कामन नदी में डूबकर चरवाहे की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नानकमत्ता। कामन नदी पार कर रहे एक चरवाहे की पानी में डूबकर मौत हो गई। जल पुलिस व थाना पुलिस ने ग्रामीणाें के साथ पानी में डूबे चरवाहे की ढूंढ खोज के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब साढ़े छह घंटे बाद घटनास्थल से सौ मीटर दूरी पर नदी किनारे झाड़ियों में ग्रामीण का शव पड़ा मिला। शनिवार की सुबह आठ बजे ग्राम रतनपुर थाना खटीमा निवासी रोशन राणा (50) पुत्र नंदराम नानकसागर बैराज के किनारे जानवर चराने गया था। उसके साथ गांव के ही अरविंदर सिंह, योगेश सिंह, दलीप सिंह भी अपने जानवर चुगाने ले गए थे। जानवर चरते-चरते कामन नदी पार पहुंच गए।
रोशन राणा एवं अन्य लोग नदी पार कर जानवरों को वापस हांककर लाने लगे। अरविंदर, योगेश, दलीप नदी पार कर बाहर आ गए। लेकिन रोशन के आते समय जलस्तर अचानक बढ़ गया और वह डूबने लगा। 50 मीटर दूर तक वे बचाव के लिए चीखता पुकारता चला गया। उसको बचाने के लिए साथी व आसपास के ग्रामीणों ने नदी में गोते लगाए। लेकिन, वह नहीं मिला। परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो वह भी घटनास्थल दौड़ पड़े। ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष अशोक कुमार और प्रतापपुर चौकी इंचार्ज कमल कोरंगा को इसकी सूचना दी।
जिस पर एसओ और चौकी इंचार्ज जल पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। जल पुलिस कर्मी नवनीत कुमार, रघुनाथ गोस्वामी, रमेश नाथ गोस्वामी, महेश जोशी ने ग्रामीणों और नाव की सहायता से रोशन की तलाश शुरू कर दी। साढे़ छह घंटे तक चले अभियान के बाद घटनास्थल से सौ मीटर की दूरी पर नदी किनारे झाड़ियो में रोशन का शव बरामद हुआ। मृतक की पत्नी कमला देवी, पुत्र गिरीश राणा, पुत्री हेमलता का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।