रुड़की। एक ट्रक के सामने अचानक भैंसा बुग्गी आ गई, जिससे बुग्गी हाईवे किनारे पलट गई। इससे नाराज ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। आरोप है कि ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ करने की भी कोशिश की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को बचाया। साथ ही उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे काशीपुर से एक ट्रक शराब लेकर रुड़की की तरफ आ रहा था। जैसे ही ट्रक हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर शंकरपुरी गांव के सामने पहुंचा तो अचानक सामने एक भैंसा बुग्गी आ गई। चालक तब तक ब्रेक लगाता ट्रक ने बुग्गी को टक्कर मार दी। इससे बुग्गी हाईवे किनारे जा पलटी और भैंसा घायल हो गए। हादसा होता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रक चालक को नीचे उतार लिया। आरोप है कि ग्रामीणों चालक को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ करने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को बचाया। साथ ही चालक को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि चालक दुर्गेश निवासी जौनपुर (यूपी) की ओर से तहरीर मिली है। फिलहाल बुग्गी चालक को हिरासत में लिया गया है। मारपीट करने वाले ग्रामीणों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।