{"_id":"118-90305","slug":"Udham-singh-nagar-90305-118","type":"story","status":"publish","title_hn":"चूल्हों से भरा कैंटर जलकर राख, झोपड़ी भी जली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चूल्हों से भरा कैंटर जलकर राख, झोपड़ी भी जली
Udham singh nagar
Updated Mon, 20 Oct 2014 05:34 AM IST
विज्ञापन
सितारगंज। सिडकुल की एक फैक्ट्री से गैस के चूल्हे लेकर दिल्ली जा रहे कैंटर में आग लगने से कैंटर समेत सभी चूल्हे जलकर राख हो गए। इसके अलावा आग की चपेट में आकर एक झोपड़ी भी नष्ट हो गई। इससे फैक्ट्री को करीब आठ लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग इतनी जबरदस्त लगी थी कि कैंटर से करीब 100 फीट तक के दायरे में पेड़ भी झुलस गए। कैंटर में आग का कारण फिलहाल शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। सिडकुल की एसोेसिएटेड एप्लाइंसिस लिमिटेड में गैस के चूल्हे बनाए जाते हैं। शनिवार देर रात करीब 10 बजे फैक्ट्री से गोविंदपुर निवासी दिलीप कुमार के कैंटर यूके 06 सीए 0457 में ड्राइवर ग्राम नौला थाना बहेड़ी जिला बरेली निवासी अंबा प्रसाद दिल्ली के संजय गांधी ट्रांसपोर्ट के लिए 810 चूल्हे भरकर निकला। बताया जाता है कि रात अधिक होने पर ड्राइवर अंबा प्रसाद अपने गांव में ही सड़क किनारे कैंटर खड़ा कर घर चला गया। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे अचानक ही कैंटर में आग लग गई। इससे गांव में हड़कंप मच गया। गांव के लोगों ने फायर ब्रिगेड और बहेड़ी पुलिस को आग की घटना की जानकारी दी। जब तक फायर ब्रिगेड का वाहन और पुलिस मौके पर पहुंचती आग ने विकराल रूप ले लिया और कैंटर और उसमें रखे चूल्हे जल गए। फैक्ट्री के प्लांट हेड अनिल शर्मा ने बताया कि कैंटर में ले जाए जा रहे चूल्हे दिल्ली से हैदराबाद जाने थे। आग लगने से फैक्ट्री को करीब आठ लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि कैंटर को किराए पर मिनी ट्रक यूनियन से भेजा गया था। घटना के संबंध में उन्होंने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। आग लगने का कारण कैंटर में शार्ट सर्किट माना जा रहा है।
विज्ञापन