पंचायत चुनाव में पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की करने के मामले में पुलिस ने चार नामजद और 12 अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सोमवार रात करीब नौ बजे सेक्टर मजिस्ट्रेट कविता पाठक के साथ सुल्तानपुर चौकी प्रभारी मनोज नौटियाल निहंदपुर सुठारी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी दिलशाना का देवर फैजान अपने साथी ओमपाल, नीटू और आबिद व 12 अन्य लोग मतदान केंद्र के बाहर हंगामा करने लगे। साथ ही जबरन मतदान केंद्र के अंदर घुसने का प्रयास करने लगे।
पुलिसकर्मियों ने रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने हाथापाई कर दी और जबरन मतदान केंद्र में घुसने का प्रयास करने लगे। इस बीच चौकी प्रभारी ने अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंचा। पुलिस के पहुंचने से पहले हाथापाई करने वाले फरार हो गए। मामले में चौकी प्रभारी की ओर से तहरीर दी गई। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर फैजान, ओमपाल, नीटू, आबिद और 12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।