टिहरी: अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बोलेरो, चालक की मौत, पिता-पुत्र घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चिन्यालीसौड़ से देहरादून जा रही एक बोलेरो सुवाखोली-भवान-नगुण मोटर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें वाहन चालक की मौत हो गई है। जबकि वाहन में सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया है। दुर्घटना का कारण सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होना बताया जा रहा है।
शनिवार को एक बोलेरो चिन्यालीसौड़ से देहरादून जा रही थी। दोपहर करीब 1.30 बजे सुवाखोली-भवान-नगुण मोटर मार्ग पर क्यार्दा चल्ली के समीप वाहन अनियंत्रित होकर सीधे 150 मीटर नीचे खाई में जा गिरा।
दुर्घटना में वाहन चालक भोपाल सिंह नेगी (50) पुत्र हरि सिंह निवासी ग्राम खालसी गमरी पट्टी उत्तरकाशी की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में सवार जौनपुर ब्लॉक के मराड़ गांव निवासी राम सिंह महर (56) और उनका बेटा संदीप सिंह (14) घायल हो गए।
थानाध्यक्ष किशन लाल टम्टा और स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से बाहर निकाला और सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने दोनों घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोटर मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो रखे हैं, जिससे हादसा हुआ है।
इस बाबत लोनिवि थत्यूड़ के ईई रजनीश कुमार का कहना है कि मार्ग पर पैचवर्क पिछले माह ही पूरा किया गया है, जबकि पैरापिट और क्रॉस वैरीयर लगाने का प्रस्ताव शासनस्तर पर लंबित है।