सेल से पहले ही OPPO F35 और OPPO F35 Pro हुआ लॉन्च, 50MP फ्रन्ट कैमरा और 8000mAh बैटरी

Adarsh Jha
अमर उजाला डिजिटल डॉट कॉमAdarsh Jha
Mon, 05 Oct 2026 07:30 PM IST
सेल से पहले ही OPPO F35 और OPPO F35 Pro हुआ लॉन्च, 50MP फ्रन्ट कैमरा और 8000mAh बैटरी

    स्मार्टफोन बाजार में त्योहारी सीजन से पहले मुकाबला और भी तेज हो गया है। इसी कड़ी में ओप्पो ने भारत में अपनी F सीरीज के दो नए प्रीमियम स्मार्टफोन लॉन्च कर दिए हैं। कंपनी ने Oppo F35 Pro 5G और Oppo F35 5G को बाजार में उतारा है। दोनों ही स्मार्टफोन में 50 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा और 8,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। खास बात ये है कि फोन के बॉक्स में 80W का चार्जर भी मिलेगा।

    सबसे पहले बात करते हैं Oppo F35 Pro 5G की। इस फोन में 6.78 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। स्क्रीन 144Hz के रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती है। डिस्प्ले की हाई ब्राइटनेस 1,800 निट्स तक और पीक ब्राइटनेस 3,600 निट्स तक जाती है। यानी तेज रोशनी में भी स्क्रीन पर कंटेंट देखने में आसानी होने का दावा किया गया है।

    वहीं, Oppo F35 5G में 6.57 इंच का FHD+ AMOLED डिस्प्ले मिलता है। इसमें 120Hz तक का रिफ्रेश रेट और 1,400 निट्स तक हाई ब्राइटनेस दी गई है। दोनों फोन को मजबूती और सुरक्षा के लिहाज से भी खास बनाया गया है। सीरीज में IP69K, IP69, IP68 और IP66 रेटिंग्स दी गई हैं, जो फोन को पानी और धूल से सुरक्षा प्रदान करने के लिए हैं।

    परफॉर्मेंस की बात करें तो Oppo F35 Pro 5G में MediaTek Dimensity 7360 Max प्रोसेसर दिया गया है। फोन में 8GB तक RAM और 256GB तक स्टोरेज मिलती है। वहीं Oppo F35 5G में MediaTek Dimensity 6360 Max चिपसेट दिया गया है, जिसके साथ 8GB तक RAM और 128GB तक स्टोरेज का विकल्प मिलता है। दोनों स्मार्टफोन Android 16 पर आधारित ColorOS 16 पर चलते हैं।

    कैमरा सेटअप भी इन फोन की बड़ी खासियत है। Oppo F35 Pro 5G के रियर पैनल पर OIS के साथ 50MP का मेन कैमरा और 8MP का अल्ट्रावाइड कैमरा दिया गया है। वहीं फ्रंट में 50MP का सेल्फी कैमरा मिलता है। फोन के फ्रंट और रियर दोनों कैमरों से 4K वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है। इसके अलावा इसमें Dual-View Video फीचर दिया गया है, जिसकी मदद से यूजर एक ही समय पर फ्रंट और रियर कैमरे से वीडियो रिकॉर्ड कर सकता है।

    Oppo F35 में पीछे की तरफ 50MP का मेन कैमरा और 2MP का पोर्ट्रेट लेंस दिया गया है। फ्रंट में 50MP का सेल्फी कैमरा मौजूद है। यह फोन फ्रंट और रियर दोनों कैमरों से 2.5K तक वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करता है।

    कीमत की बात करें तो Oppo F35 Pro 5G की शुरुआती कीमत 45,999 रुपये रखी गई है, जबकि Oppo F35 5G की शुरुआती कीमत 38,999 रुपये है। F35 Pro तीन कलर—Sunrise Orange, Wave Blue और Twilight Brown में आएगा। वहीं F35 को Wave Blue, Titanium Grey और Mist Pink रंगों में पेश किया गया है।

    दोनों स्मार्टफोन की बिक्री 11 अक्टूबर से शुरू होगी। ग्राहक इन्हें ऑफलाइन स्टोर्स के अलावा Oppo India E-Store, Flipkart और Amazon से खरीद सकेंगे। ऐसे में 8,000mAh बैटरी, 50MP सेल्फी कैमरा और तेज चार्जिंग के साथ Oppo की नई F35 सीरीज का सीधा मुकाबला प्रीमियम मिड-रेंज स्मार्टफोन से होगा।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें