रुद्रपुर। केंद्र सरकार की जेजेएम (जल जीवन मिशन) योजना से बाजपुर ब्लॉक के सरकड़ी गांव में 300 परिवारों के घर पेयजल कनेक्शन पहुंच गए हैं। यह जिले का पहला ऐसा गांव है जहां जेजेएम के तहत सभी परिवारों को पानी का कनेक्शन दे दिया गया है। पेयजल निगम की ओर से शीघ्र ही सरकड़ी गांव में हर घर जल उत्सव मनाया जाएगा।
बाजपुर ब्लॉक के सरकड़ी गांव में 300 परिवारों को जल पहुंचाने के लिए 100 केएल का ओवरहेड टैंक बनाया गया है। 300 परिवारों को सप्लाई किए जा रहे पानी की अभी टेस्टिंग की जा रही है। हर घर जल उत्सव में ग्रामीण पेयजल एवं स्वच्छता समिति के अध्यक्ष व ग्राम प्रधान जसविंदर सिंह को भारत सरकार की ओर से प्रमाणपत्र दिया जाएगा। जल जीवन मिशन की नोडल अधिकारी मृदुला सिंह ने कहा कि वर्ष 2024 तक जिले में 2,01,229 लोगों के घर कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत 95,406 घरों में कनेक्शन पहुंचा दिया गया है। कहा कि 90 करोड़ रुपये की 26 नई योजनाओं को स्वीकृति मिल गई है।