{"_id":"ade76505a83aa6189cf86e2a3d809c12","slug":"the-wife-and-mother-filed-a-lawsuit-on-murder-of-businessman-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"व्यापारी की हत्या में पत्नी व सास पर मुकदमा दर्ज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
व्यापारी की हत्या में पत्नी व सास पर मुकदमा दर्ज
ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
Updated Wed, 20 Jan 2016 12:18 AM IST
विज्ञापन
रुड़की। कोटद्वार के व्यापारी की हत्या में पुलिस ने पत्नी और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं पोस्टमार्टम में मौत का कारण साफ न होने पर देहरादून पुलिस ने बिसरा जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी देहरादून पुलिस ने रुड़की पुलिस को भेजी है।
विज्ञापन
मूलरूप से कौड़िया कोटद्वार निवासी दीपक नेगी का देहरादून में हरिद्वार बाईपास पर कपड़े का कारोबार है। दीपक की शादी कुछ साल पहले रुड़की की अशोक नगर कॉलोनी में हुई थी। पति पत्नी में विवाद के चलते उनकी पत्नी बेटी को लेकर पिछले दिनों रुड़की आई थी। पत्नी बेटी से मिलने रुड़की पहुंचे दीपक नेगी की संदिग्ध परिस्थितियों में तबियत बिगडने पर शहर के एक अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखकर देहरादून रेफर कर दिया था। जहां उपचार के दौरान दीपक की मौत हो गई।
विज्ञापन
परिजनों ने पत्नी समेत ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर दी थी। मंगलवार को पुलिस ने दीपक नेगी की पत्नी सुमित्रा उर्फ सुनीता और सास हेमंती निवासी अशोक नगर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी गोविंद कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन