रुद्रपुर। कांग्रेस नेता अनिल कुमार के बेटे प्रशांत सिंह को घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गदरपुर निवासी अधिवक्ता प्रशांत सिंह शुक्रवार की रात करीब 12 बजे अपने दोस्त महफूज के साथ कार से सामिया लेक सिटी की तरफ जा रहे थे। आरोप है कि इसी बीच कार सवार आदर्श कॉलोनी निवासी सहज विक्र और बराड़ कॉलोनी निवासी अमृत चीमा ने प्रशांत की गाड़ी में टक्कर मारने का प्रयास किया था। आरोपियों ने व्हाट्सएप कॉल कर प्रशांत को जान से मारने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। प्रशांत का यह भी आरोप है कि दोनों आरोपी उनके घर के बाहर भी पहुुंच गए और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। प्रशांत की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ अभय सिंह का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।