{"_id":"118-90328","slug":"Udham-singh-nagar-90328-118","type":"story","status":"publish","title_hn":"पेड़ों के कटान से हाइवे जाम ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पेड़ों के कटान से हाइवे जाम
Udham singh nagar
Updated Mon, 20 Oct 2014 05:33 AM IST
विज्ञापन
गदरपुर। सड़क चौड़ीकरण को पेड़ों के कटान से हाइवे पर जाम लग गया। पेड़ हटाने के बाद पुलिस और विभागीय लोगों ने ट्रैफिक को वन-वे कर यातायात सुचारु कराया। हाइवे चौड़ीकरण को पिछले कुछ दिनों से वन निगम कर्मियों द्वारा हाइवे के दोनों ओर पेड़ों का कटान व गिरान कराया जा रहा है। बीते सोमवार को कटान के दौरान धौलपुर के निकट वन चौकीदार तारा सिंह बिष्ट की गिर रहे पेड़ की चपेट में आकर मौत हो गई थी। रविवार से पुन: कटान की शुरूआत की गई। दिनभर चले पेड़ों के कटान, गिरान के दौरान रविवार शाम धौलपुर के निकट मुख्य मार्ग पर गिरे पेड़ की कटाई के दौरान मार्ग के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व विभागीय कर्मियों ने ट्रैफिक को वन-वे कर यातायात सुचारु कराया। रुद्रपुर रेंज के अनुभाग अधिकारी केएस बिष्ट के मुताबिक हाईवे चौड़ीकरण के तहत दोराहा बाजपुर से किच्छा तक वन निगम की सात इकाइयों द्वारा तेजी से पेड़ों के कटान और गिरान का कार्य किया जा रहा है। उधर अनाज मंडी में धान की आवक, दीपावली पर्व के कारण रविवार देर शाम तक मुख्य बाजार में भी जाम सी स्थिति बनी रही।
विज्ञापन