पकड़ा गया बीएसएफ का फर्जी आईजी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऊधमसिंह नगर में पिछले एक साल से पुलिस कर्मियों और अधिकारियों को बीएसएफ का आईजी बनकर बेवकूफ बनाने और ठगी करने के आरोपी को आखिरकार रुद्रपुर की एसओजी टीम ने बुधवार रात को दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। एसओजी टीम ने आरोपी को सर्विलांस की मदद से पकड़ा है।
पिछले दिनों आरोपी ने एसएसपी केवल खुराना को फोन करके अपने को बीएसएफ का आईजी बताकर उनसे अपना मोबाइल को पांच सौ रुपये से रिचार्ज कराने को कहा था। बाद में एसएसपी खुराना को शक हुआ तो उन्होंने उक्त नंबर को तत्काल सर्विलांस पर लगाने के आदेश दिए। इसके बाद आरोपी रुद्रपुर पुलिस के शिकंजे में आ गया। अमर उजाला ने इस समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
पुलिस लाइन में एसएसपी केवल खुराना ने बताया कि नजफगढ़ का रहने वाला राहुल सैन गुप्ता पिछले काफी वर्षों से अपने मोबाइल के जरिए फोन करके पुलिस के अफसरों, कर्मचारियों और अन्य अधिकारियों को आईजी बीएसएफ बताकर बेवकूफ बनाता है। उन्होंने बताया कि आरोपी दिमागी तौर पर खुद को कमजोर बता रहा है। फोन से जब वह आईजी बनकर बात करता है तो कुछ क्षणों के लिए व्यक्ति आरोपी की बातों में आ जाता है, क्योंकि उसके बात करने का अंदाज अफसरों जैसा होता है। एसएसपी खुराना ने बताया कि राहुल सैन गुप्ता काफी समय से इस तरह का काम कर रहा है। पुलिस अभी उससे और पूछताछ कर रही है कि आखिर उसका रुद्रपुर में कहां-कहां नेटवर्क है। पता चला है कि वह बंगाली झोलाछाप डाक्टरों के भी संपर्क में था। यहीं से उसको जिले के अधिकारियों के तबादले और उनके मोबाइल नंबर की जानकारी होती है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।