उत्तरकाशी अग्निकांड: सीएम धामी पहुंचे पवानी गांव, ग्रामीणों से मिले, 5-5 लाख की आर्थिक सहायता देगी सरकार
मंगलवार को उत्तरकाशी के पवानी गांव में लकड़ी के बने मकान में आग लग गई थी। आग इतनी भयावह थी कि एक एक कर सभी मकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
विस्तार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अग्निकांड से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं और जरूरतें सुनीं। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा करते हुए भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन कर प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना और उनका जीवन सामान्य करना है। सर्दी के मौसम और संभावित बर्फबारी को देखते हुए अधिकारियों को ऐसी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी परिवार को प्रतिकूल मौसम में परेशानी न हो।
कहा कि अग्निकांड में ग्रामीणों के घरों के साथ ही छह माह का सुरक्षित रखा राशन भी नष्ट हो गया है। ऐसे में प्रभावित परिवारों को आगामी छह माह तक राशन उपलब्ध कराने की समुचित व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही उनकी दैनिक जरूरतों का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
बच्चों की शिक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निकांड के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यकतानुसार विद्यालय और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाए। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों ने इस भीषण अग्निकांड में अपने आशियाने और जीवनभर की जमा पूंजी खोई है, उनकी पीड़ा को समझना बेहद कठिन है। सरकार का पूरा तंत्र प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। यह केवल आर्थिक सहायता देने का विषय नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने और उनके जीवन में विश्वास व उम्मीद लौटाने का प्रयास है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा।
UK Top News: चुनाव से पहले भाजपा का रिपोर्ट कार्ड, कांग्रेस का लोकभवन कूच, अंकिता हत्याकांड में नया मोड़
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह लगातार जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे। वह पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते रहे और अधिकारियों को राहत एवं सहायता पहुंचाने के निर्देश देते रहे।
उन्होंने कहा कि पवाणी गांव की दीर्घकालिक जरूरतों को देखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य जरूरी विकास कार्य भी कराए जाएंगे। हालांकि, फिलहाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनका पुनर्वास सुनिश्चित करना है।
इस दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने घटना का तत्काल संज्ञान लेने, लगातार अधिकारियों से जानकारी लेने और प्रभावित परिवारों तक शीघ्र राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने एक बार फिर भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता और गांव को फिर से व्यवस्थित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
