Udham Singh Nagar News: युवक पर पिस्टल से झोंके फायर, हाथ जख्मी; CCTV मे कैद हुई घटना
खेड़ा में दो पक्षों के बीच हो रहे झगड़े में बीचबचाव करना एक युवक को भारी पड़ गया। एक पक्ष के युवक ने उस पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। इससे हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के खेड़ा में दो पक्षों के बीच हो रहे झगड़े में बीचबचाव करना एक युवक को भारी पड़ गया। आवेश में आए एक पक्ष के युवक ने उस पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। इससे हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
वार्ड नंबर सात खेड़ा निवासी मोहम्मद इमरान ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि बुधवार देर रात उनके घर के बाहर शोर हो रहा था। वह अपने पिता मोहम्मद हारून के साथ घर से बाहर पीपल के पेड़ के वाले चौराहे पर आए थे। वहां पर मोहल्ले में रहने वाले नंदन उर्फ चंदन यादव, इजाज और रिजवी वहीं के रहने वाले अयान के साथ मारपीट कर रहे थे। उन्होंने मारपीट करने से रोका तो इजाज एवं रिजवी ने नंदन उर्फ चंदन को उन पर हमले के लिए उकसाया।
इस पर नंदन ने जान से मारने की नियत से उन पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक गोली उसके दाहिने हाथ में लगी जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। आरोपियों ने जाते हुए उसे और उसके पिता को देख लेने की धमकी दी। उसने जिला अस्पताल में अपना इलाज कराया।
इधर फायरिंग के बाद खेड़ा में अफरातफरी मच गई। सूचना पर रंपुरा चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार टीम के साथ वहां पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल से प्रकरण की जानकारी ली। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो गया। इसमें आरोपी पिस्टल से फायर करता हुआ दिख रहा है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
खेड़ा में हुई फायरिंग की घटना में केस दर्ज किया गया है। पुलिस टीमें अभियुक्तों की तलाश कर रही हैं। गुंडागर्दी करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। - मणिकांत मिश्रा, एसएसपी