उत्तरकाशी। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एसडीआरएफ व अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की ओर से जिले के विभिन्न विद्यालयों व संस्थानों में आपदा का प्रशिक्षण दिया जा रह है।
शनिवार को एसडीआरएफ के जवानों ने मनेरा स्टेडियम छात्रावास की छात्राओं को मॉक ड्रील दिखा कर आपदा से निपटने के तरीके बताए। मास्टर ट्रेनर मस्तान भंडारी ने आपदा से संबंधित जोखिमों की पहचान करने, उनकी समझ को विकसित करने और उनसे निपटने की क्षमता को विकसित करने की जानकारी देकर छात्राओं को जागरूक किया।
वहीं जवानों ने मॉक ड्रील के दौरान छात्राओं को आपदा प्रबंधन, भूकंप के दौरान बचाव व प्राथमिक उपचार की जानकारी दी। घायलों को ले जाने के लिए प्राकृतिक वस्तुओं से निर्मित स्ट्रेचर को बनाने, कृत्रिम सांस देने के साथ आपदा के दौरान घायलों को अस्पताल ले जाने के तरीकों के संबंध में छात्राओं को बताया गया। इस मौके पर जिला क्रीड़ाधिकारी बबीता बिष्ट आदि मौजूद रहे। संवाद