लक्सर और मंगलौर कोतवाली पुलिस के सीमा विवाद के चलते सोलानी पुल के पास मिला महिला का शव एक घंटे तक नहीं उठ सका। सूचना पर पहुंचे लक्सर सीओ ने लक्सर पुलिस को शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद जाकर सीमा विवाद का मामला सुलझा।
बृहस्पतिवार सुबह लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सोलानी नदी पुल के पास सड़क किनारे एक महिला का शव देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। शव मिलने की सूचना लक्सर कोतवाली और लंढौरा पुलिस चौकी को दी गई। लक्सर और लंढौरा पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। इसके बाद दोनों कोतवाली की पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। लक्सर पुलिस मामला मंगलौर क्षेत्र का बताने लगी तो लंढौरा पुलिस लक्सर का क्षेत्र बताने लगी। सीमा विवाद में काफी देर तक पुलिस ने शव नहीं उठाया। करीब एक घंटे बाद सूचना मिलते ही लक्सर सीओ और कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान मौके पर पहुंचे। सीओ ने लक्सर पुलिस को शव की शिनाख्त कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने आसपास के लोगों से शिनाख्त कराई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पहचान के लिए रखवा दिया। कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष है। शव के पास से एक बैग मिला है, जिसमें कुछ दवाएं हैं। शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।