बाजपुर। नगरीय सहित बीस गांवों की भूमि के मामले को लेकर कांग्रेस सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से एसडीएम के पेशकार को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा।
बता दें कि सात महीने पहले नगरीय सहित बीस गांवों की भूमि की खरीद फरोख्त पर रोक लगा दी गई थी। इसके विरोध में किसानों ने आंदोलन किया था। वही, कांग्रेस ने बाजपुर बचाओ मुहिम शुरू की। इस मुहिम को राजनैतिक और सामाजिक संगठनों ने समर्थन दिया। दो जुलाई को पीड़ित किसानों का प्रतिनिधिमंडल सीएम त्रिवेंद्र रावत से मिला था। सीएम ने एक महीने में भूमि मामले का निस्तारण करने का भरोसा दिया था। शुक्रवार को कांग्रेस और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता संयुक्त रूप से एसडीएम दफ्तर पहुंचे। इस दौरान एसडीएम की गैर मौजूदगी में उनके पेशकार पवन कुमार को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि सीएम को वादा याद दिलाने के लिए ज्ञापन भेजा गया है। वहां कांग्रेस प्रदेश सचिव सुरजीत अग्निहोत्री, कांग्रेस नगर अध्यक्ष राजेंद्र बेदी, भगवंत सिंह मियान, सपा यूथ ब्रिगेड प्रदेशाध्यक्ष अरविंद यादव, धनराज भारती, महकराज सिंह, विनीत मठपाल, कौशलेंद्र प्रताप सिंह, प्रिंसदास, राजकिशोर सिंह, बलहार सिंह, उज्ज्वल सिंह आदि थे।