रुद्रपुर। एजुकेशनल मिनिस्टीरियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के बैनर तले तीन सूत्री मांगों को लेकर कुमाऊं भर के कर्मचारियों का आमरण अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय के आश्वासन के बावजूद कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठे रहे। शनिवार को मिनिस्टीरियल फेडरेशन के महामंत्री मोहन राठौर और उत्तराखंड जनरल ओबीसी एसोसिएशन के महामंत्री दीप जोशी ने धरनास्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों को समर्थन दिया।
बता दें कि शुक्रवार को एजुकेशनल मिनिस्टीरियल ऑफिसर्स एसोसिएशन ऊधमसिंह नगर के जिला सचिव हरजीत सिंह की आमरण अनशन के दौरान तबीयत बिगड़ गई थी। शनिवार को मंडलीय महामंत्री धीरेंद्र पाठक, पिथौरागढ़ जिला अध्यक्ष सौरभ चंद, चंपावत जिला सचिव रविंद्र पांडेय और अल्मोड़ा जिला सचिव पंकज जोशी को भी भूख हड़ताल के दौरान जोड़ों में दर्द की शिकायत हुई। अनशन पर बैठे कर्मचारियों ने अधिकारियों पर उनकी सुध न लेने का आरोप लगाया। इसके बाद कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय के गूलरभोज स्थित आवास पर पहुंचकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। शिक्षा मंत्री ने दूरभाष पर शिक्षा निदेशक से वार्ता करने के बाद कर्मचारियों की समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया लेकिन कर्मचारियों ने लिखित आश्वासन की मांग करते हुए आमरण जारी रखा। उन्होंने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, आमरण अनशन जारी रहेगा। वहां वीरेंद्र कुमार पांडेय, चौधरी अमरदीप चौधरी, भूपेंद्र सिंह खाती, प्रदीप यादव आदि थे।