Road Accident: खटीमा बाइपास में ट्रैक्टर से भिड़ंत में कार चालक की मौत, बनबसा से हल्द्वानी लौट रहा था सीताराम
खटीमा बाइपास पर देर रात को हुई कार और ट्रैक्टर-ट्राॅली की भिड़ंत में कार चालक की मौत हो गई। इस दुखद घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
विस्तार
खटीमा बाइपास पर मंगलवार देर रात को हुई कार और ट्रैक्टर-ट्राॅली की भिड़ंत में कार चालक की मौत हो गई। इस दुखद घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
हल्द्वानी के आरटीओ रोड, लालपुर निवासी सीताराम (62) पुत्र कैलाश चंद मंगलवार देर रात को बनबसा (चंपावत) से कार में घर लौट रहे थे। खटीमा बाइपास पर उनकी कार की पहेनिया की ओर से से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली से टक्कर हो गई। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही ट्रैक्टर का पिछला टायर निकल गया। घटना की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को मोर्चरी रखवा दिया। कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने बताया कि बुधवार को पंचनामा भर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। बताया जा रहा कि सीताराम मार्केटिंग का काम करते थे। इसी सिलसिले में वह बनबसा गए थे।
दो ट्रकों में हुई भिड़ंत, केबिन में फंसा चालक जख्मी
हल्द्वानी रोड पर दो ट्रकों की भिड़ंत में एक ट्रक का चालक बुरी तरह जख्मी हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह घायल ट्रक चालक को केबिन से बाहर निकाला। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। उसके पैरों में गंभीर चोट आई है।
बुधवार दोपहर बहेड़ी के ग्राम मिर्जापुर निवासी रिजवान अपने ट्रक को हल्द्वानी से किच्छा ला रहा था। काली मंदिर चौक पर सामने से आ रहे ट्रक से उसका ट्रक भिड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का केबिन अंदर की ओर धंस गया और रिजवान उसमें फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को बाहर निकलवाकर सीएचसी पहुंचाया। बताया जा रहा है कि हेल्पर मो. जफर मामूली घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर जाम लग गया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से दोनों ट्रकों को हटाकर जाम खुलवाया।