स्वदेश दर्शन योजना के तहत बौराड़ी में छह माह पहले बनकर तैयार पार्किंग शोपीस बनी हुई है। पर्यटन विभाग पार्किंग के संचालन को लेकर अभी तक कोई निर्णय नहीं ले पाया है, जिससे करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई पार्किंग का आम जनता को अभी कोई लाभ नहीं मिल रहा है। लोगों को मजबूरन सड़क किनारे ही अपनी कार खड़ी करनी पड़ रही है।
बौराड़ी में बस अड्डे के समीप वर्ष 2015-16 में स्वदेश दर्शन योजना के तहत दो मंजिला पार्किंग स्वीकृत की गई थी। उसके कुछ समय बाद निर्माण कार्य शुरू करने के लिए तीन करोड़ 71 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने पर निर्माण कार्य शुरू किया गया था। बजट किस्तों में मिलने पर 46 कार पार्किंग की क्षमता वाले पार्किंग का निर्माण कार्य करीब छह माह पहले कार्य पूरा किया गया था, लेकिन पर्यटन विभाग अभी तक पार्किंग शुरू करने को लेकर कोई निर्णय नहीं ले पाया है। लोगों का कहना है कि पार्किंग का निर्माण कार्य जब पूरा हो गया है, तो पर्यटन विभाग को उसे शुरू कर देना चाहिए। इस बाबत पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी का कहना है कि बौराड़ी स्थित पार्किंग को पीपीपी में संचालित करने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए निदेशालय में निविदा प्रक्रिया शुरू की गई थी। लेकिन आचार संहिता लागू होने से अब चुनाव संपन्न होने के बाद ही निविदा जारी की जाएगी।