काशीपुर। ज्ञानार्थी मीडिया कॉलेज में बुधवार को नई शिक्षा नीति पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कुमाऊं विश्वविद्यालय के पूर्व डीन प्रोफेसर भगवान सिंह बिष्ट और साई पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य अरविंद श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कई विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और प्रबंधक भी संगोष्ठी में शामिल रहे।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि नई शिक्षा नीति भविष्य में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए वरदान साबित होगी। स्कूलों में बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ ही व्यावहारिक ज्ञान देने पर भी जोर दिया जाएगा। कॉलेज स्तर पर विद्यार्थियों को शोध करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य कुमाऊं क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में नई शिक्षा नीति को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना और इसके लिए जागरूक करना है। ज्ञानार्थी मीडिया कॉलेज के चेयरमैन संतोष मेहरोत्रा ने वक्ताओं और कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का आभार जताया। नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों को बचपन से ही रोजगारपरक शिक्षा के लिए प्रेरित करने का काम करेगी। वहां संस्था की वॉइस चेयरमैन निभा मेेहरोत्रा, सचिव शिवानी मेहरोत्रा, संस्था प्रमुख प्रतिमा सिंह, रजिस्ट्रार सतीश कांडपाल, मीडिया प्रभारी कर्ण सिंह आदि थे।