बाजपुर। काशीपुर हाईवे स्थित गांव कनौरा में दस टायरा डंपर ने एक किशोर को रौंद दिया। किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जमकर हंगामा किया। इससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर पहुंची सीओ दीपशिखा अग्रवाल, कोतवाल संजय पांडेय ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया। शव का पंचनामा भरकर बाजपुर सीएचसी के मोर्चरी में रखवा दिया।
शुक्रवार शाम को गांव कनौरा निवासी तौफीक का 14 वर्षीय बेटा मो. अर्श घास लेकर घर लौट रहा था। अचानक सामने से आ रहे खाली डंपर ने उसे रौंद दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक डंपर लेकर अपनेे गांव कनौरा घर चला गया। खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान कुछ ग्रामीण डंपर चालक के घर की ओर चले गए। जिस पर पुलिस ने उन्हें बमुश्किल रोका। सीओ दीपशिखा अग्रवाल, कोतवाल संजय पांडेय ने उत्तेजित लोगों को बमुश्किल समझाकर शांत किया। हाईवे से भीड़ को हटाया। ग्रामीणों के तेवर देखकर आसपास थानों से पुलिस फोर्स बुलाया गया। इधर, सीओ ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया। डंपर स्वामी से पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार मोहम्मद अर्श कक्षा आठ का छात्र था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही माता-पिता सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।