 18 अक्तूबर को होगी। इसमें राष्ट्रपति शी जिपिंग के लगातार तीसरी बार राष्ट्रपति कार्यकाल को मंजूरी दी जाएगी। बैठक में जिनपिंग के आजीवन पद पर रहने को भी मंजूरी दी जाएगी, जो अब तक केवल संस्थापक माओ जोदांग के लिए ही स्वीकृत हुआ था। शी (69) की अध्यक्षता में हुई पार्टी पोलित ब्यूरो की बैठक में 9 अक्तूबर को पूर्ण बैठक और 16 अक्तूबर को कांग्रेस के आयोजन का निर्णय लिया गया। हर पांच साल में देशभर से जुटने वाले दो हजार से ज्यादा प्रतिनिधि दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के लिए नई टीम का चयन भी करेंगे। प्रधानमंत्री ली केकियांग समेत सरकार के ज्यादातर अधिकारी 10 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं।
चावल निर्यात पर रोक की योजना नहीं घरेलू जरूरतें पूरी करने को पर्याप्त भंडार
सरकार की चावल के निर्यात पर किसी तरह की रोक लगाने की अभी कोई योजना नहीं है। घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए चावल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। एक सरकारी सूत्र ने कहा, चावल के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने के बारे में कुछ चर्चा जरूर हुई है, लेकिन अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चावल उत्पादक भारत वैश्विक व्यापार में 40 फीसदी की हिस्सेदारी रखता है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारत ने 2021-22 में 2.12 करोड़ टन चावल का निर्यात किया। इसमें से 39.4 लाख टन बासमती चावल था।
पटनायक को दिया जाएगा कैपिटल लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को प्रतिष्ठित कैपिटल फाउंडेशन लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में चार सितंबर को आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एनवी रमण पटनायक को यह अवार्ड देंगे।
अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही पर रोक
सुप्रीम कोर्ट ने बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात की आपराधिक कार्यवाही पर रोक लगा दी है। झारखंड की एक निचली अदालत द्वारा इस संबंध में अमीषा के खिलाफ समन जारी किया गया था। जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस पीएस नरसिम्हा की पीठ ने अमीषा द्वारा दायर याचिका पर झारखंड सरकार को नोटिस भी जारी किया है।
वेस्ट बैंक शहर में घुसे इस्राइली लोगों पर गोलीबारी, कई घायल
फलस्तीन के वेस्ट बैंक शहर नब्लस में प्रवेश करने पर गोलीबारी की जद में आने से कई इस्राइली घायल हो गए। इस्राइल की सेना ने बताया, गोलीबारी शुरू होने के बाद फलस्तीनी प्राधिकरण और सुरक्षा बलों के अधिकार क्षेत्र में आने वाले उस इलाके में प्रवेश किया गया, जहां से इस्राइलियों को निकाला जा सके। इन फलस्तीन नियंत्रित क्षेत्रों में इस्राइली लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित है, लेकिन फिर भी कुछ लोग इस धार्मिक स्थल पर जाते हैं।
इस्राइली सेना ने बताया कि शहर में सशस्त्र फलस्तीनियों के साथ गोलीबारी जारी थी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं था कि दोनों घटनाएं जुड़ी हुई थीं या नहीं। इस्राइल मार्च से अपने कब्जे वाले वेस्ट बैंक में लगातार छापामारी कर रहा है, जिससे क्षेत्र में पहले से ही तनाव है। इस्राइल के लोगों के खिलाफ घातक हमलों में कम से कम 19 लोगों की मौत हो के बाद यह छापेमारी शुरू की गई थी।
ईरान : ट्रक-बस में भीषण टक्कर, 16 की जान गई
दक्षिण-पश्चिम ईरान के खुजेस्तान प्रांत में मजदूरों से भरी एक मिनीबस और ट्रक की टक्कर में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना में घायल आठ अन्य लोगों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। जिस समय दुर्घटना हुई, ट्रक शुश्तार शहर को देजफुल शहर से जोड़ने वाली सड़क से जा रहा था। बता दें कि ईरान में दुनिया का सबसे खराब यातायात सुरक्षा रिकॉर्ड है। यहां सालाना लगभग 17,000 लोगों की सड़क हादसों में मौत होती है। मौत के लिए यातायात कानून का पालन न करना, असुरक्षित वाहन चलाना और अपर्याप्त आपातकालीन सेवाओं को जिम्मेदार ठहराया जाता है।
एशिया में डब्ल्यूएचओ निदेशक पर नस्ली आरोप, छुट्टी पर गए
पश्चिम प्रशांत क्षेत्र में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के शीर्ष निदेशक डॉ. ताकेशी कसाई को उनके पद से अनिश्चितकाल के लिए हटा दिया गया है। कुछ महीने पहले एक जांच में खुलासा हुआ था कि डब्ल्यूएचओ के अनेक कर्मियों ने कसाई पर नस्लवाद, अपशब्द बोलने और अनैतिक व्यवहार करने का आरोप लगाया था जिससे एशिया में कोरोना रोकने के संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी के प्रयास कमजोर हुए। डब्ल्यूएचओ महानिदेशक टेड्रॉस गेब्रेयेसस ने क्षेत्र में अपने कर्मियों को बताया कि कसाई ‘छुट्टी’ पर हैं। उन्होंने ज्यादा जानकारी नहीं दी।
पाकिस्तान में जबरन गायब हो रहे लोगों पर सिंध में जागरूकता इवेंट
पाकिस्तान में जबरन गायब हुए हजारों सिंधी, बलोच और पख्तूनों के मामलों को लेकर सिंध के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया और एकजुटता दिखाई। इसमें ऐसे मामलों को लेकर लोगों के में जागरूकता फैलाने का लक्ष्य रखा गया। हाल में ही अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था एमनेस्टी इंटरनेशनल ने इस मामले में पाकिस्तान को एक रिपोर्ट भेज कड़ी फटकार लगाई थी।
संस्था ने कहा, अपनों को खोने वाले लोगों के शांतिपूर्ण धरने के खिलाफ पाकिस्तानी अधिकारी अपनी कार्रवाई बंद करें। जबरन गायब किए जाने वाले पीड़ितों के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस के मौके पर जीए सिंध फ्रीडम मूवमेंट के संस्थापक जफर साहितो ने जागरूकता अभियान के तहत ट्विटर पर एक कार्यक्रम में लोगों को जुड़ने के लिए प्रेरित किया। लापता लोगों का मुद्दा अत्यधिक संवेदनशील है क्योंकि हाल के वर्षों में गायब हुए अधिकतर लोग बलोचिस्तान के हैं। इस प्रांत में पिछले डेढ़ दशक से भी अधिक समय से अशांति है।
एनडीटीवी में अतिरिक्त हिस्सेदारी के लिए ओपन ऑफर 17 अक्तूबर को
एनडीटीवी में 26 फीसदी अतिरिक्त हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए अदाणी समूह 17 अक्बूतर को खुली पेशकश (ओपन ऑफर) लाएगा। इस पेशकश का प्रबंधन कर रही जेएम फाइनेंशियल के मुताबिक, यह पेशकश एक नवंबर को बंद होगी। इसके तहत अदाणी समूह 1.67 करोड़ इक्विटी शेयरों का अधिग्रहण करेगा। इसके लिए शेयर मूल्य 294 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। अगर पेशकश को पूर्ण अभिदान मिल जाता है तो 294 रुपये प्रति शेयर के भाव पर इसका कुल मूल्य 492.81 करोड़ रुपये बैठेगा।
पीएम दो सितंबर को आईएनएस विक्रांत को नौसेना में करेंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो सितंबर को कोच्चि के कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड में देश के पहले स्वदेशी विमानवाहक पोत ‘आईएनएस विक्रांत’ को नौसेना में शामिल करेंगे। पीएमओ के मुताबिक मोदी एक-दो सितंबर को कर्नाटक और केरल में कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे, जिसमें कलाडी गांव में आदि शंकराचार्य के जन्मस्थान का दौरा भी शामिल है।
पीएम मंगलूरू में करीब 3,800 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। पीएम कार्यालय ने कहा कि मोदी आत्मनिर्भरता के प्रबल समर्थक रहे हैं, खासकर रणनीतिक क्षेत्रों में, और ‘आईएनएस विक्रांत’ का नौसेना में शामिल होना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
भारतीय नौसेना के इन-हाउस वॉरशिप डिजाइन ब्यूरो द्वारा डिजाइन और सार्वजनिक क्षेत्र के कोचीन शिपयार्ड द्वारा निर्मित ‘आईएनएस विक्रांत’ अत्याधुनिक ऑटोमेशन सुविधाओं से लैस है। यह भारत के समुद्री इतिहास में देश में निर्मित अब तक का सबसे बड़ा पोत है। पोत में बड़ी संख्या में स्वदेशी उपकरण और मशीनरी लगाई गई है, जिनका निर्माण देश के प्रमुख औद्योगिक घरानों के साथ-साथ 100 से अधिक एमएसएमई ने किया है।
झारखंड : तेजाब हमले से पीड़ित का दिल्ली में इलाज
झारखंड के चतरा जिले में तेजाब फेंककर जलायी गई 17 वर्षीय लड़की को इलाज के लिए दिल्ली पहुंचाया जायेगा। राज्य सरकार ने ये जानकारी मंगलवार को दी। लड़की का इलाज फिलहाल रिम्स में चल रहा है, जिसके बोर्ड ने उसे एम्स, दिल्ली के लिए रेफर कर दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर लड़की को बुधवार को एयरलिफ्ट कर दिल्ली भेजने का निर्णय लिया।
बोर्ड को रिम्स के सुपरिंटेंडेंट की अध्यक्षता में गठित किया गया था। इसके अलावा सोरेन ने पीड़िता के परिवार को सभी प्रकार का सहयोग प्रदान करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। लड़की पर बीते 5 अगस्त को तेजाब से हमला किया गया था। इस बारे में चतरा के डिप्टी कमिश्नर अबु इमरान ने बताया, आरोपी को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया था।
भूपेंद्र यादव जलवायु परिवर्तन पर जापान के मंत्री से की चर्चा
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने मंगलवार को इंडोनेशिया के बाली में नीदरलैंड और जापान के पर्यावरण मंत्रियों से मुलाकात कर जलवायु परिवर्तन के खिलाफ जंग में आपसी सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर विचार विमर्श किया। वह जी 20 इन्वायरन्मेंट डिप्टी मीटिंग एंड क्लाइमेट सस्टेनिबिलिटी वर्क ग्रुप में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। यादव ने ट्वीट कर कहा कि आज बाली में मरुस्थलीकरण का मुकाबला करने के लिए संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन के कार्यकारी सचिव इब्राहिम थियाव, नीदरलैंड की पर्यावरण मंत्री विवियन निनिम हाइजेन और अपने जापानी समकक्ष आकिहिरो निशिमुरा के साथ द्विपक्षीय चर्चा की। बैठक में, यादव एक सतत भविष्य निर्माण के लिए भारत की सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करेंगे और सामान्य लेकिन अलग-अलग जिम्मेदारियों व संबंधित क्षमताओं (सीबीडीआर-आरसी) से संबंधित मुद्दों को उठाएंगे।