रुद्रप्रयाग। आदर्श राजकीय इंटर कालेज रुद्रप्रयाग के एनएसएस के 100 स्वयंसेवियों ने गुलाबराय मैदान में वृहद सफाई अभियान चलाया। इस मौके पर नई सोच, नई पहल संस्था द्वारा छात्र-छात्राओं को छाता और स्कूल बैग भेंट किए गए।
बृहस्पतिवार को कार्यक्रम प्रभारी शशि प्रसाद पुरोहित के नेतृत्व में स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने गुलाबराय मैदान की साफ-सफाई कर कूड़ा एकत्रित किया। इस मौके पर मौजूद शिक्षकों ने स्वयंसेवियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए आमजन को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाने को भी कहा। कार्यक्रम में नई दिल्ली की सामाजिक संस्था नई सोच, नई पहल के कार्यकर्ताओं द्वारा स्वयं सेवी बालिकाओं को स्कूली बैग व छाता भी भेंट किए गए। इस मौके पर प्रकाश पांडेय, बीएस जेठुड़ी, मोहम्मद यामीन सिद्दीकी आदि मौजूद थे।