Unlock 5.0 in Uttarakhand : केदारनाथ में 24 अक्तूबर तक ध्यान गुफा की बुकिंग हुई फुल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यात्रा के रफ्तार पकड़ते ही केदारनाथ स्थित ध्यान गुफा में ध्यान करने के लिए लोगों का उत्साह भी बढ़ने लगा है। प्रतिदिन योग साधक व ध्यान करने के लिए श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। यही वजह है कि यहां 24 अक्तूबर तक ध्यान गुफा की बुकिंग भी फुल हो चुकी है।
गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) की भी इससे अच्छी आमदानी हो रही है। इस यात्राकाल में ध्यान गुफा में अभी तक 11 श्रद्धालु ध्यान लगा चुके हैं। गुफा में एक दिन में एक ही साधक रह सकता है। कोरोना काल में 29 अप्रैल को शुरू हुई केदारनाथ यात्रा में इस वर्ष जुलाई के पहले सप्ताह में जीएमवीएन को ध्यान गुफा की पहली बुकिंग मिली थी।
देहरादून के यमन त्यागी ने यहां पूरी रात साधना की थी। इसके बाद तेज बरसात के चलते लगभग एक माह ध्यान गुफा को बंद किया गया था। जबकि सितंबर माह से यात्रा के गति पकड़ने के साथ शासन के निर्देश पर गढ़वाल मंडल विकास निगम द्वारा गुफा का संचालन पुन: शुरू किया गया। इस दौरान पूरे माह यहां चार श्रद्धालुओं ने ध्यान किया।
14 से 24 तक 11 बुकिंग
अब, अक्तूबर माह में बाबा के दर्शनों को धाम पहुंच रहे श्रद्धालु ध्यान गुफा में भी साधना के लिए पहुंच रहे हैं। बीते 05 अक्तूबर से यहां प्रतिदिन बुकिंग मिल रही हैं। निगम के कर्मचारियों के अनुसार 24 अक्तूबर तक यहां बुकिंग फुल हो चुकी हैं। इस यात्राकाल में पांच जुलाई को पहली बुकिंग मिली थी।
उसके बाद सितंबर माह में 04 बुकिंग मिली। इस माह बीते 08 अक्तूबर से 13 अक्तूबर तक 06 बुकिंग मिल चुकी हैं। जबकि 14 से 24 तक 11 बुकिंग मिल चुकी हैं। यहां एक दिन में एक ही यात्री ध्यान कर सकता है। ध्यान गुफा में एक रात्रि की बुकिंग 1680 रुपये तय की गई है।
बीते वर्ष 18/19 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी केदारनाथ भ्रमण के दौरान 17 घंटे तक ध्यान गुफा में साधना की थी, जिसके बाद इसे मोदी गुफा के नाम से भी जाना जाने लगा।
2019 में देश-विदेश के 95 श्रद्धालुओं ने यहां योग एवं ध्यान किया
यहीं नहीं, 2019 की केदारनाथ यात्रा में देश-विदेश के 95 श्रद्धालुओं ने यहां योग एवं ध्यान किया था। इस दौरान निगम को एक लाख से अधिक की आय हुई थी।
जुलाई 2018 में केदारनाथ में पुनर्निर्माण करने वाली कार्यदायी संस्था नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) द्वारा आठ लाख की लागत से मंदाकिनी नदी के दूसरे तरफ यह गुफा बनाई गई थी। इसके बाद शासन द्वारा यात्राकाल में गुफा के व्यावसायिक संचालन की जिम्मेदारी गढ़वाल मंडल विकास निगम को सौंपी गई थी।
इस यात्राकाल में अभी तक ध्यान गुफा 11 श्रद्धालु योग एवं ध्यान साधना कर चुके हैं। और अब 24 अक्तूबर तक भी हमारे पास गुफा की बुकिंग फुल है। दिल्ली, मुंबई, राजस्थान, एमपी से श्रद्धालु यहां ध्यान गुफा में ध्यान करने के लिए पहुंच रहे हैं। यात्रा बढ़ने से लोगों में उत्साह भी बढ़ रहा है। - प्रदीप रावत, प्रभारी प्रबंधक जीएमवीएन केदारनाथ