रुद्रपुर। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के भारतीय शिक्षा समिति की प्रांतीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में रुद्रपुर सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज ओवरऑल चैंपियन बना। दूसरे स्थान पर हरिद्वार जिला रहा।
सोमवार को सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज के सभागार में मां शारदा की वंदना व लोक नृत्य के साथ दो दिवसीय प्रतियोगिता का समापन किया गया। विजेताओं को मेडल व शील्ड देकर पुरस्कृत किया गया। 200 मीटर दौड़ में सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय की जाह्नवी खाती प्रथम रहीं। वहीं शांतिपुरी की निशा 4000 मीटर दौड़ में प्रथम रहीं। चक्का और भाला फेंक इवेंट में रुद्रपुर की पूजा ने बाजी मारी। हरिद्वार जिले के विकास ने 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में कुल 14 संकुलों से आए 450 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य कैलाश त्रिपाठी, प्रदेश निरीक्षक डॉ. विजयपाल, सुरेशानंद जोशी, प्रदीप, रमाकांत, नीरज, पूरन बिष्ट, शिखा, ज्योति, रमाकांत, सतीश, रवि कुमार पाठक आदि थे।