रुद्रपुर: पहले शादी का झांसा फिर ब्लैकमेलिंग का आरोप, महिला ने गटका जहर; ये लगाए आरोप
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
विस्तार
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र की एक महिला के ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर जहरीले पदार्थ का सेवन करने का मामला प्रकाश में आया है। महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसने एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।
काशीपुर रोड निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात सीरगोटिया निवासी एक युवक से हुई थी। युवक ने उससे शादी करने और उसके तीन वर्षीय बच्चे को अपना नाम देने का भरोसा दिलाया था। इसी दौरान उसने महिला के साथ शारिरिक संबंध बनाए और आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया। आरोप लगाया कि बाद में युवक शादी करने से मुकर गया और वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करने लगा। महिला ने आरोपी पर फोन पर धमकी देने, उसकी मोबाइल की लोकेशन को ट्रैक कर पीछा करने और अन्य लोगों से फोर कराकर धमकाने का भी आरोप लगाया। महिला ने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह मानसिक रूप से टूट चुकी थी और इससे छुटकारा पाने के लिए जहरीला पदार्थ गटक लिया।
मामले में महिला से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -अजय गणपति, एसएसपी