कोर्ट परिसर में सुनवाई के बाद पति ने पत्नी के साथ गाली-गलौज कर तीन तलाक दे दिया। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर पति पर तीन तलाक समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
भगवानपुर स्थित गांव शाहपुर निवासी एक महिला ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 30 जून 2018 को उसका निकाह शौकीन निवासी पीर वाली गली हरोड़ा, थाना गागलहेड़ी सहारनपुर के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद पति दहेज में कार और दो लाख की मांग करने लगा। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी।
24 मई 2020 को पति ने मारपीट कर बच्चों के साथ घर से बाहर निकाल दिया। बताया कि पारिवारिक हिंसा का मामला कोर्ट में चल रहा है। आरोप है कि 22 सितंबर को वह केस में सुनवाई के लिए आई थी। सुनवाई के बाद वह कोर्ट से बाहर पहुंची तो पति ने गाली गलौज कर तीन तलाक दे दिया। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर शौकीन के खिलाफ तीन तलाक समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।