जौलीग्रांट से पंतनगर के लिए भरी उड़ान, पहुंचा दिल्ली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जौलीग्रांट से पंतनगर के लिए हवाई सेवा को शुक्रवार से सीएम ने हरी झंडी तो दिखाई लेकिन पंतनगर एयरपोर्ट पर कम विजिबिलिटी के चलते विमान नहीं उतर पाया। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से 24 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया के 42 सीटर विमान ने पंतनगर के लिए उड़ान भरी थी। इधर, पंतनगर एयरपोर्ट पर हवाई सेवा का उद्घाटन करने आए जनप्रतिनिधियों के साथ ही सीटें बुक कराने वाले यात्री भी फ्लाइट का इंतजार करते रह गए। लंबी प्रतीक्षा के बाद अधिकारियों ने यात्रियों को बताया कि देहरादून से प्लेन दिल्ली चला गया है। प्लेन न आने की सूचना पर यात्रियों में नाराजगी के साथ ही मायूसी छा गई। इसी ऊहापोह की स्थिति को देखते हुए देहरादून जाने वाले 35 में से 15 यात्रियों ने अपने टिकट कैंसिल भी करा दिए।
उधर, जौलीग्रांट में हवाई सेवा शुरू करने के दौरान सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि राज्य के लोगों को उड़ान योजना से सस्ती हवाई सेवा का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि अंतरराज्यीय हवाई सेवाओं को विस्तार देने का प्रयास किया जा रहा है। इस हवाई सेवा से देश विदेश से आने वाले यात्रियों का समय बच सकेगा। एयरपोर्ट निदेशक विनोद शर्मा ने बताया कि देहरादून-पंतनगर हवाई सेवा शुरू होने से देहरादून कुमाऊं मंडल हवाई सेवा से जुड़ गया है। बताया कि यह सेवा सप्ताह में बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी। इस दौरान राज्य विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत के अलावा एयर इंडिया के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे थे।
इधर, पंतनगर एयरपोर्ट पर धरी रह गईं तैैयारियां
पंतनगर। दरअसल पंतनगर एयरपोर्ट में बहुप्रतिक्षित हवाई सेवा केेेे उद्घाटन के लिए भव्य तैयारियां की गईं थी। एयर इंडिया के विमान में 35 यात्रियों ने टिकट बुक कराए थे। प्लेन को 12:15 मिनट पर पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचना था और एक बजकर 15 मिनट पर इसी प्लेन को देहरादून के लिए रवाना होना था। पंतनगर एयरपोर्ट पर हवाई सेवा के उद्घाटन के लिए सांसद भगत सिंह कोश्यारी और क्षेत्रीय विधायक राजेश शुक्ला पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ तय समय पर पंतनगर एयरपोर्ट पहुंच गए थे। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि कोहरे की वजह से विजिबिलिटी न होने के कारण विमान लैंड नहीं कर सकेगा। अधिकारियों ने यात्रियों को बताया कि फ्लाइट दिल्ली से देहरादून पहुंच गई है। इसके बाद सांसद कोश्यारी और विधायक राजेश शुक्ला भी दोपहर बाद उद्घाटन कार्यक्रम करने की बात कहकर एयरपोर्ट से चले गए। सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट पर ऐसे यंत्रों का प्रबंध किया जाएगा, जिनसे कोहरे और अंधेरे में भी प्लेन उतर सकें।
- विपरीत मौसम की वजह से फ्लाइट रद्द हुई है। पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुरूप फ्लाइट जारी रहेगी। शनिवार को देहरादून और दिल्ली के लिए फ्लाइट जाएगी।
- संजीव कुमार सिंह, एयरपोर्ट निदेशक
-
- शुक्रवार को पंतनगर एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी 1100 मीटर थी और 72 सीटर विमान 2300 मीटर विजिबिलिटी में ही लैंड कर सकता है।
- वीरेंद्र सिंह, प्रबंधक, एयर इंडिया