{"_id":"5b9027ed867a557ed0490b08","slug":"sanjeev-could-have-saved-his-life-not-taking-help-from-pritam","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्रीतम से मदद न मांगता को नहीं जाती संजीव की जान","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
प्रीतम से मदद न मांगता को नहीं जाती संजीव की जान
ब्यूरो/अमर उजाला/ ऊधमसिंह नगर
Updated Thu, 06 Sep 2018 12:31 AM IST
विज्ञापन
संजीव का फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्णागिरि मंदिर में दर्शन के लिए गया संजीव अगर परिजनों से बिछड़ने के बाद प्रीतम से अपने घर रुद्रपुर पहुंचने के लिए मदद नहीं मांगता तो शायद उसकी जान नहीं जाती। परिजनों से बिछड़ने के बाद तीन सौ रुपये जेब में लेकर घूम रहे संजीव ने प्रीतम से मदद मांगी और प्रीतम ने मदद करने के नाम पर जंगल में ले जाकर उसका कत्ल कर दिया।
विज्ञापन
21 मई 2017 को अपने दो बड़े भाइयों सुशील, दीपक और क्षेत्र के लोगों के साथ 16 साल का संजीव मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए गया था। संजीव के बड़े भाई दीपक और सुशील ने बताया कि 21 मई की रात करीब डेढ़ बजे पूरा जत्था भैरव मंदिर पहुंचा और एक धर्मशाला में रुककर स्नान आदि की व्यवस्था करने लगा। लेकिन, संजीव माता के दर्शन को इतना उतावला था कि उन्हें बताए बिना ही मां के दर्शन के लिए चला गया और दर्शन करके लौट आया।
विज्ञापन
इसके बाद परिजन 22 मई की तड़के तीन बजे मां के दर्शन के लिए निकले तो संजीव फिर उनके साथ चल दिया। लेकिन, रास्ते में उनसे बिछड़ गया। सुबह करीब सात बजे भैरव मंदिर से कुछ दूरी पर प्रीतम उसे मिला। उसने प्रीतम से उसे उसके घर लौटने में मदद करने को कहा। उसने प्रीतम को बताया कि उसके पास तीन सौ रुपये हैं और वह बस तक उसे छोड़ दे। प्रीतम ने उसे शॉर्टकट रास्ते से बस तक छोड़ने की बात कही और जंगल में ले गया जहां उसने संजीव के तीन सौ रुपये और दो मोबाइल लूटने के बाद उसकी हत्या कर दी।
विज्ञापन
सीबीसीआईडी कर रही संजीव मामले की जांच
टनकपुर/रुद्रपुर। रुद्रपुर के घासमंडी मोहल्ले का संजीव 21 मई 2017 को मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए आया था। 22 मई को भैरव मंदिर के पैदल रास्ते से लौटते वक्त अचानक लापता हो गया था। परिजनों की सूचना पर टनकपुर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर संजीव की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। बाद में संजीव के भाई सुशील ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की। हाईकोर्ट के आदेश पर गुमशुदगी को अपहरण की धारा 365 में तरमीम कर मामले की जांच सीबीसीआईडी को सौंप दी गई। वर्तमान में सीबीसीआईडी मामले की जांच कर ही रही थी कि सिलाड़ ग्राम पंचायत के चाचड़ी तोक में हुए तिहरे हत्याकांड के खुलासे में संजीव के लापता होने का राज भी खुल गया।
तिहरे हत्याकांड में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा
हल्द्वानी से टीम के साथ टनकपुर पहुंचे सीबीसीआईडी इंस्पेक्टर पावन स्वरूप एवं सीओ आरएस रौतेला के नेतृत्व में पुलिस बुधवार सुबह करीब आठ बजे संजीव के भाई सुशील और आरोपी प्रीतम सिंह को साथ लेकर पूर्णागिरि धाम क्षेत्र में भैरो मंदिर से तीन किमी नीचे गधेरे में गई। मौके पर रेत और मिट्टी खोदी गई। करीब 11 बजे वहां मानव कंकाल एवं गले हुए कपड़े बरामद हुए। संजीव के भाई सुशील ने अंडरवियर से कंकाल संजीव का होने की पुष्टि की है। पुलिस, सीबीसीआईडी की टीम आरोपी और कंकाल को लेकर लौट आई। आरोपी प्रीतम को टनकपुर में पुलिस हिरासत में रखा गया है। कंकाल भी अभी टनकपुर पुलिस और सीबीआईडी के कब्जे में है। देर शाम तिहरे हत्याकांड में चंपावत कोतवाल सलाउद्दीन ने प्रीतम सिंह और उसके सहयोगी विशाल को जिला न्यायाधीश की अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
संजीव का भाई बोला, हत्यारे को फांसी जरूर दिलाना
टनकपुर। खुदाई में भाई का कंकाल और अंडरवियर मिलने पर संजीव के बड़े भाई सुशील फफक पड़े। उन्होंने रोते हुए पुलिस एवं सीबीसीआईडी के अधिकारियों से हत्यारोपी प्रीतम को फांसी की सजा दिलाने की गुहार लगाई। वह सामने खड़े हत्यारोपी प्रीतम को कोसते हुए बोला कि उसे महंगे से महंगा मोबाइल दे देते, लेकिन उसनेे सिर्फ मोबाइल के लिए उनके दिल के टुकड़े की हत्या क्यों कर दी। सुशील ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि मेरे भाई संजीव की आत्मा को तभी शांति मिलेगी, जब प्रीतम जैसे हत्यारे को फांसी पर लटकाया जाएगा। डेढ़ साल बाद संजीव की मौत की खबर सुनकर उसके पिता धर्मवीर और मां जगरोशनी के साथ ही पूरा परिवार सदमे में है। संजीव के साथ की गई क्रूरता को सुनकर उसके माता-पिता का कहना है कि अगर प्रीतम को फांसी की सजा मिले तो उनके बेटे का न्याय मिलेगा।
मृतक का डीएनए सैंपल लेगी पुलिस
पुलिस संजीव का डीएनए सैंपल लेने की तैयारी कर रही है साथ ही शिनाख्त के लिए पुलिस उसके माता-पिता का डीएनए सैंपल भी लेगी। एसपी चंपावत धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि डीएनए सैंपल लेने के बाद सीबीसीआईडी भी मामले की जांच करेगी।