दिल्ली के उद्यमी की पैकेजिंग फैक्ट्री में धधकी आग
डिस्पोजल बनाने वाली फैक्ट्री में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे 60 लाख रुपये कीमत की मशीनों समेत करीब एक करोड़ रुपये का माल जलकर नष्ट हो गया। सूचना पर पहुंचे दमकल विभाग के चार वाहनों ने करीब तीन घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दिल्ली निवासी तरुण नागपाल की ग्राम शिमला में तरुण पैकेजिंग के नाम से डिस्पोजल बनाने की फैक्ट्री है। फैक्ट्री में थर्माकोल की प्लेट, ग्लास, कटोरी आदि बनाए जाते हैं। बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे फैक्ट्री में नई शिफ्ट के लिए सफाई चल रही थी। इसी बीच फैक्ट्री के बाहर लगे ट्रांसफार्मर से हाई वोल्टेज आने से फैक्ट्री के सभी उपकरण धमाके के साथ टूट गए और आग लग गई। यह देख फैक्ट्री में मौजूद कर्मियों में अफरातफरी मच गई। चूंकि फैक्ट्री में बन रहा अधिकांश सामान थर्माकोल और कागज का था, लिहाजा कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग और फैक्ट्री के सवामी तरुण नागपाल को दी गई। सूचना पर पुलिस के साथ ही एफएसओ हरीश गिरी दमकल विभाग के प्रहलाद सिंह, लोकपाल सिंह, नवीन राम, विमल देव चार वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फैक्ट्री स्वामी तरुण नागपाल ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही उन्होंने कई नई मशीनें लगाई थीं। नागपाल के मुताबिक 60 लाख रुपये की मशीनों और करीब 40 लाख का तैयार माल भी जलकर राख हो गया है। नागपाल ने बताया कि उन्होंने छह महीने पहले ही करोड़ों रुपये की लागत से फैक्ट्री शुरू की थी।