ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर। आबकारी विभाग की टीम ने डेरा कलाल गांव में छापेमारी कर कच्ची शराब की भट्ठी पकड़ी। साथ ही 20 लीटर कच्ची शराब भी बरामद की है। जबकि मौके पर मिले करीब चार हजार लीटर लाहन को नष्ट किया गया।
आबकारी टीम ने बुधवार को लक्सर कोतवाली क्षेत्र के डेरा कलाल गांव के जंगल में छापा मारा। टीम को देखते ही कच्ची शराब की भट्ठी चला रहे कई शराब माफिया मौके से फरार हो गए। आबकारी इंस्पेक्टर शिवप्रसाद व्यास ने बताया कि डेरा कलाल के जंगल से मिली कच्ची शराब की भट्ठी को नष्ट कर दिया गया है। जबकि वहां से 20 लीटर कच्ची शराब भी बरामद की है। वहीं, मौके पर मिले करीब चार हजार लीटर लाहन को नष्ट कर दिया गया और शराब बनाने के उपकरणों को कब्जे में लिया। टीम में लक्सर आबकारी इंस्पेक्टर शिवप्रसाद व्यास के अलावा आनंद सिंह, अनिरूद शर्मा, अमित, शिवराज आदि शामिल रहे।