सितारगंज। किसान आयोग के उपाध्यक्ष राजपाल सिंह ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान बचाव में लगे प्रशासन के साथ किसान भी एक कड़ी की तरह जुड़े हैं। देश में खाद्यान्न की कमी नहीं होगी लेकिन किसान ओलावृष्टि और बारिश की मार से परेशान है। उनका गेहूं उचित दाम पर खरीदा जाए।
सोमवार को कृषि उत्पादन मंडी समिति के सभागार में राजपाल सिंह और अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष इकबाल सिंह लाडी ने प्रशासन और राइस मिलरों के साथ बैठक की। राजपाल ने कहा कि राइस मिलर सरकारी मानकों के अनुसार गेहूं नहीं ले रहे हैं। प्रति क्विंटल डेढ़ किलो से अधिक कटौती हो रही है। फसल का नकद भुगतान भी नहीं हो रहा। शिकायत मिलने पर राइस मिलर पर कार्रवाई होगी। राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रांतीय उपाध्यक्ष शिवकुमार मित्तल ने कहा कि राइस मिलर ज्यादा मुनाफा नहीं कमा रहे हैं। धान की सरकार ने अभी तक पेमेंट नहीं की। वारदाना न होने से भी दिक्कतें आ रही हैं। अधिकतर पल्लेदार यूपी के नजदीकी गांवों से आते हैं लेकिन बॉर्डर सील होने के कारण वह नहीं आ पा रहे हैं और काम प्रभावित हो रहा है। इधर, लाडी ने तौल केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। वहां पर एसडीएम विवेक प्रकाश, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय सलूजा, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष आदेश ठाकुर, प्रभारी निरीक्षक सलाउद्दीन, मंडी सचिव ललित मोहन पांडे, एसएमआई ओम नारायण मिश्रा, धनवीर गुसाईं, एडीओ गौरव कुमार शर्मा, अर्पित अग्रवाल, वेद प्रकाश, सुरेश चंद, रितेश गोयल, मदन लाल आदि थे।