Coronavirus in Uttarakhand : कोरोना संक्रमित डॉक्टर ने चकरपुर में कटवाए थे बाल
चम्पावत जिला प्रशासन की ओर से ऊधमसिंहनगर जिले की सीमा जगबूढ़ा पुल पर तैनात डॉक्टर, दरोगा समेत चार कर्मियों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर दोनों जिलों का तंत्र उनकी ट्रेवल हिस्ट्री खंगालने में जुटा है।
डॉक्टर व संक्रमित पुलिस कांस्टेबल के खटीमा क्षेत्र में रविवार को ही मिलने और डॉक्टर द्वारा चकरपुर कस्बे में एक सैलून से बाल कटवाने की बात सामने आई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों के 12 परिजनों को होम क्वारंटीन व सैलून वाले को आइसोलेट कर दिया है।
खटीमा का प्रशासन सक्रिय
सोमवार को जिले की सीमा पर तैनात डॉक्टर व पुलिस कांस्टेबल के खटीमा क्षेत्र का होने की जानकारी मिलते ही खटीमा का प्रशासन सक्रिय हो गया। स्वास्थ्य विभाग के कोरोना जांच टीम के डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि डॉक्टर के खटीमा की एक कालोनी स्थित घर में पत्नी व दो बच्चों से मिलने आने पर उनको होम क्वारंटीन कर दिया है।
डॉक्टर ने रविवार को चकरपुर कस्बे में एक सैलून से बाल बनवाए थे। सैलून वाले को आइसोलेट कर सैंपल जांच के लिए भेजा जा रहा है, जबकि पुलिस कांस्टेबल भी अपने परिजनों से मिला था। उसके परिजनों को भी होम क्वारंटीन कर दिया है। उनके स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है।