राज्य स्थापना महोत्सव के तहत मनेरा स्टेडियम में खेल विभाग की ओर से जिला स्तरीय अंडर-17 बालक वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में 16 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच राइजिंग स्टार चिन्यालीसौड़ के नाम रहा। फाइनल मैच 11 नवंबर को खेला जाएगा।
सोमवार को प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि एसपी मणिकांत मिश्रा ने सभी खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। एसपी मिश्रा ने खिलाड़ियों को खेलने को भी कहा। विशिष्ठ अतिथि के तौर पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच राइजिंग स्टार चिन्यालीसौड़ व डुंडा-प्रथम के बीच खेला गया, जिसमें राइजिंग स्टार चिन्यालीसौड ने निर्धारित 20 ओवरों मे 7 विकेट खोकर 101 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी डुंडा-प्रथम की टीम मात्र 19 रन पर ही ऑलआउट हो गई। प्रतियोगिता का दूसरा मैच ब्रहमखाल व भटवाड़ी के मध्य खेला गया, जिसमें ब्रहमखाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भटवाड़ी को 59 रनो का लक्ष्य दिया। भटवाड़ी की टीम ने मात्र 6 ओवरों में ही 3 विकेट खोकर मैच अपने पक्ष में कर लिया। दिन का तीसरा मैच बड़कोट व गौरसाली के बीच खेला गया, जिसमें गौरसाली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 47 रन बनाए। बड़कोट की टीम ने मात्र 2 विकेट खो कर 6 ओवर में निर्धारित लक्ष्य प्राप्त कर जीत दर्ज की। इस अवसर पर जिला क्रीड़ाधिकारी निधि बिंजोला, उषा, आरती, अंकिता, जितेंद्र सेमवाल, सुरेेंद्र, शशी बाला, आनंद सिंह आदि मौजूद रहे।