नानकमत्ता। पुष्पा प्रियंका सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में तैनात पीलीभीत निवासी एक प्रवक्ता की ब्रेन हैमरेज होने से असामयिक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने से स्कूल में शोक की लहर दौड़ गई।
पीलीभीत के ग्राम सिमरिया थाना ललौरीखेड़ा निवासी चैतन्य प्रकाश गंगवार (29) पुत्र नत्थूलाल गंगवार यहां पुष्पा प्रियंका सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भौतिकी के प्रवक्ता थे। वह यहां पत्नी प्रीति गंगवार के साथ वार्ड नंबर तीन में किराए के मकान में रहते थे। शुक्रवार सुबह चैतन्य कॉलेज जाने की तैयारी कर रहे थे। अचानक वह चक्कर खाकर गिर पड़े और उनकी नाक से खून बहने लगा। प्रीती ने तत्काल इसकी सूचना प्रधानाचार्य नीलांबर जोशी को सूचना दी। प्रधानाचार्य और अन्य शिक्षक चैतन्य प्रकाश को पंथरत्न बाबा हरबंस सिंह बाबा टहल सिंह चैरिटेबल अस्पताल ले गए। वहां हालत गंभीर देखते हुए डॉ. सुभाष यादव ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें पीलीभीत रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही रास्ते में चैतन्य प्रकाश ने दम तोड़ दिया। चैतन्य प्रकाश का पिछले वर्ष अप्रैल में ही प्रीति से विवाह हुआ था और वर्तमान में प्रीती गर्भवती है। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। इधर, स्कूल में शोकसभा कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने के बाद शोक में स्कूल की छुट्टी कर दी गई। शोकसभा में विद्यालय प्रबंधक हरीश जोशी, प्रधानाचार्य नीलांबर जोशी, सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य मंगत राम लोस्टा, लक्ष्मी दत्त सकलानी, दीपक भट्ट, प्रकाश काला, नवीन जोशी, ममता सोराणी, तुलसी प्रसाद आदि मौजूद थे।