मंगलौर। आम के बाग में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। पुलिस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है। साथ ही मृतक के शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
शुक्रवार सुबह कस्बे के राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कपूर पेट्रोल पंप के पीछे आम के बाग के पास से कुछ लोग गुजर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ देखा। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा। पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराई, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। इसके बाद पुलिस ने मृतक के कपड़ों की तलाशी ली, जिसमें एक ड्राइविंग लाइसेंस मिला। उसमें नाम प्रमोद कुमार पुत्र गुलाब कुमार निवासी लक्ष्मी पार्क, थाना नागलोई दिल्ली लिखा था। पुलिस ने दिल्ली पुलिस से संपर्क कर ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर मामले की जानकारी ली, लेकिन फिर भी शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल में भेज दिया। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतक की जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।