काशीपुर। डीएवी नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया गया। अधिकतर प्रतियोगिताओं में हल्द्वानी डीएवी के छात्र-छात्राओं ने प्रथम स्थान पाया। रिले रेस में भी हल्द्वानी की टीम अव्वल रही। प्रतियोगिताओं में हल्द्वानी, रुद्रपुर, बाजपुर और काशीपुर डीएवी स्कूल के बच्चों ने प्रतिभाग किया।
शुक्रवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तराखंड एथलेटिक्स संघ चयन समिति के अध्यक्ष विजेंद्र चौधरी और डीएवी स्कूल काशीपुर के प्रधानाचार्य अशोक माथुर ने किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर 1500 मीटर दौड़ शुरू कराई। बालक वर्ग की 1500 मी. दौड़ में बाजपुर के सुखविंदर प्रथम, हल्द्वानी के राज कश्यप द्वितीय और काशीपुर के मोहित सिंह तृतीय रहे। बालिका वर्ग में हल्द्वानी की दीक्षा प्रथम, दिव्या जोशी द्वितीय और शैल खनायत तृतीय रहीं। बालक वर्ग की 800 मी. दौड़ में हल्द्वानी के राज कश्यप, काशीपुर के ललित रावत और बाजपुर के पीयूष डोभाल ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाया। बालिका वर्ग में हल्द्वानी की हर्षिता रावत, बाजपुर की गरिमा जंतवाल और काशीपुर की शालिनी पांडे पहले तीन स्थान पर रहीं। बालक वर्ग की 400 मी. दौड़ में हल्द्वानी के कमल सिंह पहले, बाजपुर के नितिन चौहान दूसरे और काशीपुर के हर्षित चौहान तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में हल्द्वानी की हर्षिता रावत, बाजपुर की कशिश राज और हल्द्वानी की बरखा मेहता ने क्रमश: पहला, दूसरा व तीसरा स्थान पाया। निर्णायक मंडल में सरफराज, वेद प्रकाश शुक्ला, कुमारी मनीषा, तुषार थे। वहां डीएवी हल्द्वानी से केएस कोरंगा, डीके भट्ट, आशा गुप्ता, डीएवी बाजपुर से श्रीनिवास जोशी, डीएवी रुद्रपुर से मनोज कुमार अरोरा आदि रहे।