एसआईटी ने चावल के आठ नमूने जांच को भेजे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एसआईटी ने चावल के स्टॉक के बाद अब गुणवत्ता पर भी निगरानी शुरू कर दी है। एसआईटी में शामिल खाद्य विभाग की टीम ने रुद्रपुर, काशीपुर, किच्छा से चावल के आठ नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। बताया जा रहा है कि राज्य भंडारण निगम के तकनीकी स्टाफ ने रुद्रपुर गोदाम में रखे चावल के नमूनों को पास कर दिया है। एसआईटी की ओर से भेजे गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही गुणवत्ता की हकीकत सामने आएगी। इधर, एसआईटी ने पिछले सत्र में हुई धान खरीद के बारे में भी संबंधित मंडियों के सचिवों से भी पूछताछ की है। एसआईटी की जांच में अचानक फुर्ती आने से भंडारण निगम के अधिकारी, कर्मचारियों में खलबली मची है।
स्टेट पूल गोदाम में चावलों के स्टॉक को लेकर एसआईटी जांच कर रही है। 12 सितंबर से रुद्रपुर गोदाम से शुरू हुई स्टॉकों की जांच काशीपुर और किच्छा भी पहुंच गई। रुद्रपुर को छोड़कर बाकी गोदामों में चावलों के कट्टों की अचानक जांच की गई थी। जांच में स्टॉक रजिस्टर में खामी, दोहरी मुहर, यूपी खाद्य निगम के अलावा धुंधली और बिना मुहर के कट्टे भी मिले हैं। बृहस्पतिवार को रुद्रपुर गोदाम में रखे करीब साढ़े 10 हजार कट्टों की जांच पूरी हो गई। इसके बाद चावल की गुणवत्ता जांचने के लिए एसआईटी में शामिल खाद्य विभाग के अधिकारियों ने चावल के नमूने लिए।
सूत्रों ने बताया कि भंडारण निगम के तकनीकी स्टाफ ने रुद्रपुर गोदाम में रखे चावल के नमूने लेकर पास कर दिया था। लेकिन एसआईटी ने चावल के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाया है। रुद्रपुर, किच्छा और काशीपुर गोदाम से भी दो-दो नमूने लेकर जांच को भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर आने की संभावना है। एसआईटी का मामला होने की वजह से कोई भी कुछ बोलने से इनकार कर रहा है। इधर, एसआईटी में शामिल एडीएम जगदीश कांडपाल ने बैठक में व्यस्त होने का हवाला देते हुए बात करने में असमर्थता जताई।
गुणवत्ता को लेकर चेताया था
जब रुद्रपुर गोदाम में चावल के स्टॉक की जांच शुरू हुई तो अमर उजाला ने कट्टों में रखे चावल की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए थे। कट्टों से बाहर बिखरे पड़े चावल अधोमानक थे। तब एसआईटी ने केवल स्टॉक जांचने की ही बात कही थी। लेकिन अब एसआईटी ने भी चावल की गुणवत्ता को जांचने के लिए नमूने भिजवा दिए हैं।
अंधेरा होने की वजह से नहीं लिए नमूने
आरएफसी के गोदाम में नमूना लेने गई टीम अंधेरा होने के कारण नमूना नहीं ले पाई। शुक्रवार को किच्छा गोदाम से चावला के नमूने लिए जाएंगे। अधिकारियों ने गोदाम सील कर दिया है। दो दिन पूर्व एसआईटी ने गोदाम में रखे 6010 चावल के कट्टो में से 610 कट्टों की जांच कर अलग रखवा दिया था। बृहस्पतिवार को एसआईटी गोदाम पहुंची। टीम में खाद्य विभाग के अधिकारी भी शामिल थे। लेकिन अंधेरा होने की वजह से नमूना लेने की कार्रवाई नहीं हो सकी। इसके बाद टीम लौट गई और अब शुक्रवार को नमूने लिए जाएंगे।