{"_id":"57055f1e4f1c1b6170c8112b","slug":"so-is-the-mother-of-the-daughter-flirting-manly","type":"story","status":"publish","title_hn":"बेटी से की छेड़खानी तो मां बनी मर्दानी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बेटी से की छेड़खानी तो मां बनी मर्दानी
ब्यूूराो/ अमर उजाला रुड़की
Updated Thu, 07 Apr 2016 12:40 AM IST
विज्ञापन
रुड़की। बेटी से छेड़छाड़ करने वाले मनचले को सबक सिखाने के लिए एक मां को उग्र रूप धारण करना पड़ा। छेड़खानी करने पर पहले आरोपी की बाइक में छात्रा की मां ने टक्कर मारी। फिर उसे जबरन पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का मामला मानते हुए पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
विज्ञापन
पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया कि सिविल लाइंस निवासी एक छात्रा का बाइक सवार मनचला काफी दिनों से स्कूल आने जाने के दौरान पीछा कर रहा था। शुरूआत में छात्रा ने उसकी हरकतों पर ध्यान नहीं दिया, मगर उसके हौसले बढ़ने पर छात्रा ने अपनी मां को पूरा मामला बताया। योजना के तहत बुधवार की सुबह छात्रा के पीछे पीछे उसकी मां भी स्कूटी से स्कूल की तरफ रवाना हुई।
विज्ञापन
जादूगर रोड पहुंचने पर आरोपी ने रोजाना की तरह छात्रा से छेड़छाड़ शुरू कर दी। यह देखकर मां का खून खौल उठा और उसने गुस्से में अपनी स्कूटी से मनचले की बाइक पर पीछे से टक्कर मारी। नीचे गिरने पर मां ने उसकी धुनाई शुरू कर दी। छेड़छाड़ की जानकारी मिलने पर राहगीरों ने भी हाथ साफ किया। इसके बाद महिला खुद ही मनचले को कोतवाली लेकर आई।
विज्ञापन
तहरीर के आधार पर आरोपी प्रशांत नंद कुमार निवासी सोलापुर महाराष्ट्र, हाल निवासी सिविल लाइंस के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी योगेन्द्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
फूट फूटकर रोई पत्नी
छात्रा से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला है और यहां 20 हजार रुपये तनख्वाह पर एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार होने की जानकारी मिलने पर पत्नी भी कोतवाली पहुंच गई। बातचीत में पति ने अपना जुर्म कुबूल करते हुए ये सफाई भी दी कि वह नशे में बहक गया था। पति की करतूत और जेल जाने पर पत्नी फूट फूटकर रोई।