Udham Singh Nagar News: अपने ही महकमे में नहीं हुई सुनवाई...तो दरोगा ने अदालत में गुहार लगाई, जानिए मामला
रुद्रपुर शहर के एक दरोगा के प्रार्थनापत्र पर जब अपने ही महकमे ने सुनवाई नहीं की तो वह न्यायालय की शरण में पहुंच गया। अदालत के आदेश पर अब आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
विस्तार
पुलिस की ओर से सुनवाई नहीं करने पर पीड़ितों के अदालत की शरण में जाकर केस दर्ज करवाने के मामले सामने आते रहते हैं। शहर के एक दरोगा के प्रार्थनापत्र पर जब अपने ही महकमे ने सुनवाई नहीं की तो वह न्यायालय की शरण में पहुंच गया। अदालत के आदेश पर अब आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
साढ़े तीन महीने पहले वाहन चेकिंग के दौरान तत्कालीन आदर्श काॅलोनी इंचार्ज और युवक के बीच हुआ विवाद चर्चा में आ गया है। इंचार्ज ने युवक से खुद और परिवार की जानमाल का खतरा बताया है
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में दिए प्रार्थनापत्र में एसआई संदीप पिलख्वाल निवासी रिजर्व पुलिस लाइन रुद्रपुर ने कहा था कि आदर्श काॅलोनी चौकी प्रभारी रहते हुए वे 18 सितंबर को मंगलम बर्गर के पास स्थित चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने दो चालकों के विरुद्ध ट्रिपल राइडिंग और कागजात नहीं होने पर उनके वाहनों की सीज करने की कार्रवाई की। इसके अलावा, हेलमेट नहीं पहने पर दो वाहन चालकों का नकद चालान किया गया था। उस दौरान ट्रिपल राइडिंग करते हुए एक बाइक चालक को भी रोका गया था।
पुलिस को देखकर बाइक पर बैठा तीसरा युवक भाग गया था। जब बाइक चालक से पूछताछ की गई तो वह गालीगलौज पर उतारू हो गया। उसने न तो नाम-पता बताया और ना ही कागजात दिखाए। उन्होंने बाइक सीज करने की बात कही तो युवक ने देख लेने की धमकी दी थी। वह भागने की कोशिश कर रहा था तो उन्होंने युवक को पकड़ लिया था। आरोप था कि युवक ने उनकी सरकारी पिस्टल छीनने की कोशिश की थी लेकिन निकाल नहीं सका था।
रामपुर के बिलासपुर का रहने वाला है आरोपी
दरोगा का दावा है कि तैश में आकर युवक ने उन्हें देख लेने और टपकाने की धमकी दी थी। यह धमकी मौके पर बनाई वीडियो में स्पष्ट सुनाई दे रही है। युवक ने अपने साथियों को भी मौके पर बुलाया था। इसके बाद युवक को गिरफ्तार कर आदर्श काॅलोनी चौकी में ले जाकर पूछताछ की गई थी। उसने अपना नाम यश सिंह निवासी ग्राम सीरसखेड़ा, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर बताया था। उसकी बाइक को सीज कर दिया गया था। आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी और सरकारी कार्य करने में बाधा पहुंचाते हुए धार्मिक उन्माद फैलाने का प्रयास किया था।
20 सितंबर को एसएसपी को दिया था प्रार्थनापत्र
दरोगा के अनुसार आरोपी यश के साथियों ने अपूर्ण वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो के बाद उनको फेसबुक पर भी धमकियां दी जा रही हैं। वहीं, ड्यूटी के दौरान और घटना के बाद से लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इसके बाद से ही वह और उनके परिजन डरे हुए हैं। वह मानसिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने 20 सितंबर को एसएसपी को प्रार्थनापत्र दिया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उनकाे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। पुलिस ने अब यश के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
वीडियो वायरल हुआ तो चौकी से इंचार्ज को था हटाया
विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। दरोगा संदीप के खिलाफ सिख संगठनों ने गल्ला मंडी में महापंचायत की थी। इस दौरान दरोगा को बर्खास्त करने की मांग भी की गई थी। मामले ने तूल पकड़ा तो दरोगा को लाइन हाजिर करने के बाद उसका दूसरे जिले में तबादला कर दिया गया था।