Udham Singh Nagar News: युवक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंका, सिर पर चोटों के निशान मिले; जानिए पूरा मामला
किच्छा में एक कंपनी के कर्मचारी की हत्या कर शव को सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया गया। घटनास्थल से पुलिस को हत्या में प्रयुक्त डंडा मिला था। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया।
विस्तार
किच्छा में एक कंपनी के कर्मचारी की हत्या कर शव को सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया गया। घटनास्थल से पुलिस को हत्या में प्रयुक्त डंडा मिला था। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया। एसएसपी ने खुलासे के लिए चार टीमें गठित कीं। पुलिस हत्यारे के करीब पहुंच चुकी है। लूट के इरादे से हत्या की बात सामने आ रही है। शनिवार को एसएसपी मामले का खुलासा कर सकते हैं।
बृहस्पतिवार को गंगापुर क्षेत्र के ग्रामीणों ने शहीद स्मारक से रुद्रपुर जाने वाली सड़क किनारे स्थित एक गड्ढे में युवक का शव पड़ा देखा। सूचना पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा, एसपी क्राइम मनोज कुमार कत्याल, सीओ बीएस चौहान, कोतवाल धीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। युवक के सिर पर डंडे से कई वार किए गए हैं।
मृतक की शिनाख्त नीरज कुमार पंत (33) निवासी मानपुर पश्चिम देवलचौड़ हल्द्वानी के रूप में हुई। नीरज सिडकुल की बजाज ऑटो कंपनी में कर्मचारी था। वह रोजाना की तरह 28 अक्तूबर को डयूटी के लिए निकला था। तब से उसके घर नहीं लौटने पर 30 अक्तूबर को भाई हिमांशु ने रुद्रपुर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। शव बरामद होने पर किच्छा कोतवाली में हत्या का केस दर्ज कराया गया।
28 अक्तूबर को कंपनी नहीं पहुंचा नीरज
मामले की छानबीन में पुलिस को पता चला कि नीरज 28 अक्तूबर को कंपनी की बस से सिडकुल आया लेकिन कंपनी में शिफ्ट में नहीं पहुंचा था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो 28 अक्तूबर की रात वह आवास विकास में दिखाई दिया था। आधी रात को वह डीडी चौक से ई-रिक्शा में बैठकर श्याम टाकीज तिराहे तक जाते हुए भी नजर आया। बताया जा रहा है कि तिपहिया वाहन से वह गंगापुर क्षेत्र में आया था। यहां उसकी हत्या की गई थी। पुलिस घटनाक्रम की तह में जाने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने एक महिला के अलावा ई-रिक्शा, ऑटो चालक के साथ ही कुछ संदिग्धों से पूछताछ की है। पुलिस को हत्या के बारे में अहम सुराग हाथ लगे हैं।
आधी रात में लूट के इरादे से हत्या का अंदेशा
बजाज कंपनी के कर्मचारी नीरज की हत्या कर शव सुनसान जगह पर फेंकने के मामले में पुलिस साजिश और लूट दोनों कोण पर जांच कर रही है। अब तक हुई छानबीन में पुलिस के सामने रंजिश का कोई कोण नहीं आ पाया है। ऐसे में पुलिस को लूट के इरादे से हत्या की अंदेशा है। पूछताछ के लिए उठाया गया रुद्रपुर का एक तीन पहिया वाहन चालक पर शक गहरा रहा है। पुलिस संदिग्ध से मिली जानकारियों के आधार पर हत्या की कड़ियां जोड़ रही है।
दरअसल शांत स्वभाव वाले नीरज की हत्या से परिजनों के साथ ही सहकर्मी भी अचरज में हैं। उनकी ओर से नीरज की किसी से रंजिश होने की बात सामने नहीं आई है। घटना की शाम उसके अपने दोस्त के साथ होने की पुष्टि हुई है। हालांकि दोस्त ने भी उसे डीडी चौक पर छोड़ दिया था।
डीडी चौक और किच्छा बाईपास रोड पर स्थित सीसीटीवी की फुटेज से पुलिस को केस के संबंध में अहम सुराग मिले थे। पुलिस ने नीरज के साथ रहे उसके दोस्त के अलावा आधी रात देेखे गए सवारी वाहन के चालकों से पूछताछ की थी।
पुलिस को छानबीन में पता चला कि गंगापुर रोड पर नीरज किसी सवारी वाहन में बैठकर गया था। रात में सड़क पर वाहनों की आवाजाही बेहद कम रहती है। पुलिस मान रही है कि नीरज को झांसे में लेकर सुनसान जगह पर लाया गया होगा और उसकी हत्या कर दी गई होगी।
संदिग्ध से मिली लीड
पूछताछ के लिए उठाए गए एक संदिग्ध ने घटना वाली रात ही किसी हादसे में घायल होने की बात कही है। ये संदिग्ध नीरज के साथ फुटेज में भी दिख रहा है। इस संदिग्ध ने घायल होने के बाद परिवार तक को सूचना नहीं दी थी और घटना को छिपाने का भी प्रयास किया। ऐसे में पुलिस का उस पर शक गहरा रहा है। इस संदिग्ध का पुलिस रिकाॅर्ड होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस हर कोण पर जांच कर रही है। संदिग्ध से मिली लीड से पुलिस हत्या का खुलासा करने से चंद कदम दूर है।
आधी रात रुद्रपुर से आठ किमी दूर सुनसान जगह किसके साथ गया नीरज
जिस जगह पर नीरज का शव बरामद हुआ है, वह रुद्रपुर से करीब आठ किलोमीटर दूर है। यह जगह सुनसान है और यहां पर अक्सर संदिग्ध गतिविधियाें वाले लोगों का जमावड़ा रहता है। अपनी कंपनी में ड्यूटी करने निकला नीरज को आधी रात इस सुनसान जगह पर किसके साथ गया, पुलिस इस सवाल का जवाब ढूंढ रही है। सहयोगी भी नहीं समझ पा रहे हैं कि मृदुभाषी नीरज कंपनी में ड्यूटी पर न आकर शहर में क्यों घूमता रहा। पुलिस की शक की सुई रात में सीसीटीवी में नीरज के साथ दिखा ई-रिक्शा और टेंपो चालक पर भी घूम रहीं है। ----
चार नवंबर को है बेटे का जन्मदिन
नीरज बजाज कंपनी में लंबे समय से काम कर रहा था। वह शादीशुदा था और उसका दो साल का बेटा है। बताया जा रहा है कि चार नवंबर को उसके बेटे का जन्मदिन भी है। परिजन जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच नीरज की मौत ने दीपावली की खुशियों को भी मातम में बदल दिया। संवाद
हत्या के खुलासे के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी, सर्विलांस, संदिग्धों से पूछताछ और घटना के हर पहलु पर टीमें जांच कर रही हैं। घटना के समय मृतक सीसीटीवी फुटेज में जिन लोगों के साथ दिखा था, उनके साथ ही अन्य कई संदिग्धों से पूछताछ की गई है। इस मामले में बेहद अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस हत्या के खुलासे के एकदम करीब है।
- मणिकांत मिश्रा, एसएसपी।