अब किसी कार्यक्रम में कुर्सी पर नहीं बैठूंगा : शुक्ला
किच्छा के भाजपा विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि सत्ता के अहंकार में प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और जनता का अपमान कराने का खामियाजा 2017 के चुनाव में कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा। शुक्ला ने कहा कि वह अब से जिले में किसी भी सरकारी कार्यक्रम में कुर्सी पर न बैठकर जमीन पर बैठेेंगे। पिछले दिनों किच्छा में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में उन्हें और जनप्रतिनिधियों को सूचना न देने और शासनादेशों के अनुरूप बहुउद्देशीय शिविर में उनके बैठने तक की व्यवस्था न करने से उपजे विवाद और कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी के जवाब में उन्होंने यह बातें कहीं। कहा कि जिस कुर्सी पर सांसद और विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों को बैठना है वहां कांग्रेस के पदाधिकारियों और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को बैठाकर सरकारी कार्यक्रम का मजाक उड़ाया जा रहा है, इस मामले पर वह राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष के सामने अपना पक्ष रखेंगे।